Waves 2025: शेखर कपूर के रसोइए ने ChatGPT की मदद से लिखी 'मिस्टर इंडिया 2' की स्क्रिप्ट, निर्देशक का खुलासा
Waves Summit 2025: गुरुवार 01 मई को पहले विश्व ऑडियो विजुअल एवं मनोरंजन शिखर सम्मेलन (वेव्स) का आगाज मुंबई में हो चुका है। इस चार दिवसीय समिट का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। निर्माता-निर्देशक शेखर कपूर यहां एआई और तकनीक पर बात करते दिखे।
विस्तार
वर्ल्ड ऑडियो विजुअल एंड एंटरटेनमेंट समिट (WAVES) के पहले दिन गुरुवार को देश-दुनिया की दिग्गज हस्तियां शामिल हुईं। मनोरंजन जगत के भी नामी सितारे शामिल हुए। शाहरुख खान, चिरंजीवी, नागार्जुन, अल्लू अर्जुन, दीपिका पादुकोण के अलावा निर्माता-निर्देशक शेखर कपूर भी यहां पहुंचे। इस दौरान शेखर कपूर ने दिलचस्प खुलासा करते हुए बताया कि उनके एक रसोइए ने फिल्म 'मिस्टर इंडिया 2' की शानदार स्क्रिप्ट चैट-जीपीटी की मदद से लिख दी।
एआई के इस्तेमाल पर क्या बोले शेखर कपूर?
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक दिग्गज फिल्म निर्माता शेखर कपूर ने गुरुवार को कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई) एक मजबूत और लोकतांत्रिक टूल है। यह पहिए के आविष्कार की तरह परिवर्तनकारी है। उन्होंने लोगों को नए दौर की तकनीक से डरने की बजाय आत्मविश्वास से इसका सामना करने की बात कही। उन्होंने कहा कि एआई पहले से ही लोगों के रोजमर्रा के जीवन का हिस्सा बन रही है। यह इंसानी दिमाग से जुड़कर काम करती है। शेखर कपूर ने वेव्स समिट में 'एआई के युग में कहानी कहने की कला' विषय पर चर्चा के दौरान यह कहा और एक किस्सा भी सुनाया।
ChatGPT की मदद से कुक ने लिख डाली 'मिस्टर इंडिया 2' की स्क्रिप्ट
शेखर कपूर 'मासूम', 'मिस्टर इंडिया', 'बैंडिट क्वीन' और 'एलिजाबेथ' जैसी फिल्मों निर्देशन कर चुके हैं। उन्होंने एक किस्सा साझा किया और कहा, 'जब मैंने कहा कि मैं 'मिस्टर इंडिया 2' बनाऊंगा, तो सभी बड़े लेखक मेरे पास आए। मगर, मेरे कुक नीलेश ने एक स्क्रिप्ट तैयार की। वह सबसे शानदार स्क्रिप्ट थी। मेरे कुक ने 'मिस्टर इंडिया 2' का सबसे शानदार प्लॉट ChatGPT की मदद से लिखा था'। शेखर कपूर ने जब कुक से पूछा कि यह आइडिया कैसे आया तो कुक ने जवाब दिया, उसने चैटजीपीटी का इस्तेमाल किया, जो एक एआई चैटबॉट है। वह यूजर्स के साथ इंसानों की तरह बातचीत करने में सक्षम है।
बोले- 'एआई ने सोचने के नए तरीके दिए हैं'
शेखर कपूर ने आगे कहा कि एआई की बराबर कोई तकनीक लोकतांत्रिक नहीं है। उन्होंने पहिए के आविष्कार का उदाहरण देते हुए कहा कि लोग अक्सर नई चीजों से डरते हैं। कल्पना कीजिए, जब पहिये का आविष्कार किया गया था तो लोगों ने कहा था कि जो भी गोल होगा वह लुढ़क कर हमारे ऊपर गिरेगा। हम इसे अपने विचारों तक ही सीमित रखते हैं। हकीकत यह है कि एआई ने सोचने के नए तरीके दिए हैं'।
और पढ़ें:
'मेरे पास तीन हार्ट हैं- 'बड़ा, मीडियम और एक छोटा हार्ट', वेव्स समिट में बोले शाहरुख
Hit 3 And Retro Box Office Collection: पहले ही दिन छा गईं 'रेट्रो', 'हिट 3' की कमाई भी रही लाजवाब
The Bhootnii Review: बच्चों जैसी कहानी पर बनी बड़ों की बचकानी फिल्म, संजू बाबा के प्रोडक्शन हाउस की ठंडी बोहनी