रमन राघव नहीं, रिलीज होगी उड़ता पंजाब?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शाहिद कपूर-आलिया भट्ट स्टारर फिल्म पर जारी विवाद के बीच रिलीज की तारीख संकट में आ गई है। फिल्म ट्रेड में माना जा रहा है कि अगर 17 जून को फिल्म रिलीज नहीं हो सकी तो निर्माता एकता कपूर और अनुराग कश्यप को बड़ा घाटा हो सकता है। ऐसा में कैसे निकलेगा सुरक्षित रास्ता?
इस बात के आसार कम हो रहे हैं कि उड़ता पंजाब पूर्व घोषित तारीख 17 जून को मूल स्वरूप में रिलीज हो सके। मामला कोर्ट में है। बताया जा रहा है कि सेंसर बोर्ड ने फिल्म में 13 बातें (राज्य और शहरों के नाम, गालियां, आपत्तिजनक संदर्भ और दृश्य) रेखांकित की हैं, जिन पर अमल करने से उड़ता पंजाब में 89 कट लगेंगे है। तब फिल्म को ए प्रमाणपत्र मिलेगा। इन बातों को फिल्म के सह-निर्माता अनुराग कश्यप स्वीकार नहीं रहे। बीते एक हफ्ते से चल रहे विवाद के बीच फिल्म को पब्लिसिटी भले ही खूब मिली लेकिन इसके आर्थिक घाटे की आशंका दिन प्रति दिन बढ़ रही है।
निर्माताओं के करीबी सूत्रों के अनुसार रिलीज डेट आगे बढ़ने पर हर दिन करोड़ रुपये का नुकसान होगा। अतः निर्माताओं को जल्द से जल्द रिलीज करना होगी। ट्रेड के जानकारों का कहना है कि 17 जून के बाद निर्माताओं के पास केवल 24 जून का सप्ताह है, उसमें भी तीन फिल्में रिलीज को तैयार हैं। जिसमें खुद अनुराग कश्यप की फिल्म रमन राघव शामिल है। इसके बाद सीधे ईद के मौके पर (संभवतः छह जुलाई) सलमान खान की कुश्ती पर आधारित फिल्म रिलीज होगी। अतः उड़ता पंजाब को या तो सेंसर के कट स्वीकार करते हुए सीधे 24 जून को रिलीज करना होगा या फिर ईद के बाद दो हफ्ते का इंतजार करना पड़ेगा! जिसमें संभवतः 15 जुलाई की तारीख सुरक्षित है।
उस दिन इरफान खान स्टारर मदारी रिलीज हो रही है। अगर उड़ता पंजाब यह तारीख चूक जाती है तो फिर जुलाई के आखिरी हफ्ते से बड़ी फिल्मों का दौर शुरू हो जाएगा, जो साल के आखिर तक चलेगा।
अनुराग को 'रमन राघव' को हटाना पड़ेगा
ट्रेड विशेषज्ञों के अनुसार 17 जून से हटने की स्थिति में एकता और अनुराग के पास 24 जून की सबसे सुरक्षित तारीख है। इसमें वह उड़ता पंजाब रिलीज कर सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो अनुराग को अपनी फिल्म रमन राघव यहां से हटानी पड़ सकती है।
उधर, बुधवार को मुंबई में इंडियन फिल्म एंड डायरेक्टर्स एसोसिएशन की मीडिया से मुलाकात में बॉलीवुड के प्रमुख फिल्म निर्माता मुकेश भट्ट ने खुल कर कहा कि फिल्म समय से रिलीज नहीं हुई तो इसके नुकसान की भरपाई कौन करेगा? उन्होंने फिल्म का निर्माण और प्रचार-प्रसार बजट 60 करोड़ रुपये बताया। सवाल यहां तक हो रहे क्या निर्माता नुकसान की भरपाई के लिए सेंसर बोर्ड और इसके अध्यक्ष पहलाज निहलानी को कोर्ट में खड़ा करेंगे? अनुराग का आरोप है कि सेंसर बोर्ड ने उनकी फिल्म को देखने और उसे प्रमाणपत्र जारी करने में जानबूझ कर देरी की है। क्या वह इसके खिलाफ आवाज उठाते हुए अदालत में जाएंगे?
निश्चित ही एकता कपूर और अनुराग कश्यप द्वारा संयुक्त रूप से बनाई गई उड़ता पंजाब का बजट किसी लिहाज से कम नहीं है। उस पर यह भी आशंका है कि निर्माता फिल्म को मूल या कट स्वीकार करते हुए रिलीज करें, राज्य तथा क्षेत्रीय स्तर पर वितरक/सिनेमाघर मालिकों पर राजनीतिक दबाव काम कर सकते हैं। निर्माता पक्ष के सूत्रों की मानें तो रिलीज तारीख की अनिश्चितता की वजह से निर्माताओं द्वारा वितरकों/प्रदर्शकों के साथ बातचीत रुक गई है। फिल्म का प्रचार भी पिछले एक हफ्ते से रुका पड़ा है।
फिल्म से जुड़े सूत्रों की मानें तो निर्माता दोहरी स्थिति में फंसे हैं क्योंकि सिनेमाई भाषा में एक तरफ तो फिल्म खूब गर्म हो चुकी है, हर सिने-प्रेमी इसे देखना चाहता है और दूसरी तरफ उसके प्रदर्शन की ही व्यवस्था चरमराती दिख रही है। सेंसर प्रमाणपत्र में विलंब के बजाय फिल्म का विदेश में वितरण/प्रदर्शन अब संभव नहीं दिख रहा है। सूत्रों का कहना है कि पहले विदेश में रिलीज करने से पायरेसी का भी खतरा है। ऐसे में अगर रिलीज की तारीख बहुत बढ़ानी पड़ी तो फिल्म मुश्किल में पड़ जाएगी।