Vicky Vidya Ka Woh Wala Video Review: गर्लफ्रेंड के साथ इसे देखने गए तो ब्रेकअप पक्का, भाभी 2 की बात और है
बहुत जिगरा चाहिए ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ देखने के लिए। अभी अमर कौशिक निर्देशित फिल्म ‘स्त्री 2’ जैसे ही हिट हुई थी तो सबसे पहले जिस कलाकार ने इसके हिट का क्रेडिट लेने के लिए इंटरव्यू देने की बौछार सी कर दी थी, वह थे राजकुमार राव। उनका ये बनता भी था क्योंकि ‘स्त्री’ से लेकर ‘स्त्री 2’ तक कोई एक दर्जन फ्लॉप फिल्में देने वाले राजकुमार राव के करियर की ये बहुत बड़ी घटना रही। अब दोबारा ऐसी कोई घटना शायद ‘स्त्री 3’ में ही होगी। तब तक हमको, आपको एक दूसरे का साथ देकर, हाथ में हाथ देकर और कंधे से कंधा मिलाकार उनकी ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ जैसी फिल्में ही देखनी होंगी। इस साल की अब तक रिलीज सबसे खराब फिल्मों में ये फिल्म नंबर एक पर है।
राज शांडिल्य के नाम का पलीता
फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ देखने जो भी गया या जा रहा होगा, उसके लिए आकर्षण बस इसके निर्देशक का नाम है, राज शांडिल्य। कॉमेडी शोज लिखने में इन्हें महारत हासिल रही है, ऐसा ये खुद बताते हैं। कपिल शर्मा के लिए खूब कॉमेडी लिखी। अब शायद कॉमेडी की ही कॉमेडी खूब हो रही है। जाकिर खान जैसे धुरंधर को चार हफ्ते में टेलीविजन से अपना बोरिया बिस्तर समेटना पड़ा है। कपिल शर्मा की जद्दोजहद नेटफ्लिक्स पर जारी है। शहरों की कॉलोनियों कहीं भी उग आने वाले नए नए प्राचीन धर्मस्थानों की तरह ही राज शांडिल्य की फिल्में उग रही हैं। ‘ड्रीम गर्ल 2’ को सौ करोड़ रुपये की फीगर तक पहुंचने के लिए जिस धैर्य की जरूरत पड़ी थी, उसी धैर्य की जरूरत आपको उनकी नई फिल्में देखते समय पड़ सकती है।
कहानी उतनी ही जो ट्रेलर में है
कहानी के नाम पर ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ में कुछ कहने को बचा नहीं है। कहानी उतनी सी ही है जितनी कि फिल्म के ट्रेलर में सब देख चुके हैं। बाकी जो थियेटर में ढाई घंटे तक चलता है वह दर्शकों का टॉर्चर है। राज शांडिल्य को लगता है कि जब शेयर बाजार में देश के युवा बिना कुछ सोचे समझे पैसा झोंके जा रहे हैं तो उनकी फिल्म को तो बस एक बार ही ये सब देख लें तो उनका बेड़ा पार है। शादी के बाद हनीमून के लिए वैष्णो देवी धाम जाने वालों के दौर की ये फिल्म है। उस दौर की जब कुमार शानू का रुतबा चढ़ा हुआ था और दलेर मेहंदी कबूतरबाजी में फंसे नहीं थे। अपने ही सेक्स वीडियो को विटा एक्स गोल्ड की तरह इस्तेमाल करने की सोचे बैठे विकी की सीडी गुम होने और फिर उसकी तलाश की कहानी है फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’।
‘खेल खेल में’ वालों का नया खेल
फिल्म ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ की कहानी इतनी खराब है कि इस फिल्म को बिना एक भी उबासी लिए या बिना फिल्म बनाने वालों को एक भी गाली दिए देख लेने वालों के लिए फिल्म निर्माताओं को एक धमाकेदार पुरस्कार का एलान कर देना चाहिए। भूषण कुमार के हाथों में टी सीरीज की कमान है। फ्लॉप फिल्मों पर वह लगातार पैसा लगाए जा रहे हैं। फिल्में बनाना भर उनका धर्म दिखता है। फिल्म के फ्लॉप या हिट होने पर वह ज्यादा ध्यान नहीं देते। फिल्म ‘खेल खेल में’ उनके जोड़ीदार निर्माताओं की टीम यहां भी है और राज शांडिल्य के अपने पार्टनर विमल लाहोटी तो हैं हीं। नौ निर्माता मिलकर चार लेखकों के साथ एक फिल्म बना रहे हों तो उसका ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’ जैसा होना आश्चर्य नहीं है।
राजकुमार राव की नई पार्टनर तृप्ति डिमरी
राजकुमार राव से किसी को खास उम्मीद इस फिल्म में रही नहीं क्योंकि ‘स्त्री’ से लेकर ‘स्त्री 2’ तक 12 फ्लॉप फिल्में देने के बाद भी वह बाजार में टिके हुए हैं। हिंदुस्तान में जब तक सनीमा है, राजकुमार राव जैसे कलाकारों का धंधा जारी रहने वाला है। उनके अभिनय को देख उनके प्रशंसक बने लोग अब उनकी ये फिल्में देख कुढ रहे हैं लेकिन कर कुछ नहीं सकते क्योंकि नए कलाकारों पर दांव लगाने वाले निर्माता ही गिनती के हैं। तृप्ति डिमरी को बड़े परदे पर अपनी कलाकार दिखाने के लिए ‘एनिमल’ मिली थी। भाभी टू का तमगा भी मिला। लेकिन, पहले ‘बैड न्यूज’ और अब ये ‘विकी विद्या का वो वाला वीडियो’। वह भी राजकुमार राव की फ्लॉप ट्रिप पर उनके साथ चल पडी हैं। मल्लिका शेरावत और विजय राज की कहानी इस फिल्म में अलग ही घटिया स्तर पर है। बीच बीच में फिल्म को क्राफ्ट के स्तर से नीचे और नीचे ले जाते रहने के लिए दगे हुए कारतूसों की एक लंबी फौज और है। तृप्ति डिमरी के लिए ये फिल्म देखने का मन हो रहा हो तो और बात है, बाकी इसे देखने का सोच रहे हों तो कलेजा मजबूत करके जाएं।