Saiyaara: ‘सैयारा’ ने ओपनिंग डे पर कमाए 20 करोड़, मोहित सूरी की इन पिछली फिल्मों के तोड़े रिकॉर्ड; देखें लिस्ट
Mohit Suri Movies Opening Day Collection: मोहित सूरी के निर्देशन में बनी 'सैयारा' ने रिलीज के पहले दिन ही धमाकेदार शुरुआत की। इसके साथ ही इस फिल्म ने कई रिकॉर्ड भी तोड़े हैं।
विस्तार
बीते दिन शुक्रवार यानी कि 18 जुलाई को सिनेमाघरों में अनीत पड्डा और अहान पांडे की रोमांटिक फिल्म 'सैयारा' रिलीज हुई। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर ही बॉक्स ऑफिस पर कमाल करते हुए 20 करोड़ रुपये कमाए। इसके साथ ही फिल्म ने डायरेक्टर मोहित सूरी की पिछली फिल्मों के ओपनिंग कलेक्शन को काफी पीछे छोड़ दिया। आइए जानते हैं उन फिल्मों के बारे में।
मर्डर 2
साल 2011 में हिमेश रेशमिया और जैकलीन फर्नांडीज अभिनीत 'मर्डर 2' रिलीज हुई थी। इस फिल्म के गानों ने दर्शकों को अपना दीवाना बना लिया था। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 6.95 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म की कहानी का प्लॉट भी दर्शकों को काफी पसंद आया था।
आशिकी 2
आदित्य रॉय कपूर और श्रद्धा कपूर अभिनीत 'आशिकी 2' साल 2013 में रिलीज हुई थी। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी फिल्म 'आशिकी 2' ब्लाकबस्टर साबित हुई थी। इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर बॉक्स ऑफिस पर 6.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था। वहीं फिल्म की कहानी की बात करें, तो इसमें ऐसे आशिक की कहानी दिखाई गई है जो अपनी प्रेमिका को सिंगर बनाने में मदद करता है और खुद के अस्तित्व को भूल जाता है। आपको बताते चलें कि 'सैयारा' फिल्म की तुलना 'आशिकी 2' से हो रही है, क्योंकि दोनों की कहानी थोड़ी मिलती-जुलती है।
हाफ गर्लफ्रेंड
मोहित सूरी के निर्देशन में साल 2017 में एक फिल्म रिलीज हुई 'हाफ गर्लफ्रेंड', जिसमें अर्जुन कपूर और श्रद्धा कपूर मुख्य भूमिका में थे। इस फिल्म ने रिलीज के पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 10.30 करोड़ रुपये कमाए थे। फिल्म की कहानी की बात करें, तो इसमें एक ऐसे जोड़े की कहानी दिखाई गई है जो एक साथ तो रहते हैं, लेकिन किसी वजह से शादी नहीं करना चाहते हैं। ऐसे में श्रद्धा कपूर, अर्जुन कपूर की हाफ गर्लफ्रेंड बन जाती हैं। फिल्म के सॉन्ग और कहानी दर्शकों को काफी पसंद आई थे।
एक विलेन
साल 2014 में 'एक विलेन' फिल्म रिलीज हुई थी। इसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा, श्रद्धा कपूर और रितेश देशमुख मुख्य भूमिका में नजर आए थे। मोहित सूरी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने ओपनिंग डे पर 16 करोड़ रुपये कमाए थे, लेकिन अब 'सैयारा' ने इस रिकॉर्ड को तोड़ते हुए 20 करोड़ का रिकॉर्ड कायम कर दिया है। 'एक विलेन' फिल्म की कहानी ने दर्शकों को काफी आकर्षित किया था।