Tara Sutaria: 'एक विलेन रिटर्न्स' के बाद इस थ्रिलर फिल्म में नजर आएंगी तारा, दिखाएंगी अपना एक्शन अवतार
बॉलीवुड अभिनेत्री तारा सुतारिया ने अपनी अगली फिल्म की जानकारी दी है, जिसका निर्देशन निखिल नागेश भट करने जा रहे हैं। इस फिल्म का नाम 'अपूर्वा' है।
विस्तार
तारा सुतारिया बॉलीवुड की खूबसूरत अभिनेत्री हैं, जो इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' को लेकर सुर्खियों में हैं। इस फिल्म में तारा के साथ दिशा पाटनी, जॉन अब्राहम और अर्जुन कपूर नजर आएंगे। इन दिनों ये कलाकार अपनी फिल्म का प्रमोशन करने में जुटे हुए हैं। इसी बीच अब तारा सुतारिया की अगली फिल्म की घोषणा हो गई है, जिसका नाम 'अपूर्वा' है और इस फिल्म का निर्देशन निखिल नागेश भट करने जा रहे हैं।
एक्शन से भरपूर होगी फिल्म
स्टार स्टूडियोज और सिने1 स्टूडियोज ने तारा सुतारिया के साथ अपने अगले प्रोजेक्ट 'अपूर्वा' की घोषणा की है, जो एक एक्शन थ्रिलर फिल्म होगी और इसकी शूटिंग भी जल्द ही शुरू हो जाएगी। यह फिल्म तारा सुतारिया के लिए काफी खास है। 'अपूर्वा' तारा सुतारिया की पहली सोलो फिल्म होगी। यानी इस फिल्म की पूरी कहानी तारा सुतारिया के इर्द-गिर्द घूमती हुई नजर आएगी। इस फिल्म के जरिए दर्शक भी तारा का एक नया अवतार देख पाएंगे।
फिल्म पर तारा का पोस्ट
तारा सुतारिया ने भी अपनी इस नई फिल्म की जानकारी फैंस को देने के लिए इंस्टाग्राम पर कुछ तस्वीरें शेयर की हैं, जिसके साथ अभिनेत्री ने लिखा, 'फियरलेस का एक नया चेहरा है और उसका नाम है अपूर्वा। मैं इतनी मजबूत, शक्तिशाली लड़की की भूमिका निभाने के लिए बहुत सम्मानित और रोमांचित हूं। अपूर्वा परेशानियों के साथ अस्तित्व का खेल है। दिल दहला देने वाली कहानी, जो आपको अंत तक बांधे रखेगी।'
तारा का करियर
तारा सुतारिया के करियर की बात करें तो अभिनेत्री ने एक्टिंग की शुरुआत फिल्म 'स्टूडेंट ऑफ द ईयर 2' से की थी, जिसमें तारा के साथ अनन्या पांडे और टाइगर श्रॉफ भी थे। इसके बाद वह 'मरजावां', 'तड़प' और 'हीरोपंती 2' में दिखाई दीं। अब उनकी फिल्म 'एक विलेन रिटर्न्स' 29 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है।