फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Entertainment ›   Movie Review ›   film review of hasee toh phasee

हंसी तो फंसीः साड़ी के साथ मिलेगा ब्लाउज भी

Fri, 07 Feb 2014 11:56 AM IST
Updated Fri, 07 Feb 2014 11:56 AM IST
विज्ञापन
 film review of hasee toh phasee

चाइना के माल की भले ही गारंटी न हो, लेकिन चाइना रिटर्न हीरोइन हीरो को गारंटी देती है कि एक बार अगर वह उससे प्यार का इकरार कर ले तो वह सदा के लिए उसकी रहेगी! जबकि हीरो कनफ्यूज है क्योंकि वह हीरोइन की बहन से प्यार करता है।

विज्ञापन


जो सात साल में कम से कम सात सौ बार ब्रेक-अप की धमकी दे चुकी है। हीरो दोनों के बीच फंसा है। हालात पर दर्शकों को तो हंसी आती है लेकिन हीरो का चेहरा सदा उतरा हुआ रहता है। आखिर में जब हीरो के दिमाग के जाले साफ होते हैं तो वह हंसता है और फंसता है। हालांकि फिल्म का नाम हंसी तो फंसी है!!

विज्ञापन

बिना ब्लाउज पीस के साड़ी नहीं बेचते

 film review of hasee toh phasee

142 मिनट की इस फिल्म में निर्देशक विनिल मैथ्यू ने पूरा ध्यान रखा है कि साड़ी के साथ ब्लाउज सही ढंग से बिक जाए यानी इमोशन और कॉमेडी का संतुलन बना रहे। इधर की हर फिल्म बताती है कि आज का युवा प्यार के मामले में घनचक्कर है। दुनिया के तमाम दरवाजे खुल चुके हैं।

आवाजाही बढ़ चुकी है। इससे युवा के दिमाग में एक सनसनी चलती रहती है। बदन में गुदगुदी बनी रहती है। युवा के पास कैरियर और प्यार दोनों में ‘चॉइस’ है। जॉब और प्यार में कमिटमेंट को लेकर कमी क्या चुनाव की इसी आजादी से पैदा हुई है? फिल्म में प्यार करने वाले तीनों किरदार डांवाडोल हैं। वे नहीं जानते कि आखिर किससे उन्हें क्या चाहिए?

लूजर कहीं का?

 film review of hasee toh phasee

फिल्म का हीरो एक आईपीएस का बेटा निखिल भारद्वाज (सिद्धार्थ मल्होत्रा) हर तरह से लूजर है। न वह अपने मां-बाप की उम्मीदों पर खरा उतर पाता है और न गर्लफ्रेंड की। उसकी गर्लफ्रेंड करिश्मा (अदा शर्मा) का रईस बिजनेसमैन साड़ी किंग पिता नहीं समझ पाता कि आखिर उसकी बेटी ने इस लड़के में क्या देखा?

वैसे खुद करिश्मा के किरदार से आपको पता नहीं चलता कि क्यों वह सिद्धार्थ को प्यार करती है, जो बेरोजगार है! क्या उसके लुक्स के लिए? करिश्मा खुद सफल मॉडल/ऐक्ट्रेस है। क्या उसे अपनी इंडस्ट्री में कोई अपने पैरों पर खड़ा हैंडसम नहीं मिला। फिल्म की स्क्रिप्ट में कुछ झोल हैं और इंटरवेल से पहले कहानी एक जगह पर ठहरी रहती है। जो ऊब पैदा करती है। लेकिन बाद में कहानी रफ्तार पकड़ती है।

विज्ञापन

ये है वन मैन शो

 film review of hasee toh phasee

इस फिल्म में जिस तरह से परिणीति चोपड़ा ने परफॉर्म किया है वह तारीफ के काबिल है। फिल्म को सिर्फ परिणीति के कारण देखा जा सकता है। अपने इंटेलिजेंस के कारण घरवालों द्वारा न समझी जा सकने वाली और घर से भागी लड़की के किरदार में वह जमी हैं। वास्तव में मीता के रूप में परिणीति कहानी की सुस्त रफ्तार और कमियों को पूरी तरह से ढंक लेती हैं।

उनका किरदार यह भी बताता है कि कई बार कुछ लोग अपनी नई, रचनात्मक और अलग सोच के कारण घर में ही कैसे उपेक्षित हो जाते हैं? मीता अपने प्रोजेक्ट को पूरा करने का सपना लिए घर से पैसा चुरा कर भागती है और जब लौटती है, तब भी पैसा चुराने के ही लिए!! वह अपने लक्ष्य में कामयाब हो या ना हो, परिणीति दर्शकों का दिल चुराने में जरूर सफल हैं।

चांस हमेशा सेकेंड लास्ट होता है

 film review of hasee toh phasee

यह फिल्म युवाओं को अच्छी लगेगी। खास तौर पर उन्हें जो सोचते हैं कि आस-पास के लोग हमें समझ नहीं पा रहे। जो अपनी धुन में कुछ नया रचना चाहते हैं। फिल्म में उनके लिए संदेश भी है कि कितनी ही नाकामियां मिलें, आगे बढ़ते रहना चाहिए क्योंकि कोई चांस लास्ट नहीं होता। चांस हमेशा सेकेंड लास्ट होता है।

फिल्म में कई मौके हैं जो दर्शकों को गुदगुदाते हैं। अच्छी बात यह है कि कॉमेडी के नाम पर यहां कहीं फूहड़ता नहीं है और इसे परिवार के साथ देखा जा सकता है। परिणीति के साथ सिद्धार्थ ने भी अच्छा काम किया है, लेकिन हीरोइन का किरदार इतना मजबूत है कि ज्यादातर वही असर छोड़ता है। यह फिल्म सिद्धार्थ का सेकेंड लास्ट चांस है।

एक के बाद आठ जीरो

 film review of hasee toh phasee

यह फिल्म इस लिहाज से भी खास है कि पहली बार करन जौहर और अनुराग कश्यप जैसे सिनेमा की अलग-अलग शैलियों वाले निर्माता साथ आए हैं। उन्होंने मिल कर फिल्म बनाई है। करन बॉलीवुड के पारंपरिक सिनेमा को लेकर आगे बढ़ने वाले निर्माता हैं।

जबकि अनुराग की कोशिश नए जमाने में लीक से हट कर सिनेमा बनाने की है। यह संगम भविष्य में बॉक्स ऑफिस पर क्या रंग लाएगा देखना रोचक होगा। पहला प्रयास निस्संदेह उम्मीदें जगाता है। आप एक के बाद आठ जीरो लगा कर हिसाब कर लें।

विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें Entertainment News से जुड़ी ब्रेकिंग अपडेट। मनोरंजन जगत की अन्य खबरें जैसे Bollywood News, लाइव टीवी न्यूज़, लेटेस्ट Hollywood News और Movie Reviews आदि से संबंधित ब्रेकिंग न्यूज़।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed