Jubilee: अपारशक्ति खुराना की 'जुबली' के ग्लोबल प्रीमियर की घोषणा, इस दिन प्राइम वीडियो पर रिलीज होगी वेब सीरीज
यह प्यार की पराकाष्ठा को बयान करती वेब सीरीज है, जिसमें किरदार अपने सपनों, जुनून, महत्वाकांक्षा और प्यार को पाने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं। रिलीज से पहले ही फैंस का उत्साह देखा जा सकता है।
विस्तार
बॉलीवुड के जाने माने अभिनेता अपारशक्ति खुराना अपनी आगामी वेब सीरीज ‘जुबली’ को लेकर काफी चर्चा में चल रहे हैं। इस वेब सीरीज की कहानी प्यार और जुनूनियत पर आधारित है। अब हाल ही में, प्राइम वीडियो ने आगामी अमेजन ओरिजिनल सीरीज, 'जुबली' के ग्लोबल प्रीमियर की घोषणा की है। दर्शक इस वेब सीरीज का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इस वेब सीरीज में कुल 10 एपिसोड हैं, जिसका निर्देशन विक्रमादित्य मोटवानी ने किया है।
इस दिन स्ट्रीम होगी वेब सीरीज
यह प्यार की पराकाष्ठा को बयान करती वेब सीरीज है, जिसमें किरदार अपने सपनों, जुनून, महत्वाकांक्षा और प्यार को पाने के लिए कुछ भी करने के लिए तैयार हैं। रिलीज से पहले ही फैंस का उत्साह देखा जा सकता है। भारत और 240 देशों में प्राइम मेंबर्स सात अप्रैल को पहला पार्ट यानी की एक से पांच एपिसोड देख सकते हैं। वहीं, इसका दूसरा पार्ट 14 अप्रैल को स्ट्रीम होगा, जिसमें दर्शक छह से दस एपिसोड देख सकते हैं।
Mrs Chatterjee Vs Norway: रानी की फिल्म पर भारत में नॉर्वे के एम्बेसडर ने जताई आपत्ति, कहा, गलत तरीके से...
निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी ने बताया कैसी है वेब सीरीज
‘जुबली’ वेब सीरीज के बारे में बात करते हुए निर्माता और निर्देशक विक्रमादित्य मोटवानी ने कहा, ‘जुबली एक प्रेम कहानी है, जो मेरे दिल में हमेशा रही है । जब मैं फिल्मों में बतौर एक सहायक निर्देशक था तब से मैं इस कहानी पर काम करना चाहता था। 'जुबली' की कहानी हर इंसान के बारे मे कुछ बोलती नजर आती है और यही बात वह बात थी, जिसने मुझे पहली बार में कहानी की ओर आकर्षित किया था। हमने ऑडियंस को सीरीज से जोड़ने के लिए इसके प्रत्येक पहलू पर बहुत मेहनत की है। यह सफर काफी शानदार रहा, जिसमें कुछ सबसे अद्भुत अभिनेता और अब तक की सर्वश्रेष्ठ टीम ने साथ मिलकर काम किया है। इस सीरीज को बनाते हुए हमें काफी मजा आया और हम चाहते हैं कि ऑडियंस इसे अपना प्यार दे।’
यह दिग्गज कलाकार मुख्य भूमिका में आएंगे नजर
आपको बता दें कि ‘जुबली’ वेब सीरीज में प्रसेनजीत चटर्जी, अदिति राव हैदरी, अपारशक्ति खुराना, वामिका गब्बी, सिद्धांत गुप्ता, नंदीश संधू और राम कपूर जैसे कलाकार स्क्रीन पर आपका मनोरंजन करते हुए मिलेंगे। दर्शक इस सीरीज को देखने के लिए काफी एक्साइटेड हैं।