Jhalak Dikhhla Jaa 10: 'कुंडली भाग्य' फेम धीरज धूपर ने बीच में ही छोड़ा ‘झलक दिखला जा’, सामने आई बड़ी वजह
धीरज धूपर ने तीन हफ्ते बाद ही 'झलक दिखला जा 10' को बीच में ही छोड़ दिया है। धीरज न तो चौथे एपिसोड की शूटिंग के लिए नहीं पहुंचे और न ही वह प्रैक्टिस कर रहे थे।
विस्तार
डांसिंग रियलिटी शो 'झलक दिखला जा' पांच साल बाद छोटे पर्दे पर वापसी कर चुका है। यह शो का दसवां सीजन है, जिसमें एक से बढ़कर एक सितारों ने हिस्सा लिया है। वहीं, अब खबर है कि 'कुंडली भाग्य' फेम धीरज धूपर ने तीन हफ्ते बाद ही शो को अलविदा कह दिया है। ऐसे में धीरज के शो से बाहर होने पर उनके फैंस भी निराश हो गए हैं। किसी को समझ नहीं आ रहा है कि अभिनेता ने अचानक शो को बीच में क्यों छोड़ दिया।
नहीं कर पा रहे दो शो की शूटिंग
मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो धीरज धूपर 'झलक दिखला जा 10' के चौथे एपिसोड की शूटिंग के लिए नहीं पहुंचे और न ही वह प्रैक्टिस कर रहे थे। वीडियो मैसेज के जरिए उन्होंने टीम को अपनी हेल्थ के बारे में बताया। वहीं, यह भी कहा जा रहा है कि धीरज एक साथ 'झलक दिखला जा' और 'शेरदिल शेरगिल' की शूटिंग नहीं कर पा रहे थे। हालांकि इस बारे में धीरज और शो के मेकर्स की ओर से कोई ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी नहीं किया गया है।
बेड रेस्ट पर हैं धीरज
रिपोर्ट की मानें तो धीरज धूपर दोनों शो की शूटिंग करने के बाद अपने परिवार को समय नहीं दे पा रहे थे। वह अपनी पत्नी और बेटे के साथ समय बिताना चाहते हैं। वहीं, उनकी हेल्थ भी ठीक नहीं हैं। बीते हफ्ते परफॉर्मेंस के दौरान उनको चोट लग गई थी। इसी वजह से वह अभी बेड रेस्ट पर हैं। बता दें कि 'झलक दिखला जा' के इस सीजन को करण जौहर, माधुरी दीक्षित और नोरा फतेही जज कर रहे हैं। साथ ही मनीष पॉल शो को होस्ट कर रहे हैं। शो में पहला एलिमिनेशन अली असगर का हो चुका है और हाल ही में एथलीट दुती चंद वाइल्ड कार्ड एंट्री कर रही हैं।