Oscars Slap Case: आखिरकार जैडा पिंकेट स्मिथ ने तोड़ी चुप्पी, बोलीं- विल-क्रिस को साथ देखने की ख्वाहिश
जैडा पिंकेट स्मिथ ने कहा कि वह विल स्मिथ और क्रिस रॉक को एक साथ देखना चाहती हैं। बता दें कि ऑस्कर 2022 के दौरान क्रिस रॉक ने जैडा को लेकर मजाक किया था, जिससे नाराज होकर विल स्मिथ ने उन्हें मंच पर ही थप्पड़ जड़ दिया था।
विस्तार
94वें ऑस्कर 2022 को गुजरे काफी वक्त बीत चुका है, लेकिन जब भी उसकी चर्चा होती है तो सबसे पहले थप्पड़ कांड पर बातचीत शुरू हो जाती है। दरअसल, उस दौरान विल स्मिथ ने अपनी पत्नी जैडा पिंकेट का मजाक उड़ाने पर क्रिस रॉक को मंच पर ही थप्पड़ जड़ दिया था। अब जैडा पिंकेट ने अपने फेसबुक वॉच शो रेड टेबल टॉक में इस मामले को लेकर चुप्पी तोड़ी है।
जैडा ने एलोपीसिया पर किया स्पेशल टॉक शो
बता दें कि जैडा के टॉक शो का नया एपिसोड उनकी बीमारी एलोपीसिया पर आधारित था। उन्होंने ऑस्कर में हुई घटना का जिक्र करते हुए कहा, 'एलोपीसिया पर यह बेहद अहम रेड टेबल टॉक है। मेरी सेहत और ऑस्कर में जो कुछ भी हुआ, उसे देखते हुए सैकड़ों ने अपनी कहानियां मेरे साथ साझा कीं। मैं इस पल में उन कहानियों को साझा कर रही हूं और लोगों को बता रही हूं कि आखिर एलोपीसिया होता क्या है।'
विल स्मिथ और क्रिस रॉक पर कही यह बात
जैडा ने टॉक शो के दौरान विल स्मिथ और क्रिस रॉक को लेकर भी बातचीत की। उन्होंने कहा, 'अब हम ऑस्कर वाली रात हुई घटना का जिक्र करते हैं। मुझे उम्मीद है कि ये दोनों काबिल लोग (विल स्मिथ और क्रिस रॉक) अपने बीच आई इस दूरी को खत्म करने के लिए एक-दूसरे को मौका देंगे। मेरी ख्वाहिश उन दोनों को एक साथ देखने की है। आज के दौर में हमें उन दोनों की जरूरत है।'
ऑस्कर 2022 के दौरान हुई थी घटना
बता दें कि 94वें ऑस्कर अवॉर्ड के दौरान क्रिस रॉक मंच का संचालन कर रहे थे। उस दौरान उन्होंने जैडा पिंकेट के गंजेपन को लेकर मजाक उड़ाया, जो विल स्मिथ को बर्दाश्त नहीं हुआ। वह गुस्से में मंच पर पहुंचे और क्रिस रॉक को थप्पड़ मार दिया। बता दें कि ऑस्कर 2022 के दौरान विल स्मिथ ने अपनी फिल्म किंग रिचर्ड्स के लिए बेस्ट एक्टर का खिताब जीता था, लेकिन बाद में ऑस्कर और अन्य अवॉर्ड्स फंक्शन में उनके शामिल होने पर 10 साल का बैन लगा दिया गया।