Balika Vadhu S2: आनंदी और जग्या को याद आए बरसों पुराने बीते दिन, ‘बालिका वधू’ के लिए कही ये खास बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
13 साल पहले पहली बार प्रसारित हुए चर्चित धारावाहिक ‘बालिका वधू’ का दूसरा सीजन जल्द ही शुरू होने वाला है। इस मौके पर इस शो के पहले सीजन के कलाकार भी बेहद उत्साहित हैं और पुराने दिनों को याद कर रहे हैं। एक दशक पहले धारावाहिक ‘बालिका वधू’ का पहला सीजन जब प्रसारित हुआ था तो इसने छोटे परदे पर कहानी कहने की दिशा बदलने की कोशिश की थी। मुंबई में बने आलीशान सेट्स से बाहर निकली कहानी लोगों को पसंद भी काफी आया था। धारावाहिक ‘बालिका वधू’ देश में बाल विवाह की समस्या पर आधारित था और इसने टीआरपी में तमाम दूसरे धारावाहिकों को पीछे छोड़ दिया था। इस धारावाहिक को प्रसारित करने वाले चैनल कलर्स को अपने इस सबसे हिट धारावाहिक की याद उस समय आई है जब ये नंबर वन चैनल बनने के लिए तमाम तरह के जतन कर रहा है। धारावाहिक ‘बालिका वधू’ के पहले सीजन के सभी कलाकार घर-घर में मशहूर हुए थे। उन्हीं पुराने दिनों को याद करते हुए पहले सीजन के कलाकारों अविका गौर, शशांक व्यास और सिद्धार्थ शुक्ला अपने अनुभव साझा कर रहे हैं और धारावाहिक ‘बालिका वधू’ के दूसरे सीजन के कलाकारों को बधाई भी दे रहे हैं।
सिद्धार्थ शुक्ला ने धारावाहिक ‘बालिका वधू’ के पहले सीजन में शिव का किरदार निभाया था। वह कहते हैं, ' धारावाहिक ‘बालिका वधू’ ने मेरी जिंदगी में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और मेरे करियर में इसका बहुत ही अहम योगदान रहा है। मुझे इस शो में काम करने और टेलीविजन इंडस्ट्री के सर्वश्रेष्ठ लोगों से सीखने का मौका मिला। इस शो की निश्चित रूप से मेरे दिल में एक खास जगह है। धारावाहिक ‘बालिका वधू’ के साथ हमने इतिहास रचा और नए सीजन की खबर सुनकर मैं बहुत उत्साहित हूं। बाल विवाह एक सामाजिक बुराई है और दुर्भाग्य से यह आज भी मौजूद है। हम सभी को लगातार ये लड़ाई लड़ने की जरूरत है। धारावाहिक ‘बालिका वधू’ सीजन 2 के सभी कलाकारों को मैं बधाई और शुभकामनाएं देना चाहता हूं क्योंकि वे एक नया दमदार सफर शुरू करने जा रहे हैं।"
धारावाहिक ‘बालिका वधू’ के पहले सीजन में छोटी आनंदी बनीं अविका गौर बीते दिनों की याद करते हुए कहती हैं, ' धारावाहिक ‘बालिका वधू’ मेरे लिये हमेशा ही एक स्पेशल शो रहेगा क्योंकि इस शो ने न सिर्फ मुझे एक बेहद खूबसूरत किरदार को पर्दे पर निभाने का मौका दिया बल्कि मुझे लाखों प्रशंसक भी दिए। मेरे लिए यह सिर्फ एक शो नहीं है, बल्कि एक इमोशन है, जिसे मैंने सालों तक जिया है। धारावाहिक ‘बालिका वधू’ मेरी जिंदगी में एक मील का पत्थर रहा है और मुझे पूरा भरोसा है कि इस शो का दूसरा सीजन भी लोगों का दिल जीतेगा। आनंदी का मेरा किरदार दर्शकों का सबसे पसंदीदा किरदार था और हमारी नई आनंदी भी वैसी ही मासूम है।''
धारावाहिक ‘बालिका वधू’ के पहले सीजन में जग्या की भूमिका निभाने वाले शशांक व्यास कहते हैं, '' इस शो से मुझे बहुत कुछ सीखने को मिला। आज भी जब मैं इस शो का टाइटल ट्रैक सुनता हूं, तो मुझे पुराने दिन याद आ जाते हैं। मैं खुद को बहुत खुशकिस्मत मानता हूं कि मुझे इतने बेहतरीन और दिग्गज कलाकारों के साथ काम करने का मौका मिला। मुझे जब पता चला कि धारावाहिक ‘बालिका वधू’ का दूसरा सीजन आ रहा है, तो मैं बहुत खुश हुआ और उस वर्त को याद करने लगा जो इस शो के दौरान मैंने बिताए थे। मुझे उम्मीद है कि सीजन 1 ने अपना जो जादू चलाया था, वही जादू एक बार दोहराया जाएगा।''