रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ विवाद पर CINTAA अध्यक्ष पूनम ढिल्लों हुईं नाराज, कहा- ‘संस्था की मदद लेनी चाहिए थी’
Ranveer Singh Don 3 Dispute: बॉलीवुड एक्टर रणवीर सिंह और फरहान अख्तर के ‘डॉन 3’ विवाद पर सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों का रिएक्शन सामने आया है। जानिए उन्होंने क्या कहा।
विस्तार
रणवीर सिंह और ‘डॉन 3’ विवाद के बीच अब एक नया मोड़ सामने आया है। एक्ट्रेस और CINTAA (सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन) की अध्यक्ष पूनम ढिल्लों ने इस पूरे मामले पर निराशा जताई है। उनका कहना है कि इस विवाद में CINTAA को शामिल ही नहीं किया गया, जबकि यह संस्था कलाकारों का आधिकारिक प्रतिनिधित्व करती है।
मुद्दे को बातचीत से सुलझाया जा सकता था
पूनम ढिल्लों ने कहा कि यह स्थिति काफी अजीब है, क्योंकि रणवीर सिंह खुद CINTAA के सदस्य हैं, लेकिन न तो उन्होंने, न ही प्रोड्यूसर या फेडरेशन ने इस मामले में एसोसिएशन को भरोसे में लिया। अगर ऐसा होता, तो शायद इस मुद्दे को बातचीत से सुलझाया जा सकता था। उन्होंने कहा कि CINTAA का काम ही ऐसे विवादों को सुलझाना है।
रणवीर CINTAA की मदद ले सकते थे
उन्होंने आगे कहा कि रणवीर सिंह चाहें तो इस मामले में CINTAA की मदद ले सकते थे, ताकि चीजों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाया जा सके। साथ ही उन्होंने सभी कलाकारों से अपील की कि वे अपनी जिम्मेदारियों को पूरी ईमानदारी से निभाएं और अगर कोई समस्या हो तो एसोसिएशन से संपर्क करें।
हालांकि, पूनम ढिल्लों ने यह भी साफ किया कि उन्हें इस पूरे मामले की पूरी जानकारी नहीं है, इसलिए वह इस पर ज्यादा टिप्पणी नहीं करना चाहतीं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, यह विवाद रणवीर सिंह के ‘डॉन 3’ से अचानक बाहर होने के बाद शुरू हुआ। खबरों के मुताबिक, फिल्म के मेकर्स- फरहान अख्तर और एक्सेल एंटरटेनमेंट ने करीब 40-45 करोड़ रुपये के प्री-प्रोडक्शन खर्च का हवाला देते हुए मुआवजे की मांग की है। इसके बाद मामला प्रोड्यूसर्स गिल्ड ऑफ इंडिया तक पहुंचा और फिर FWICE (फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज) को भी इसमें शामिल किया गया।

FWICE ने 25 मई को रणवीर सिंह के खिलाफ नॉन-कोऑपरेशन का आदेश जारी किया। उनका आरोप है कि रणवीर ने बार-बार बुलाने के बावजूद फेडरेशन के सामने पेश होकर अपनी बात नहीं रखी। वहीं, FWICE के सलाहकार अशोक पंडित का कहना है कि फिल्म की टीम पहले ही होटल बुकिंग, विदेश यात्रा, लोकेशन रेक्की जैसे कामों पर काफी खर्च कर चुकी थी, तभी रणवीर ने फिल्म छोड़ दी।