Dhurandhar Box Office: 'धुरंधर' ने आखिर कर ही लिया 'छावा' का शिकार; 20वें दिन 600 करोड़ क्लब में मारी छलांग
Dhurandhar Collection Day 20: फिल्म 'धुरंधर' हर दिन अपने कारोबार से हैरान कर रही है। अब यह फिल्म साल 2025 की सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बन चुकी है। इसने विक्की कौशल की 'छावा' को पीछे छोड़ दिया है।
विस्तार
फिल्म 'धुरंधर' ने आज 20वें दिन एक और रिकॉर्ड अपने नाम दर्ज कर लिया है। यह फिल्म अब 600 करोड़ क्लब का हिस्सा बन गई है। इसी के साथ बॉक्स ऑफिस कारोबार के मामले में यह इस साल की टॉप हिंदी फिल्म बन गई है। विक्की कौशल की 'छावा' से नंबर वन का सिंहासन छीनकर 'धुरंधर' ने कब्जा जमाया है। इतना ही नहीं, सबसे तेज 600 करोड़ कमाने के मामले में इसने शाहरुख खान की 'जवान' को धूल चटा दी है।
20वें दिन का कलेक्शन
फिल्म 'धुरंधर' पहले दिन से ही बॉक्स ऑफिस पर जादू चला रही है। ओपनिंग वीक में इसने 207.25 करोड़ रुपये कमाए थे। दूसरे वीक में कमाई 253.25 करोड़ रुपये रही। तीसरे सप्ताह भी इसका जोरदार प्रदर्शन जारी है। कल मंगलवार को फिल्म ने 17.25 करोड़ रुपये कमाए थे। वहीं, आज बुधवार को भी यह दर्शकों को रिझा रही है। खबर लिखे जाने तक प्राप्त आंकड़ों के मुताबिक इसने आज बुधवार को 20वें दिन 11.18 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया है। फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 600.68 करोड़ रुपये हो गया है।
'जवान' से भी तेज कमाए 600 करोड़
फिल्म 'धुरंधर' ने 600 करोड़ रुपये 'जवान', 'स्त्री 2' और 'छावा' से भी तेज गति से कमाए हैं। इसने सिर्फ 20 दिनों में यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। 600 करोड़ क्लब में शामिल होने के मामले में किस फिल्म ने कितने दिन लगाए? देखिए:
| फिल्म | 600 करोड़ क्लब में शामिल होने में लगे दिन |
| पुष्पा 2 | 13 |
| धुरंधर | 20 |
| जवान | 25 |
| स्त्री 2 | 39 |
| छावा | 65 |
20वें दिन की कमाई के मामले में बनी नंबर वन
फिल्म 'धुरंधर' ने आज 20वें दिन न सिर्फ 600 करोड़ी क्लब में एंट्री ली है, बल्कि 20वें दिन कलेक्शन जुटाने वाली हिंदी फिल्मों में भी यह नंबर वन बन चुकी है। 20वें दिन सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में अब तक 'पुष्पा 2' पहले नंबर पर थी। अल्लू अर्जुन की इस फिल्म 20वें दिन 11.5 करोड़ रुपये कमाए थे।
क्या क्रिसमस पर करेगी बंपर कमाई?
फिल्म 'धुरंधर' की अब तक की कमाई शानदार रही है। वीकएंड पर इसकी कमाई में जबर्दस्त उछाल आया था। इसके बाद इसने तीसरे सोमवार, मंगल और बुधवार को भी झमाझम नोट छापे हैं। कल गुरुवार 25 दिसंबर को क्रिसमस के मौके पर इसके सामने कार्तिक आर्यन और अनन्या पांडे की फिल्म 'मैं तेरा तू मेरी तू मेरा मैं तेरी' रिलीज हो रही है। देखना दिलचस्प होगा कि इस फिल्म से 'धुरंधर' को टक्कर मिलेगी या कोई और रिकॉर्ड यह अपने नाम दर्ज करेगी।