Jawan: अनिल शर्मा को भाया शाहरुख की 'जवान' का ट्रेलर, इस वजह से किंग खान के साथ डायरेक्टर ने नहीं किया काम
हाल ही में एक साक्षात्कार में अनिल शर्मा ने यह खुलासा किया है कि उन्होंने शाहरुख खान की आगामी एक्शन फिल्म 'जवान' का ट्रेलर देखा है,जो उन्हें काफी पसंद आया है।
विस्तार
बॉलीवुड के जाने-माने निर्देशक अनिल शर्मा इन दिनों अपनी फिल्म 'गदर 2' की सफलता का आनंद उठा रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर डायरेक्टर और फिल्म की एक्ट्रेस अमीषा पटेल के बीच कोल्ड वॉर छिड़ी हुई है। 'गदर: एक प्रेम कथा' और 'गदर 2' में सकीना का किरदार निभाने वाली अमीषा पटेल ने उन पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। हाल ही में एक साक्षात्कार में अनिल शर्मा ने यह खुलासा किया है कि उन्होंने शाहरुख खान की आगामी एक्शन फिल्म 'जवान' का ट्रेलर देखा है,जो उन्हें काफी पसंद आया है। इसके साथ ही निर्देशक ने यह भी साझा किया कि उन्होंने अभी तक शाहरुख खान के साथ काम क्यों नहीं किया।
अनिल शर्मा को भाया 'जवान' का ट्रेलर
बातचीत के दौरान उन्होंने कहा, "मुझे जवान का ट्रेलर बहुत पसंद आया। मैं हमेशा से शाहरुख खान का फैन रहा हूं। मैं ट्रेलर में उनके लुक से काफी प्रभावित हूं। खासकर उनके गंजे लुक से यह बेहद शानदार है। मैं जवान को इसके रिलीज वाले दिन ही देखूंगा।" इंटरव्यू के दौरान, जब निर्देशक से यह पूछा गया कि उन्होंने अभी तक किंग खान के साथ काम क्यों नहीं किया, तो उन्होंने कहा, "मुझे कभी भी शाहरुख के साथ काम करने का मौका नहीं मिला। अगर मुझे कभी मौका मिला, तो मैं जरुर उनके साथ काम करूंगा।''
उन्होंने आगे कहा, ''शाहरुख एक बड़े स्टार हैं, फिल्म निर्माता उनके साथ काम करने के लिए कतार में इंतजार कर रहे हैं। मुझे मौका कैसे मिलेगा? इसलिए, मैं इसके बारे में ज्यादा नहीं सोचता।"
इस दिन रिलीज होगी फिल्म
बता दें कि एटली के निर्देशन में बनी 'जवान' में शाहरुख खान , नयनतारा, विजय सेतुपति मुख्य किरदार में नजर आने वाले हैं। फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सात सितंबर को शानदार शुरुआत करने के लिए तैयार है। फिल्म में दीपिका पादुकोण, सान्या मल्होत्रा और सुनील ग्रोवर भी नजर आएंगे।
यह भी पढ़ें- Anurag Kashyap: विक्की-नवाजुद्दीन से अपनी फिल्मों में काम करवाने पर बोझ महसूस करते हैं अनुराग, बताई यह वजह