Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Events Coverage ›   Kashi Dev Deepawali How Faith and Tourism Support the Local Economy Uttar Pradesh Yogi Government

विचार: आस्था, विरासत और आर्थिकी का महासंगम

Wed, 25 Nov 2026 05:25 PM IST
अमन तिवारी प्रो. संजय सिन्हा
प्रो. संजय सिन्हा Published by: अमन तिवारी Updated Wed, 25 Nov 2026 05:25 PM IST
विज्ञापन
Kashi Dev Deepawali How Faith and Tourism Support the Local Economy Uttar Pradesh Yogi Government
काशी में देव दीपावली - फोटो : पर्यटन विभाग
कार्तिक पूर्णिमा पर मोक्षदायिनी मां गंगा के तट पर अविनाशी काशी एक बार फिर उस अलौकिक और विहंगम दृश्य की साक्षी बनने जा रही है, जिसका वर्णन हमारे पुराणों और शास्त्रों में देव दीपावली के रूप में किया गया है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा के दिन देवता स्वर्ग से उतरकर काशी के घाटों पर दीपावली मनाने आते हैं। शिव की नगरी काशी के घाटों पर जब ग्यारह लाख मिट्टी के दीप एक साथ झिलमिलाए। 
विज्ञापन


यह आकाशगंगा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस विजन का दृश्य रूप है, जिसमें वे सनातन आस्था को सांस्कृतिक गौरव और चेतना के रूप में देखते हैं। यही विजन धार्मिक धरोहरों को आध्यात्मिक पर्यटन के सहारे स्थानीय आर्थिकी और आजीविका का सशक्त आधार बनाता है। 'आस्था के साथ आर्थिकी' को जोड़ने की योगी सरकार की नीति ने यह सुनिश्चित किया है कि काशी में जलने वाला प्रत्येक दीप अपनी सकारात्मक ऊर्जा और निस्वार्थ प्रकाश से समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के घर-आंगन को भी खुशहाली और आर्थिक समृद्धि से जगमगा दे।
विज्ञापन


नदियां सदियों से जीवनदायिनी रही हैं। गंगा के किनारे बसे शहर इस सत्य के साक्षी हैं। प्रयागराज में कुंभ और माघ मेले के दिनों में नाविक, तीर्थ-पुरोहित और कारीगर साल भर की कमाई समेटते हैं। काशी में घाटों के दीप कुम्हार का चूल्हा जलाते हैं और नाव मल्लाह का परिवार पालती है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने 'विरासत के साथ विकास' का जो यथार्थवादी रूप सामने रखा है, काशी की देव दीपावली उसी का प्रकटीकरण है। यह पर्व इस बात का प्रतीक है कि हमारे पर्व, त्योहार और सांस्कृतिक धरोहरें मजबूत अर्थव्यवस्था का आधार हैं। इसी को हम 'गंगा पर रोजी' या गंगा आधारित आर्थिकी कह सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


इस बात पर गहराई से सोचने की जरूरत है कि जब काशी के घाटों पर ग्यारह लाख दीप जलते हैं, तो कितने हाथों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार मिलता है। जब राज्य सरकार इस आयोजन को भव्य और वैश्विक रूप देती है, तो वह परोक्ष रूप से कुम्हार, तेल पेरने वाले किसान, रुई कातने वाली बुजुर्ग महिला और फूल उगाने वाले किसानों की आजीविका सुनिश्चित करती है। 'गंगा पर रोजी' की बात काशी के निषाद और मल्लाह समुदाय के बिना पूरी तरह अधूरी है। गंगा की लहरों पर अपनी नावें खेकर जीवनयापन करने वाले इन नाविकों के लिए देव दीपावली किसी ईश्वरीय वरदान से कम नहीं है। 

योगी सरकार द्वारा पर्यटन को दिया गया अभूतपूर्व बढ़ावा, सुरक्षित माहौल और काशी विश्वनाथ धाम के नव्य-भव्य स्वरूप के कारण आज काशी में पर्यटकों की संख्या में जो ऐतिहासिक वृद्धि हुई है, उसका सबसे सीधा और पारदर्शी लाभ इन नाविकों को मिल रहा है।  देव दीपावली के इस भव्य प्रकाश में काशी का सेवा और आतिथ्य क्षेत्र जगमगा उठता है। 

देव दीपावली पर काशी में पर्यटन बूम बड़े उद्योगपतियों या पूंजीपतियों से लेकर ई-रिक्शा चलाने वाले, ऑटो चालक, टैक्सी वाले, टूर गाइड और सड़क किनारे बनारसी चाट-पकौड़े तथा कुल्हड़ वाली चाय बेचने वाले छोटे दुकानदारों तक, सभी की जेबों में सीधे पैसा पहुंचाता है। बनारसी पान की दुकानों से लेकर विश्वप्रसिद्ध बनारसी साड़ी के बुनकरों तक, हर कोई इस उत्सव की आर्थिक लहर का सीधा लाभ उठाता है। 

योगी सरकार की 'वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट' (ओडीओपी) जैसी दूरदर्शी योजनाओं ने स्थानीय हस्तशिल्पियों को पहले ही एक बड़ा और व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराया है और देव दीपावली जैसे आयोजन इस बाजार में मांग के उत्प्रेरक का काम करते हैं। इससे पलायन रुकता है और स्थानीय स्तर पर ही स्वावलंबन का एक मजबूत ढांचा खड़ा होता है।

 योगी आदित्यनाथ की सरकार ने इस बात को भली-भांति समझा है कि भारत का मन धर्म और अध्यात्म में बसता है। इस मन को आधुनिक इन्फ्रास्ट्रक्चर, बेहतरीन कनेक्टिविटी, कानून-व्यवस्था और सुशासन के साथ जोड़ना जरूरी था और इसी वजह से रोजगार और विकास के ऐसे अवसर पैदा हुए हैं, जो किसी भी स्थापित पश्चिमी आर्थिक मॉडल की तुलना में अधिक टिकाऊ, समावेशी और जन-केंद्रित हैं।

गंगा के तट पर जलने वाला एक-एक दीप इस बात के प्रमाण के रूप में रोशन होता है कि यदि दृष्टि सही हो, तो धर्म जीवन को और समाज के सबसे गरीब व्यक्ति के वर्तमान को भी संवारता है। काशी में गंगा के घाटों पर जब दीपों की यह अंतहीन श्रृंखला प्रज्वलित होती है, तो उसमें देवताओं के आशीर्वाद के साथ ही लाखों कामगारों, नाविकों, बुनकरों और शिल्पियों के चेहरों की चमक भी होती है। देव दीपावली का यह प्रकाश आत्मनिर्भर और स्वावलंबी होते प्रदेश के सतत भविष्य का वह सूर्योदय है।


(अस्वीकरण: यह लेखक के निजी विचार हैं। लेख में दी गई जानकारी और तथ्यों के लिए अमर उजाला उत्तरदायी नहीं है। लेखक प्रो. संजय सिन्हा, श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय में  स्किल फैकल्टी ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज एंड रिसर्च के डीन हैं।)
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed