Sidharth Shukla: सिद्धार्थ शुक्ला का आखिरी गाना 'जीना जरूरी है' हुआ रिलीज, अभिनेता को पर्दे पर देख भावुक हुए फैंस
अपने अभिनय और लुक्स से लोगों को दीवाना बनाने वाले सिद्धार्थ शुक्ला एक बार फिर फैंस को पर्दे पर नजर आने वाले हैं। हाल ही में उनका एक गाना रिलीज किया गया है।
विस्तार
टीवी के जाने-माने अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला को दुनिया से गए हुए एक साल पूरा होने वाला है। एक्टर के यूं अचानक चले जाने से ना सिर्फ मनोरंजन जगत बल्कि उनके फैंस आज भी सिद्धार्थ की कमी को महसूस करते हैं। अभिनेता के फैंस लगातार अपने चहेते सितारे को याद कर सोशल मीडिया पर उनसे जुड़ी यादें साझा करते रहते हैं। ऐसे में फैंस के लिए एक खुशखबरी सामने आई है। अपने अभिनय और लुक्स से लोगों को दीवाना बनाने वाले सिद्धार्थ शुक्ला एक बार फिर फैंस को पर्दे पर नजर आने वाले हैं। हाल ही में उनका एक गाना रिलीज किया गया है।
'जीना जरूरी है' नाम के इस गाने के रिलीज होने के साथ ही फैंस एक बार फिर अपने पसंदीदा सितारे को पर्दे पर देख पाएंगे। इस गाने के रिलीज होते ही सिद्धार्थ के फैंस भावुक हो गए हैं। गाने पर कमेंट करते हुए उनके फैंस अभिनेता को याद कर उन्हें किंग कहते दिखाई दिए। हाल ही में रिलीज हुए इस गाने में सिद्धार्थ शुक्ला के अलावा 'बिग बॉस 15' के नजर आए अभिनेता विशाल कोटियन दिखाई दे रहे हैं। गाने को रिलीज करते हुए अभिनेता विशाल कोटियन, सुरेश भानुशाली और फोटोफिट म्यूजिक ने दिवंगत अभिनेता को श्रद्धांजलि दी।
गाने में सिद्धार्थ और विशाल के साथ दीपिका त्रिपाठी नजर आ रही हैं। इस पूरे गाने की शूटिंग ओडिशा में की गई है। फैंस इस गाने को यूट्यूब सुन सकते हैं। इस म्यूजिक एल्बम की रिलीज के दौरान सिद्धार्थ के साथ आखिरी बार काम करने वाले एक्टर विशाल उन्हें याद कर भावुक हो गए। अभिनेता ने कहा कि "सिद्धार्थ इस वीडियो में मेरे लिए सिर्फ एक सह-अभिनेता नहीं थे। बीते दो दशकों से वह मेरे करीबी दोस्त थे।
वहीं, गाने के बारे में बताते हुए विशाल ने कहा कि "जीना जरूरी है एक खूबसूरत प्रेम कहानी है, जिसमें सिद्धार्थ और मैंने भाइयों की भूमिका निभाई है। हमने इस गाने को साल 2019 में शूट किया था।" गौरतलब है कि मशहूर अभिनेता सिद्धार्थ शुक्ला टीवी के चर्चित और विवादित रियलिटी शो बिग बॉस के 13वें सीजन की विजेता रह चुके हैं। अभिनेता ने बीते साल दो सितंबर अचानक दुनिया को अलविदा कह दिया था। सिद्धार्थ के अचानक हुए निधन से हर कोई स्तब्ध था।