क्या सलमान के मर्ज की दवा हकीम लुकमान के पास भी नहीं ?
आमिर खान और सलमान खान एक अच्छे दोस्त हैं। फिर आखिर आमिर खान ने ऐसा क्यों कहा कि ‘सलमान साहब’ कब शादी करेंगे इसका जवाब तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं है।
अपनी फिल्म ‘पीके’ के प्रमोशन में लगे आमिर ने सलमान को अपना बहुत अच्छा दोस्त बताया और कहा कि एक-दूसरे के लिए उनके दिलों में बहुत प्यार है। पर आमिर खान सलमान खान की शादी को लेकर चुटकी लेने से बाज नहीं आए।
यह पूछे जाने पर कि सलमान की शादी कब तक कराएंगे आमिर ने हंसते हुए कहा कि वे इसके लिए उनसे कई बार आग्रह कर चुके हैं पर सलमान साहब कब शादी करेंगे इसका जवाब तो हकीम लुकमान के पास भी नहीं है।
‘अंदाज अपना-अपना’ के रिमेक के बारे में पूछे जाने पर आमिर ने कहा कि इसको लेकर वर्तमान में कोई योजना नहीं चल रही है पर अगर ऐसा हो तो उन्हें बड़ा मजा आएगा।
आमिर ने कहा कि ‘अंदाज अपना-अपना 2’ की पटकथा लिखने के लिए वे राज संतोषी को कई बार कह चुके हैं। शाहरुख खान के साथ कोई फिल्म करने की इच्छा के बारे में पूछे जाने पर आमिर खान ने कहा ‘यकीनन, जरूर और अगर ऐसा हो तो उन्हें बहुत खुशी होगी। जब कोई अच्छी कहानी आए तो वे जरूर काम करना चाहेंगे।
आमिर चाहते हैं कि तीनों खान एक साथ्ा फिल्म करें
आमिर खान चाहते हैं कि तीनों खान एक साथ फिल्म करें। उन्होंने एक सवाल के जवाब में कहा कि ‘वह उम्मीद करते हैं, हम तीनों एक साथ एक फिल्म करें तो हमें और दर्शकों को भी मजा आएगा। अगर ऐसी कोई कहानी आए और हम तीनों को पसंद आए तो हम यकीकन करना चाहेंगे।
इस मौके पर नवोदित सिने कलाकारों को बहुत ही प्रतिभावान बताते हुए आमिर ने अपनी फिल्म पीके में काम करने वाले सुशांत की तारीफ की और कहा कि रणवीर, राज और शाद सहित कई अन्य नवोदित कलाकार बेहतर कर रहे हैं। आमिर अपनी फिल्म पीके की प्रमोशन में व्यस्त हैं।