वेब सीरीज की लोकप्रियता मापने के सवाल पर ये बोले रॉबिन भट्ट, इन राइटर्स को मिला नामांकन में स्थान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
फिल्म, टेलीविजन, वेब सीरीज की कहानियां, पटकथाएं, संवाद और गीत लिखने वालों की संस्था स्क्रीन राइटर्स एसोसिएशन (एसडब्लूए) के लिए ये साल काफी खास है। इस साल इसकी स्थापना के 60 साल पूरे हो रहे हैं। इस साल से एसडब्लूए ने अपने बीच के बेहतरीन सदस्यों को सम्मानित करने की योजना बनाई है। शनिवार को एसडब्लूए ने इस सिलसिले में वेब सीरीज लिखने वालों के नामांकन घोषित किए। हालांकि, एसडब्लूए में अभी इस बात को लेकर एक राय नहीं है कि ओटीटी की किसी वेब सीरीज की लोकप्रियता नापने का पैमाना भारत में क्या होना चाहिए?
मशहूर लेखकों रॉबिन भट्ट और सुनील सालगिया की देखरेख में हुए इन नामांकनों के एलान के कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ लेखक श्रीधर राघवन ने किया। इन आभासी नामांकन कार्यक्रम में एक एक करके ज्यूरी सदस्यों ने अपनी अपनी कैटेगरी की प्रविष्टियों के बारे में जानकारी दी। एसडब्लूए अवॉर्ड कमेटी को कुल 43 नामांकन विभिन्न लेखकों की तरफ से हासिल हुए जिनमें से 13 को अंतिम सूची में शामिल किया गया है। एसडब्लूए अवॉर्ड्स 2020 की वेब सीरीज कैटेगरी में तीन उपश्रेणियां हैं, सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज – ओरीजनल कॉमेडी, सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज - ओरीजनल ड्रामा और सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज – एडॉप्टेशन।
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज – ओरिजनल कॉमेडी के लिए कुल पांच वेब सीरीज के लेखक नामांकन के दौर तक पहुंच सके। इनके नाम हैं, वेब सीरीज दिल्ली क्राइम के लिए रिची मेहता व संयुक्ता चावला, वेब सीरीज द फैमिली मैन के लिए सुमन कुमार, सुमीत अरोड़ा, राज और डीके, वेब सीरीज कोटा फैक्ट्री के लिए अभिषेक यादव, सौरभ खन्ना और संदीप जैन, वेब सीरीज लाखों में एक सीजन 2 के लिए अभिषेक सेनगुप्ता, बिस्वा कल्याण रथ और हुसैन हैदरी व वेब सीरीज मेड इन हेवेन के लिए अलंकृता श्रीवास्तव, जोया अख्तर और रीमा कागती।
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज - ओरिजनल कॉमेडी श्रेणी में भी पांच वेब सीरीज के लेखक नामांकन के अंतिम दौर तक पहुंच सके। इनके नाम हैं, वेब सीरीज एडल्टिंग 2 के मैत्रेयी उपाध्याय, नयना श्याम और प्रेक्षा खन्ना, फोर मोर शॉट्स के लिए देविका भगत व इशिता मोइत्रा, गर्ल्स हॉस्टल के लिए आशीष मनचंदा, चिराग रत्ना सिंह व श्रेयसी शर्मा, ट्रिपलिंग सीजन 2 के लिए आकर्ष खुराना व सुमीत व्यास और वर्जिन भास्कर के लिए अजयदीप सिंह व मनीष कुमार।
सर्वश्रेष्ठ वेब सीरीज- एडाप्टेशन श्रेणी में एसडब्लूए अवॉर्ड कमेटी ने सिर्फ तीन वेब सीरीज के लेखकों को नामांकन के दौर तक पहुंचने के लायक समझा। इनके नाम हैं, वेब सीरीज लैला के लिए असद हुसैन (संवाद), दीपा मेहता, पैट्रिक ग्राहम, सुहानी कंवर व उर्मि जुवेकर, सेक्रेड गेम्स सीजन 2 के लिए ध्रुव नारंग, निहित भावे, पूजा तोलानी व वरुण ग्रोवर और सेलेक्शन डे के लिए मार्स्टन ब्लूम, सुमित अरोड़ा व तनुजा चतुर्वेदी (हिंदी संवाद)। एसडब्लूए की हीरक जयंती समारोह में दिए जाने वाले इन पुरस्कारों के लिए नामांकित होने पर सभी लेखकों ने हर्ष और उल्लास जताया है। इन नामांकनों की घोषणा करते समय इनकी ज्यूरी से कुछ सवाल जवाब भी हुए।
‘अमर उजाला’ ने जब एसडब्लूए के अध्यक्ष रॉबिन भट्ट से ये जानना चाहा कि जैसे फिल्मों की लोकप्रियता इनके बॉक्स ऑफिस कलेक्शन और टीवी धारावाहिकों की लोकप्रियता इनकी टीआरपी से तय होती है तो क्या वेब सीरीज की लोकप्रियता का कोई मानक नहीं होना चाहिए? उनका कहना था कि ऐसी कोई जरूरत फिलहाल देश में दिखती नहीं है। वेब सीरीज का कारोबार अभी भारत में अपने शैशव काल में हैं। कुछ लेखकों ने ये भी कहा कि ऐसी कोई व्यवस्था होनी ही नहीं चाहिए नहीं तो फिर टीवी की तरह यहां भी लेखकों पर अपनी कहानियां बदलने का टीआरपी वाला दबाव आ सकता है। हालांकि, कुछ वरिष्ठ लेखकों ने यहां स्पष्ट किया कि टीवी और वेब सीरीज का काम करने का तरीका बिल्कुल अलग है। वेब सीरीज में किसी एक सीजन के सारे एपीसोड्स एक साथ ही लिखे जाते हैं और उनकी मंजूरी भी उसी तरह मिलती है।