Sunanda Sharma: बीच कॉन्सर्ट में सुनंदा को छूने स्टेज पर चढ़ा फैन, घबराईं सिंगर ने चिल्लाकर छोड़ी परफॉर्मेंस
Chaos at Sunanda Sharma Live Show: मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा के लाइव शो के दौरान एक चौंकाने वाली घटना घटी। इसके बाद पंजाबी सिंगर ने बीच में ही अपनी परफॉर्मेंस रोक स्टेज से उतर आईं। घटना ऐसी थी कि डर से सिंगर की चीख निकल गई।
विस्तार
सिंगर्स-एक्टर्स के आयोजनों में फैंस बड़ी संख्या में उमड़ते हैं। मगर, कई बार उनकी दीवानगी ऐसी हो जाती है कि आयोजकों से लेकर खुद सेलेब्स के लिए मुसीबत बन जाती है। कुछ ऐसा ही हाल ही में पंजाबी सिंगर सुनंदा शर्मा के कॉन्सर्ट में हुआ। गाजियाबाद में आयोजित लाइव परफॉर्मेंस के दौरान एक फैन ने शर्मनाक हरकत कर डाली। कथित तौर पर सुनंदा शर्मा के एक फैन ने उनकी परफॉर्मेंस के बीच में स्टेज पर छलांग लगा दी और फिर सिंगर को छूने की कोशिश करने लगा। यह सब देख सुनंदा काफी डर गईं। उन्होंने बीच में शो छोड़ स्टेज से उतरना सही समझा।
शो बीच में छोड़ स्टेज से उतरीं सुनंदा
मशहूर सिंगर सुनंदा शर्मा का कॉन्सर्ट बीती रात RKGIT कॉलेज में चल रहा था। वे स्टेज पर परफॉर्म कर रही थीं। फैंस भी उनके संगीत का लुत्फ उठा रहे थे। तभी अचानक, एक फैन अचानक स्टेज पर चढ़ गया। वह सिंगर के पैरों में गिर पड़ा और छूने की कोशिश करने लगा। यह देख सुनंदा की चीख निकल गई और वे परफॉर्मेंस बीच में रोककर बैकस्टेज चली गईं।
The energy at RKGIT shifted in a heartbeat today. 📉
— Girija (@Girijaa_oak) April 4, 2026
A fan rushed the stage, leaving Sunanda Sharma visibly shaken.
She chose her safety and walked off—as she should. 🛡️ pic.twitter.com/1rq2vHRJ1Y
सिंगर की चीख सुन मची अफरा-तफरी
शो के दौरान माइक्रोफोन चालू था। सिंगर की चीख साफ सुनाई दी। इसके बाद दर्शकों में अफरा-तफरी मच गई। शख्स करीब दो मिनट तक स्टेज पर रहा और अपनी बाहें फैलाकर शाहरुख खान के सिग्नेचर स्टाइल में पोज देकर वहां मौजूद भीड़ की तरफ देखने लगा। इस बीच सुरक्षाकर्मी आए और शख्स से स्टेज से नीचे उतारा गया। बाउंसरों ने भी बीच-बचाव किया और शख्स को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस हिरासत में शख्स
गाजियाबाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ शुरू कर दी है। खबरों के मुताबिक, वह उसी कॉलेज का छात्र है। इस घटना के बाद सुनंदा शर्मा इतनी डर गईं कि वे मंच पर वापस नहीं लौट पाईं। दर्शकों के बार-बार अनुरोध करने के बावजूद उनकी टीम ने शो को बीच में ही रद्द करने का फैसला किया।
रांची में भी हुई थी कुछ ऐसी ही घटना
बता दें कि यह पहली बार नहीं, जब सुनंदा के शो में इस तरह की हरकत हुई हो। इससे पहले भी उन्हें ऐसी शर्मनाक स्थिति से गुजरना पड़ा था। कुछ दिनों पहले झारखंड के रांची में एक कॉलेज फेस्ट में सुनंदा शर्मा का शो विवादों में घिर गया था। शो के बीच में ही उन्होंने दर्शकों में से एक शख्स को सबके सामने लताड़ लगाई। शख्स स्टेज पर उनकी परफॉर्मेंस के दौरान उनके प्रति अश्लील इशारे कर रहा था। इसके बाद सुनंदा ने भीड़ के सामने उसे फटकार लगाई थी। भीड़ की मौजूदगी में सुनंदा ने उस शख्स को टोकते हुए कहा था, 'ये जो तू इशारे कर रहा है ना, तेरे को ही कह रही हूं, अभी तो छोड़ रही हूं, क्योंकि शो बहुत अच्छा चल रहा है'। इसके बाद तमाम दर्शकों ने भी सुनंदा का समर्थन किया था।