Housefull 4 Trailer Review: साउथ की फिल्मों के तड़के के सहारे दीवाली धमाके की तैयारी
डिजिटल रिव्यू: हाउसफुल 4 (ट्रेलर)
कलाकार: अक्षय कुमार, रितेश देशमुख, बॉबी देओल, कृति सैनन, पूजा हेगड़े, कृति खरबंदा आदि।
निर्देशक: फरहाद सामजी
निर्माता: फॉक्स स्टार स्टूडियोज, साजिद नाडियाडवाला
रेटिंग: **1/2
फॉक्स स्टार स्टूडियो की अगली पेशकश हाउसफुल 4 का ट्रेलर दुनिया के चार शहरों में एक साथ रिलीज किया गया। यही इस ट्रेलर रिलीज की शुक्रवार की पंचलाइन है। नहीं तो इस ट्रेलर में ऐसा कुछ नहीं है जो दर्शक पहले हिंदी सिनेमा में देख नहीं चुके हैं। अक्षय कुमार कुछ कुछ भूल भुलैया में अपने किरदार जैसा कुछ करते दिख रहे हैं और बाकी कलाकार बस उनकी बनाई लीक पीटते नजर आ रहे हैं।
फिल्म के ट्रेलर से पहले इसके पोस्टर्स ही फिल्म की सारी कहानी बता चुके हैं। 600 साल पुराने अतीत और वर्तमान में झूलती ये कहानी वैसी ही है जैसी दर्शक पहले भी साउथ की तमाम डब फिल्मों में देख चुके हैं। इसी लाइन को पकड़कर फरहाद सामजी ने हाउसफुल सीरीज में नया तड़का लगाने की कोशिश की है।
आयुष्मान खुराना के बाला बन सकने से पहले ही अक्षय फिल्म हाउसफुल 4 में बाला बन गए हैं। पता नहीं कहानी में ये ट्विस्ट पहले से ही था या फिर फिल्म बाला के ऐलान के बाद इसमें डाला गया लेकिन इस फिल्म के चलते बाला का प्रचार अच्छा खासा हो गया है। फिल्म छिछोरे में अपने पसंदीदा सितारों को भी दर्शक गंजा होते देख चुके हैं। अब ये हाउसफुल 4 की कहानी तय करेगी कि वह कितना कुछ नया दर्शकों को दे पाती है।
बिना सिरपैर की कहानी वाली फिल्म टोटल धमाल को भी बॉक्स ऑफिस पर औसत कामयाबी ही मिली थी, इस फिल्म का बजट भी ट्रेलर देखकर तो काफी बड़ा लगता है। साजिद नाडियाडवाला और फॉक्स स्टार स्टूडियो की आपसी समझ ने फिल्म का कैनवास बड़ा कर दिया है और ट्रेलर में इसकी झलक भी साफ दिखती है। दीवाली पर फिल्म से बड़े धमाके की उम्मीद की जा रही है।
पढ़ें: आठ साल से लाल सिंह चढ्ढा के पीछे पड़े थे आमिर खान, किरदार के लिए बेले काफी पापड़