Mukul Dev Death: मुकुल देव के परिवार में कौन-कौन? पत्नी-बेटी को छोड़ गए अकेला, इंडस्ट्री में भी शोक की लहर
Mukul Dev: ‘सन ऑफ सरदार’, ‘जय हो’ और ‘आर राजकुमार’ जैसी बड़ी फिल्मों में काम कर चुके एक्टर मुकुल देव का 54 साल की उम्र में निधन हो गया। उनके निधन से इंडस्ट्री को गहरा सदमा पहुंचा है।
विस्तार
अभिनेता मुकुल देव के निधन से बॉलीवुड और टीवी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। उनके निधन की वजह सामने नहीं आई है। शाम 5 बजे उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। बतौर एक्टर टीवी सीरियल ‘मुमकिन’ से अपने करियर की शुरुआत करने वाले मुकुल देव ने ‘सन ऑफ सरदार’ जैसी फिल्मों में अपने शानदार अभिनय से पहचान बनाई। उन्होंने हिंदी, पंजाबी और दक्षिण भारतीय फिल्मों के साथ-साथ छोटे पर्दे पर भी लंबा सफर तय किया। चलिए जानते हैं उनके परिवार के बारे में।
पर्सनल लाइफ को रखा लाइमलाइट से दूर
जहां उनके ऑन-स्क्रीन किरदार मुखर और प्रभावी थे, वहीं वास्तविक जीवन में मुकुल देव बेहद निजी और शांत स्वभाव के व्यक्ति माने जाते थे। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो पत्नी शिल्पा देव सालों पहले उनसे अलग हो गई थीं और वो मुंबई में अकेले ही रहते थे।
उनकी एक बेटी है जिसका नाम सिया है। उसकी उम्र 21 साल बताई जा रही है। हरी देव कौशल दिल्ली पुलिस में कमिश्नर रह चुके थे और उनके बड़े भाई राहुल देव भी एक चर्चित अभिनेता हैं। उनके भाई राहुल देव ने सुपारी, रात अकेली है और बर्दाश्त जैसी फिल्मों में काम किया है।
आखिरी समय में अकेलेपन से जूझ रहे थे मुकुल?
मुकुल के करीबी दोस्त और को-एक्टर विंदू दारा सिंह ने इंडिया टुडे के साथ बातचीत में बताया है कि माता-पिता के निधन के बाद मुकुल ने खुद को लोगों से दूर कर लिया था। वो सामाजिक संपर्क से कटते जा रहे थे और हाल के दिनों में उनकी तबीयत भी लगातार बिगड़ रही थी। हालांकि उनकी मौत की सटीक वजह सामने नहीं आई है।
ये खबर भी पढ़ें: Mukul Dev Death: कौन थे मुकुल देव? जिन्होंने सलमान खान-अजय देवगन के साथ किया काम, 54 की उम्र में कह गए अलविदा
फिल्मों और टेलीविजन का चमकता सितारा
मुकुल देव ने ‘वजूद’, ‘कोहराम’, ‘शूटआउट एट लोकंडवाला’, ‘अपना सपना मनी मनी’ और ‘जय हो’ जैसी फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं। टेलीविजन पर भी उन्होंने ‘मुमकिन’ जैसे टीवी शो से धारावाहिक से पहचान बनाई।