अक्षय कुमार और कियारा आडवाणी की फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' को लेकर बवाल, हिंदू सेना ने लगाया धार्मिक भावनाओं से खिलवाड़ का आरोप
अभिनेता अक्षय कुमार की आने वाली फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' को लेकर उनकी मुसीबतें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। हिंदू सेना ने फिल्म के कलाकारों और निर्माताओं पर फिल्म के नाम के जरिए हिंदुओं की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप लगाया है। संगठन ने मांग की है कि इस फिल्म के शीर्षक को फौरन बदला जाए। इस बाबत हिंदू सेना ने सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर को एक शिकायती पत्र भी सौंपा है।
फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' का ट्रेलर आने के बाद से ही इस फिल्म को लेकर उत्तर से लेकर दक्षिण तक गर्मी बनी हुई है। फिल्म के नाम को लेकर विवाद इसी के बाद से शुरू हुआ फिल्म में हीरो का नाम और बाद में उसके देवी का रूप धरने को आपस में जोड़कर इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ने की कोशिश चल रही है। अब इस मामले में पहली बार किसी संगठन ने अपनी आपत्ति लिखित रूप से दर्ज कराई है। हिंदू सेना के प्रमुख विष्णु गुप्ता ने इस बाबत सुनवाई न होने पर उच्च न्यायालय का रुख करने और फिल्म के खिलाफ मुहिम छेड़ने की भी धमकी दी है।
दरअसल, फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' में अक्षय कुमार के किरदार का नाम आसिफ है जबकि मुख्य अभिनेत्री कियारा आडवाणी प्रिया का किरदार निभा रही हैं। फिल्म को लेकर विवाद यहीं से शुरू हुआ और बाद में इसमें फिल्म के नाम को लेकर आपत्ति भी जुड़ गई। ये फिल्म राघव लॉरेंस की तेलुगु फिल्म 'कंचना 2' का रीमेक है। अक्षय की फिल्म 'लक्ष्मी बॉम्ब' का निर्देशन भी राघव लॉरेंस ने ही किया है।
पढ़ें: आमिर खान ने बताई 'दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे' की खासियत, शाहरुख खान और काजोल की फिल्म की तारीफ में कही ये बात