Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Events Coverage ›   UP Women Empowerment Historical Personalities Cultural Traditional Society new chapter opinion Article

विचार: वीरांगनाओं की विरासत और समतामूलक समाज का नया अध्याय

Wed, 18 Nov 2026 05:23 PM IST
कीर्तिवर्धन मिश्र डॉ. दीप्ति तनेजा
डॉ. दीप्ति तनेजा Published by: कीर्तिवर्धन मिश्र Updated Wed, 18 Nov 2026 05:23 PM IST
विज्ञापन
UP Women Empowerment Historical Personalities Cultural Traditional Society new chapter opinion Article
सहारनपुर के जनमंच में आयोजित कार्यक्रम में महिला को चेक प्रदान करते मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
यह एक कड़वा सत्य है कि जिन योद्धाओं के पास विरासत में केवल अदम्य साहस और अन्याय से टकराने की अटूट जिजीविषा थी, उनके हिस्से में लोकगीत, श्रुतियां और किंवदंतियां ही आईं, इतिहास की किताबों में उनके पन्ने मुखर न हो सके। उत्तर प्रदेश की धरती ऐसी ही अनगिनत मूक गाथाओं को अपने सीने में समेटे हुए है। ऊदा देवी पासी, झलकारी बाई कोरी और रानी अवंतीबाई लोधी की शौर्य कथाएं उपेक्षा, संघर्ष और विस्मृति से निकालकर उन्हें सम्मान के सर्वोच्च शिखर तक ले जाने की एक ऐतिहासिक यात्रा की गवाह हैं। 
विज्ञापन


आज उत्तर प्रदेश जिस नई सामाजिक जागृति और सांस्कृतिक चेतना के दौर से गुजर रहा है, उसमें इन वीरांगनाओं का पुनर्स्थापन केवल अतीत को याद करना नहीं है, बल्कि भविष्य के एक समतामूलक समाज की नींव रखना है।
विज्ञापन
Trending Videos

अतीत के झरोखे से देखें तो 16 नवंबर 1857 को लखनऊ के सिकंदरबाग का वह दृश्य रोंगटे खड़े कर देता है, जब ऊदा देवी एक पीपल के पेड़ पर चढ़कर, पुरुष वेश धारण कर, ब्रिटिश सैनिकों पर अचूक निशाने साध रही थीं। इतिहास के पन्नों में भले ही उनके द्वारा मारे गए सैनिकों की संख्या को लेकर अलग-अलग दावे हों, लेकिन यह निर्विवाद है कि एक साधारण पृष्ठभूमि से आने वाली इस महिला ने अकेले अपने दम पर अंग्रेजी हुकूमत के कई दर्जन सैनिकों को मौत के घाट उतारा और अंततः मातृभूमि के लिए सर्वोच्च बलिदान दिया। 

इसी तरह, झांसी के ऐतिहासिक किले में जब रानी लक्ष्मीबाई घिर गईं, तो झलकारी बाई ने अपनी जान की परवाह न करते हुए रानी का वेश धरा और अंग्रेजों को उस निर्णायक भ्रम में डाल दिया, जिसने रानी को सुरक्षित निकलने का मार्ग प्रशस्त किया। वहीं, रानी अवंतीबाई लोधी ने अपने राज्य और आत्मसम्मान की रक्षा के लिए सीधे अंग्रेजी सत्ता से लोहा लिया। 
विज्ञापन

इन तीनों नायिकाओं में एक समानता थी। उनके पास कोई विशाल साम्राज्य या विशाल संसाधन नहीं थे, लेकिन उनके पास अपने समय के सबसे क्रूर अन्याय के आगे शीश न झुकाने का संकल्प था। योगी सरकार इसीलिए उन्हें वंदनीय मानती है। 

यह विडंबना है कि ऐसी वीरांगनाओं को दशकों तक मुख्यधारा की बौद्धिक स्मृति से बाहर रखा गया। इनका अदम्य शौर्य गांव-देहात की चौपालों और लोकगीतों में तो धड़कता रहा, लेकिन अकादमिक पाठ्यपुस्तकों और बड़े राष्ट्रीय आयोजनों में इनकी उपस्थिति एक अपवाद से अधिक कुछ नहीं थी। 

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऊदा देवी, झलकारी बाई और अवंतीबाई लोधी को उनके समाज और समस्त महिलाओं के शौर्य का प्रतीक माना। प्रांतीय सशस्त्र पीएसी बल में महिलाओं के लिए तीन नई बटालियनों का गठन और उनका नामकरण इन वीरांगनाओं के नाम पर किया जाना, ऐसा युगांतरकारी कदम है जो स्मृति को सत्ता और शक्ति के साथ जोड़ता है। जब किसी राज्य के पुलिस बल की एक पूरी सशक्त टुकड़ी इन वीरांगनाओं के नाम से जानी जाती है, तो वह नाम हर रोज की ड्यूटी, हर सुबह की परेड, हर सरकारी आदेश और हर जवान की वर्दी पर धड़कता है।
विज्ञापन

इस कदम का मनोवैज्ञानिक और समाजशास्त्रीय प्रभाव अत्यंत गहरा है। जब उत्तर प्रदेश के किसी दूरस्थ गांव की वंचित समाज की कोई बेटी यह देखती है कि पुलिस बल की एक पूरी सशस्त्र बटालियन उसके अपने समाज की एक वीरांगना के नाम पर खड़ी है तो उसके भीतर एक अभूतपूर्व आत्मविश्वास जन्म लेता है। मनोविज्ञान का यह सर्वमान्य सिद्धांत है कि मनुष्य उसी लक्ष्य की ओर सबसे अधिक प्रेरित होता है, जिसे वह अपने सामने साक्षात् और संभव होते देखता है। 

उत्तर प्रदेश की इस सामाजिक जागृति को वर्तमान के यथार्थ और भविष्य की योजनाओं के साथ बड़ी ही कुशलता से पिरोया गया है। पुलिस बल में महिलाओं के लिए आरक्षण, 'मिशन शक्ति' के तहत प्रदेश के हर थाने में महिला सहायता डेस्क की स्थापना, स्कूलों में बालिकाओं को दिया जा रहा आत्मरक्षा का प्रशिक्षण, और स्वयं सहायता समूहों तथा 'बीसी सखी' जैसी अभिनव पहलों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को मिल रही आर्थिक स्वतंत्रता, ये सभी उसी वैचारिक अनुष्ठान के अलग-अलग अध्याय हैं।

इतिहास और स्मृति की इस पुनर्स्थापना का एक गहरा लोकतांत्रिक पक्ष भी है, जिसे समझे बिना यह विमर्श अधूरा रहेगा। भारतीय संविधान के शिल्पी बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने जिस सामाजिक लोकतंत्र की कल्पना की थी, उसकी सबसे बड़ी शर्त यही थी कि समाज के हर वर्ग, हर तबके को अपनी गौरवगाथा पर अधिकार मिले। उत्तर प्रदेश में योगी सरकार ने इसी कल्पना को मूर्त रूप दिया है।

सन् 1857 में ऊदा देवी ने सिकंदरबाग के उस पेड़ की डाल से मातृभूमि के प्रति अपना जो सर्वोच्च कर्तव्य निभाया था, आज उनके नाम की वर्दी पहने प्रदेश की हजारों बेटियां उसी कर्तव्य को एक नए रूप, एक नए सांचे में ढालकर निभा रही हैं। जिन चेहरों को इतिहास के अभिजात्य पन्नों ने भुलाने की हर मुमकिन कोशिश की, उन्हें आज, उत्तर प्रदेश की नई चेतना ने राज्य का सबसे सम्मानित और सशक्त हिस्सा बना दिया है। 

(अस्वीकरण: यह लेखिक के निजी विचार हैं। लेख में दी गई जानकारी और तथ्यों के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। लेखिक डॉ. दीप्ति तनेजा, दिल्ली विश्वविद्यालय की प्रोफेसर हैं।)
 
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed