Bhool Bhulaiyaa 2: कार्तिक ने 'भूल भुलैया 2' की सफलता का मनाया जश्न, एनजीओ के बच्चों के साथ किया सिग्नेचर स्टेप
कार्तिक आर्यन की फिल्म 'भूल भुलैया 2' रिलीज के चार हफ्तों बाद भी बॉक्स ऑफिस पर धमाल मचा रही है। अनीस बज्मी के निर्देशन में बनी इस फिल्म ने अब तक 175 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है और अब यह फिल्म जल्द ही 200 करोड़ रुपये के क्लब में प्रवेश करने वाली है। बता दें कि यह कार्तिक आर्यन के करियर की सबसे सफल फिल्म है। यही कारण है कि फिल्म की सफलता का जश्न मनाने के लिए कार्तिक आर्यन ने एनजीओ के बच्चों के लिए एक विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया।
एनजीओ के बच्चों के साथ कार्तिक आर्यन की तस्वीरें इंटरनेट पर तेजी से वायरल हाे रही हैं। तस्वीरों में कार्तिक को पहले थिएटर के बाहर और फिर स्क्रीनिंग के दौरान बच्चों के साथ पोज देते देखा जा सकता है। इतना ही नहीं कार्तिक आर्यन ने बच्चों के साथ मिलकर सिग्नेचर स्टेप 'हाय राम' करते हुए तस्वीरें भी क्लिक करवाईं। बता दें कि 'भूल भुलैया 2' के निर्माता, भूषण कुमार, कार्तिक और बच्चों के साथ स्क्रीनिंग में शामिल हुए थे। उन्होंने भी कई तस्वीरें क्लिक के लिए पोज दिए।
वहीं बुधवार यानी 15 जून को, कार्तिक कुछ स्ट्रीट किड्स के साथ बातचीत करने की वजह से चर्चा में थे। इन स्ट्रीट किड्स में से एक ने कार्तिक को 'भूल भुलैया 2' की कहानी सुनाई। बच्चों ने खुलासा किया कि उन्होंने फिल्म देखी और उन्होंने भूल भुलैया 2 काफी पसंद आई।