अनुपम खेर ने शुरू की ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग, 550वीं फिल्म करने पर बोले- ‘अभी इंटरवल पॉइंट पर पहुंचा हूं’
Anupam Kher Khosla Ka Ghosla 2: अनुपम खेर ने अपनी 550वीं फिल्म की शूटिंग शुरू कर दी है। ये फिल्म ‘खोसला का घोसला’ का दूसरा पार्ट है। जानिए इस मौके पर अनुपम ने किस तरह अपने सफर को किया याद…
विस्तार
दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने अपनी 550वीं फिल्म की घोषणा कर दी है और इसकी शूटिंग भी शुरू कर दी है। सबसे खास बात ये है कि यह फिल्म अनुपम की हिट फिल्म ‘खोसला का घोसला’ का दूसरा पार्ट ‘खोसला का घोसला 2’ है। एक्टर ने इसकी जानकारी देते हुए अपने सिनेमाई सफर के बारे में एक पोस्ट साझा की है। जानिए इस पोस्ट में अनुपम ने क्या कुछ कहा…
मुंबई पहुंचने के अपने सफर को किया याद
अनुपम ने अपने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा की है। इसमें अनुपम खेर की तस्वीर के साथ उनकी बाकी फिल्मों से उनके किरदारों की तस्वीरें बनी हैं। साथ ही लिखा है ‘550 नॉट आउट’। इसके कैप्शन में अनुपम खेर ने अपने सफर पर नजर डालते हुए लिखा, ‘तो आप भारतीय सिनेमा के मैराथन मैन हैं। पिछले साल कान फिल्म फेस्टिवल में एक अंतरराष्ट्रीय निर्देशक ने मुझसे कहा था, जब मैंने उन्हें अपनी फिल्मों की संख्या बताई थी। तो आज जब मैं अपनी 550वीं फिल्म खोसला का घोसला 2 की शूटिंग शुरू कर रहा हूं, तो मेरा दिल कृतज्ञता और धन्यवाद से भरा है। जब मैं 3 जून 1981 को सपनों के शहर मुंबई में उतरा, तब मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि मैं 550 फिल्मों का यह मील का पत्थर हासिल कर लूंगा।’
विज्ञापन विज्ञापन
सपनों की कोई सीमा नहीं होती
अपनी पोस्ट में आगे ‘खोसला का घोसला 2’ की शूटिंग के पहले दिन का जिक्र करते हुए अनुपम ने आगे लिखा, ‘लेकिन मैं यहां दिल्ली में हूं और खोसला का घोसला 2 के लिए अपना पहला शॉट देने को तैयार हूं। आपको बता दूं कि मुझे सच में लगता है कि मेरे पास देने के लिए बहुत कुछ है, करने के लिए बहुत कुछ है। मैं अभी अपने जीवन और करियर के 'इंटरवल पॉइंट' पर ही पहुंचा हूं। सपनों की कोई समय सीमा नहीं होती। मेरा आशावाद, मेरा कभी हार न मानने वाला रवैया और मेरी कड़ी मेहनत करने की क्षमता मेरी सबसे बड़ी ताकत रही है। लेकिन इन सभी वर्षों में मेरा टिके रहना केवल मेरे सभी निर्माताओं, निर्देशकों, को-एक्टर्स, टेक्नीशियंस और सबसे बढ़कर आप, मेरे दर्शकों के समर्थन के कारण ही संभव हो पाया है। आपके समर्थन के बिना इस मुकाम तक पहुंचना कभी संभव नहीं होता। इसलिए दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद। जय हो! जय हिंद! ओम नम: शिवाय!’
आखिरी बार 'द बंगाल फाइल्स' में नजर आए अनुपम खेर
70 साल की उम्र में भी अनुपम खेर फिल्मों में लगातार सक्रिय हैं। साल 2025 में भी वो कई फिल्मों में नजर आए। इनमें उनके निर्देशन में बनी 'तन्वी द ग्रेट' के अलावा 'मेट्रो इन दिनों', 'द बंगाल फाइल्स' और 'हरि हर वीर मल्लु' जैसी फिल्में शामिल हैं।