मनी लॉड्रिंग: जैकलीन फर्नांडिस की सुकेश चंद्रशेखर के साथ रोमांटिक फोटो वायरल, आरोपी के साथ रिश्ते से इनकार कर चुकी हैं अभिनेत्री
इस मामले में हुई पूछताछ के दौरान एक्ट्रेस प्रवर्तन निदेशालय के सामने रंगदारी के मामले के मास्टरमाइंड सुकेश चंद्रशेखर के साथ किसी भी रिश्ते को लेकर इनकार किया था।
विस्तार
200 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले के फंसी बॉलीवुड अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में अभिनेत्री की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। जिसके बाद से वह इस मामले को लेकर एक बार फिर चर्चा में हैं। दरअसल, इस मामले में हुई पूछताछ के दौरान एक्ट्रेस ने प्रवर्तन निदेशालय के सामने रंगदारी के मामले के मास्टरमाइंड सुकेश चंद्रशेखर के साथ किसी भी रिश्ते को लेकर इनकार किया था। वहीं, अब इंटरनेट पर उनकी सुकेश के साथ एक तस्वीर वायरल हो रही है।
इंटरनेट पर सामने आई यह तस्वीर एक्ट्रेस के बयान पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है। तस्वीर में सुकेश एक शीशे के सामने खड़े होकर फोटो खींच रहा है, जबकि अभिनेत्री उसके गाल पर किस करती नजर आ रही हैं। साथ ही वह सुकेश को गले लगाए भी दिखाई दे रही हैं।
तस्वीर के सामने आने के बाद मीडिया रिपोर्ट्स में ये दावा किया जा रहा है कि यह तस्वीर इसी साल अप्रैल और जून की है, जब दिल्ली की तिहाड़ जेल में कैद सुकेश अंतरिम जमानत पर जेल से बाहर आया था। इससे कुछ पहले अभिनेत्री की सुकेश के साथ एक अन्य फोटो भी वायरल हुई थी। इस तस्वीर में सुकेश जैकलीन को प्यार से गले लगता नजर आया था।
सुकेश पर रंगदारी के 15 मामले दर्ज हैं। आलीशान जिंदगी का शौकीन सुकेश बैंगलोर और चेन्नई में कई लोगों को कई करोड़ रुपये का चूना लगा चुका है। प्रवर्तन निदेशालय 200 करोड़ रुपये की रंगदारी के मामले की जांच कर रहा है। इसी मामले में अभिनेत्री जैकलीन का नाम सुकेश के साथ जुड़ा था। हालांकि, एक्ट्रेस ने सुकेश के साथ अपने रिश्ते की बात को खारिज कर दिया था।
इसके साथ ही सुकेश पर जैकलीन को महंगे गिफ्ट देने का भी आरोप है। इसके अलावा जैकलीन ने कपल के तौर पर सुकेश के साथ ठगी के मामले में शामिल होने वाले आरोपों से भी इनकार किया था। इस मामले में जैकलीन के अलावा मशहूर अभिनेत्री नोरा फतेही को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है।