Hania Amir: PAK सेना के खिलाफ एक्शन वाली फर्जी पोस्ट से घिरीं हानिया; सफाई में भी जहर उगलने से बाज नहीं आईं
Pahalgam Attack: पाकिस्तानी एक्ट्रेस हानिया आमिर ने अपनी वायरल पोस्ट को लेकर चुप्पी तोड़ी है। अभिनेत्री ने पाकिस्तान सेनाध्यक्ष जनरल असीम मुनीर की आलोचना वाली पोस्ट को बिल्कुल फेक बताया। हालांकि, वह जहर उगलने से भी बाज नहीं आईं। पढ़ें उन्होंने क्या कहा?
विस्तार
पाकिस्तानी कलाकारों के भारत में इंस्टाग्राम अकाउंट बैन होने के बाद अभिनेत्री हानिया आमिर की एक पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हुई। इस पोस्ट में कथित तौर पर पाकिस्तान के सेनाध्यक्ष जनरल असीम मुनीर की आलोचना करते हुए और भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भारत में पाकिस्तानी कलाकारों और उनके इंस्टाग्राम अकाउंट पर प्रतिबंध हटाने की अपील की थी।
अब हानिया आमिर ने सोशल मीडिया पोस्ट के वायरल होने के बाद अपनी चुप्पी तोड़ी है। अभिनेत्री ने इंस्टाग्राम पर सफाई पेश की है। हालांकि, वह जहर उगलने से भी बाज नहीं आईं। अभिनेत्री ने पोस्ट को पूरी तरह से मनगढ़ंत बताया है और इस बात से इनकार किया है कि उन्होंने कभी ऐसा कोई बयान दिया है। बता दें कि एक दिन पहले ही अमर उजाला ने दावा किया था कि यह पोस्ट फेक है।
इससे जुड़ी यह खबर भी पढ़ें: Pahalgam Attack: ‘पहलगाम हमले में PAK आर्मी का हाथ..’, पाकिस्तानी एक्ट्रेस का पीएम मोदी को मैसेज; जानें सच्चाई
पोस्ट को लेकर हानिया आमिर ने क्या लिखा?
पाकिस्तानी अभिनेत्री हानिया आमिर ने सफाई देते हुए लिखा, ‘हाल ही में, एक बयान को गलत तरीके से मेरे नाम से पेश किया गया है। इसे सोशल मीडिया पर काफी वायरल किया जा रहा है। मैं इसे सीधे संबोधित करना चाहती हूं। मैंने यह बयान नहीं दिया है और मैं अपने साथ जुड़े शब्दों का समर्थन या उनसे सहमत नहीं हूं। यह पूरी तरह से मनगढ़ंत और यह गलत तरीके से प्रस्तुत करता है कि मैं कौन हूं और मेरा क्या मानना है।’
पहलगाम आतंकी हमले में पीड़ित लोगों के लिए सहानुभूति
अपनी पोस्ट में हानिया ने हाल ही में पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए लोगों के प्रति सहानुभूति व्यक्त की। अभिनेत्री ने लोगों से निर्दोष पीड़ितों के दर्द का राजनीतिकरण ना करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘यह एक बेहद संवेदनशील और भावनात्मक समय है। हाल ही में हुए आतंकी हमले में मारे गए निर्दोष लोगों और प्रभावित परिवारों के प्रति मेरी संवेदना है। इस तरह का दर्द वास्तविक है और इसे राजनीतिकरण की बजाय सहानुभूति की आवश्यकता है।’
यह खबर भी पढ़ें: Pahalgam Terror Attack: जावेद अख्तर का पाकिस्तान सेना प्रमुख पर फूटा गुस्सा, बोले- अब आर या पार का समय आ गया
क्या लिखा था वायरल पोस्ट में?
हानिया की फेक वायरल पोस्ट में लिखा था, ‘मैं भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गुजारिश करती हूं कि पाकिस्तान की आम जनता ने भारत के साथ कुछ गलत नहीं किया। पहलगाम आतंकी हमले के पीछे पाकिस्तान की आर्मी और आतंकवादियों का हाथ है। तो आप पाकिस्तान की आम जनता को क्यों सजा दे रहे हैं? प्लीज पाकिस्तान आर्मी और आतंकवादियों के खिलाफ एक्शन लीजिए ना कि मासूम लोगों के ऊपर..’
पाकिस्तानी कलाकारों के अकाउंट हुए बैन
भारत में कई पाकिस्तानी सेलेब्स के यूट्यूब चैनल को पहले ही बैन कर दिया गया था। भारत सरकार ने 16 पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों पर प्रतिबंध लगा दिया था, जिनमें डॉन न्यूज, समा टीवी, एआरवाई न्यूज और जियो न्यूज जैसे बड़े नाम शामिल हैं। बाद में उनके इंस्टाग्राम अकाउंट को भी भारत में बैन कर दिया गया है। हानिया आमिर और माहिरा खान जैसे लोकप्रिय सितारों के अकाउंट भारत में बैन कर दिए गए हैं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all Entertainment news in Hindi related to bollywood, television, hollywood, movie reviews, etc. Stay updated with us for all breaking news from Entertainment and more news in Hindi.