हॉलीवुड फिल्मों के शौकीनों को लगेगा बड़ा झटका, इस दिन से बंद होने जा रहा ये प्रीमियम चैनल
अंतरराष्ट्रीय फिल्म निर्माता कंपनी यूनिवर्सल पिक्चर्स के देश में डूबते जहाज को वॉर्नर ब्रदर्स का साथ मिल गया है। देश में अपने गिरे हुए बाजार को देखते हुए यूनिवर्सल पिक्चर्स ने यहां से अपना पूरा तामझाम समेटने के बारे में सोचा था लेकिन वॉर्नर ब्रदर्स ने हाथ बढ़ाकर स्टूडियो को इतना बड़ा कदम उठाने से रोक लिया है। अब देश और विदेशों में ये दोनों स्टूडियो अपना कारोबार एक साथ मिलकर चलाएंगे। इन दोनों ने एक दूसरे से वादा किया है कि जहां जिसकी पैठ है, वहां वह दूसरे स्टूडियो की मदद करके उसकी फिल्मों को भी ज्यादा से ज्यादा लोकप्रिय बनाने में मदद करेंगे। इसी फैसले के तहत वार्नर ब्रदर्स और यूनिवर्सल अब अपनी फिल्मों के लिए एक ओटीटी प्लेटफॉर्म भी लेकर आ रहे हैं और इस वजह से भारत में दिखने वाले इनके प्रीमियम मूवी चैनल बंद हो जाएंगे।
यूनिवर्सल पिक्चर्स देश से अपना कारोबार भले ही समेट रहा है लेकिन उसकी फिल्में अब वॉर्नर ब्रदर्स की मदद से बड़े पैमाने पर रिलीज होती रहेंगी। वॉर्नर ब्रदर्स का कारोबार भारत में अच्छा खासा चलता है। वहीं, यूनिवर्सल पिक्चर्स की पहुंच ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों में बहुत है। नए सौदे के मुताबिक यूनिवर्सल वॉर्नर ब्रदर्स की फिल्मों को ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में पहुंच बनाने में मदद करेगा। बदले में वॉर्नर ब्रदर्स यूनिवर्सल की फिल्मों को देश में अच्छी रिलीज दिलाने की कोशिश करेगा। इस तरह से यह दोनों ही एक दूसरे की मदद से पूरी दुनिया में अपनी अच्छी पकड़ बनाने की कोशिश में है।
इससे पहले ऐसा सौदा फॉक्स स्टार स्टूडियोज और डिज्नी के बीच में भी हो चुका है। फॉक्स स्टार भी देश से अपना कारोबार समेटने वाला था। लेकिन, डिज्नी ने आकर उसके कारोबार को बनाए रखा। यूनिवर्सल पिक्चर्स और वॉर्नर ब्रदर्स ने एक दूसरे से हाथ मिलाने की घोषणा इस साल की शुरुआत में ही कर दी थी। अब यह सौदा पूरा हो चला है। यूनिवर्सल पिक्चर्स के बैनर तले बनी कुछ फिल्में 'नो टाइम टू डाई', 'फास्ट एंड फ्यूरियस 9', 'द बेबी बॉस- फैमिली बिजनेस', 'जुरासिक वर्ल्ड- डोमिनियन', आदि हैं। इन फिल्मों को अब वॉर्नर ब्रदर्स देश में रिलीज करेगा। वहीं, वॉर्नर ब्रदर्स की कुछ फिल्में 'वंडर वूमन 1984', 'टॉम एंड जेरी', 'गॉडजिला वर्सेस कोंग', 'द कंजरिंग- द डेविल मेड मी डू इट', 'द बैटमैन' हैं, जिन्हें यूनिवर्सल पिक्चर्स की ओर से बाकी देशों में मदद मिलेगी।
खबर यह भी है कि वॉर्नर ब्रदर्स ने अपने टीवी चैनल एचबीओ को भारत, पाकिस्तान, बांग्लादेश और मालदीव में बंद करने का फैसला कर लिया है। यह चैनल ब्लॉकबस्टर हॉलीवुड फिल्में दिखाने के लिए जाना जाता है। चयनित देशों में यह चैनल आखिरी बार 15 दिसंबर को देखा जाएगा। हालांकि, वॉर्नर ब्रदर्स अपना कार्टून नेटवर्क चैनल बंद नहीं करेगा। वह ज्यों का त्यों सभी देशों में चलता रहेगा। दरअसल, वॉर्नर ब्रदर्स को अपने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर ज्यादा ध्यान देना है इसलिए, उसने यह कदम उठाने के बारे में सोचा है।