फोटोग्राफर रघु राय की बेटी पिता को याद कर हुईं भावुक, तस्वीरें शेयर कर बोलीं- 'वो हैं और हमेशा रहेंगे'
Avani Kaur Rai Post: पद्मश्री से सम्मानित मशहूर फोटोग्राफर रघु राय नहीं रहे। 26 अप्रैल 2026 को उनका निधन हो गया। आज रविवार को उनकी बेटी अवनी कौर राय ने पिता को याद करते हुए सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर किया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
फोटोग्राफी जगत के दिग्गज रघु राय बीते 26 अप्रैल को इस दुनिया को अलविदा कह गए। रघु राय ने भारत के जीवन और इसके विविध रंगों को अपने कैमरे में कैद किया। वे 83 वर्ष के थे। कैंसर व उम्र से जुड़ी अन्य समस्याओं के चलते रघु राय का निधन हुआ। उनके निधन के बाद आज 04 मई को बेटी अवनी ने एक भावुक पोस्ट शेयर किया है।
अवनी ने शेयर किया दिल छू लेने वाला पोस्ट
अवनी कौर राय भी पिता की तरह प्रोफेशनल फोटोग्राफर हैं। इसके अलावा अभिनय की दुनिया में भी सक्रिय हैं। उन्होंने इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट शेयर किया है। अवनी ने पिता के साथ की तस्वीरें शेयर की हैं, जिसमें बचपन की फोटो भी शामिल है। इसके साथ उन्होंने दिल छू लेने वाला कैप्शन लिखा है।
अवनी ने लिखा, 'उनकी तस्वीर आप उन्ही की नजर से देखते हैं'
अवनि ने कैप्शन लिखा है, 'उनके जीवन की शब्दावली में 'खोना' कभी था ही नहीं। यह तो एक उत्सव था, जीवन का एक उत्सव और एक असीम, शांत शक्ति। मैं हर पल उनका उत्सव मनाती हूं, क्योंकि उन्होंने जीवन के हर पल का उत्सव मनाया। पूरी तरह से। वे मेरी रोशनी हैं। वे मेरा दिल हैं। उनकी रूह जीवित है और हमेशा रहेगी, क्योंकि जब भी आप उनकी किसी तस्वीर को देखते हैं, तो आप उनकी ही नजर से देख रहे होते हैं। और यही तो 'जीवित होना' है।
बोलीं- 'फोटोग्राफी के वक्त पिता हमेशा याद रहते हैं'
अवनी ने पोस्ट के साथ एक पुराना वीडियो भी शेयर किया है, जिसमें वे अपने पिता के साथ बात करती दिख रही हैं। दोनों एक-दूसरे के बारे में बताते हुए फोटोग्राफी पर चर्चा करते हैं। इस बीच अवनी कहती हैं कि वे जब भी कोई तस्वीर क्लिक करती हैं तो उनके दिमाग में उनके पिता रहते हैं, जैसे कि वो देख रहे हैं और बता रहे हैं, गाइड कर रहे हैं।
कौन हैं अवनी राय?
बता दें कि फोटोग्राफी के अलावा अवनी फिल्म लाइन में भी अपना हाथ आजमा चुकी हैं। अवनी ने फिल्म ‘इक्कीस’ में काम किया है। अवनी ने फिल्म ‘इक्कीस’ में जयदीप अहलावत के किरदार ब्रिगेडियर जान मोहम्मद निसार की बेटी सबा का रोल किया था। फिल्म इक्कीस के अलावा वे 'टू सिस्टर्स एंड ए हस्बैंड' नाम की शॉर्ट फिल्म में भी लीड एक्ट्रेस के तौर पर काम कर चुकी हैं। उन्होंने अपने पिता रघु राय पर भी एक डॉक्यूमेंट्री बनाई। इसका नाम ‘रघु राय: एन अनफ्रेम्ड पोट्रेट’ है। यह 55 मिनट की डॉक्यूमेंट्री है, जिसे अवनी राय ने डायरेक्ट किया है।