ADR: ओडिशा विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण में 126 उम्मीदवार करोड़पति, 100 पर आपराधिक केस; दो प्रत्याशी अशिक्षित
ADR: ओडिशा में विधानसभा चुनाव के तहत 25 मई को तीसरे चरण का मतदान होगा। इस चरण में कुल मिलाकर 126 करोड़पति उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
ओडिशा में लोकसभा चुनाव के साथ साथ विधानसभा चुनाव को लेकर भी सरगर्मी बढ़ी हुई है। विधानसभा चुनाव की बात करें तो राज्य में 25 मई को तीसरे चरण का मतदान होगा। इस चरण में कुल मिलाकर 126 करोड़पति उम्मीदवार ताल ठोक रहे हैं। 227.67 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ, सबसे अमीर प्रत्याशी बीजेडी के सनातन महाकुड हैं, जो कि चंपुवा से चुनाव लड़ रहे हैं। ओडिशा में 25 मई को छह लोकसभा क्षेत्रों और 42 विधानसभा क्षेत्रों के लिए मतदान होगा।
126 उम्मीदवार करोड़पति- एडीआर रिपोर्ट
एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म (एडीआर) और ओडिशा इलेक्शन वॉच संस्थाओं ने 383 में से 381 प्रत्याशियों द्वारा दिए गए हलफनामों का विश्लेषण किया है। ये सभी प्रत्याशी 42 विधानसभा सीटों से ताल ठोक रहे हैं। एडीआर की रिपोर्ट के अनुसार इनमें से 33 प्रतिशत यानी 126 उम्मीदवार करोड़पति हैं। घासीपुरा से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे सौम्य रंजन पटनायक 122.86 करोड़ की संपत्ति के साथ दूसरे सबसे अमीर प्रत्याशी हैं। तीसरे स्थान पर नयागढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहीं भाजपा प्रत्याशी प्रत्यूशा राजेश्वरी सिंह हैं। उन्होंने हलफनामे में कुल मिलाकर 120.56 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति दिखाई है।
बीजेडी के 36 उम्मीदवार करोड़पति
एडीआर की रिपोर्ट पर नजर डालने से पता चलता है कि राजनीतिक दलों ने धनवान प्रत्याशियों को अधिक टिकट बांटे हैं। इनमे बीजेडी के 36, कांग्रेस के 29, भाजपा के 28 और आम आदमी पार्टी के चार प्रत्याशियों ने हलफनामे में अपनी संपत्ति एक करोड़ रुपये से ज्यादा घोषित की है। एडीआर की रिपोर्ट में बताया गया है कि तीसरे चरण के चुनाव में ताल ठोक रहे प्रत्याशियों की औसत संपत्ति 3.47 करोड़ रुपये है।
सबसे गरीब प्रत्याशियों की सूची
सबसे कम संपत्ति वाले प्रत्याशियों की बात करें तो बारंबा सीट से समृद्ध ओडिशा पार्टी के प्रत्याशी कैलाश चंद्र नायक पहले स्थान पर है। उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 1000 रुपये दिखाई है। इसके अलावा ब्रह्मगिरी सीट से निर्दलीय प्रत्याशी सुकांता घादेई ने अपनी कुल संपत्ति 2000 रुपये दिखाई है। वहीं सीपीआई-एमएल प्रत्याशी गोपीनाथ नायक ने अपनी कुल संपत्ति 2000 रुपये घोषित की है।
100 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले
381 में से 100 प्रत्याशियों पर आपराधिक मामले दर्ज हैं, जबकि 86 प्रत्याशियों पर गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। एडीआर रिपोर्ट के अनुसार 381 में से 155 प्रत्याशी 5वीं से 12वीं तक पढ़े हुए हैं, जबकि 210 प्रत्याशियों के पास स्नातक डिग्री है। वही, 12 उम्मीदवार डिप्लोमा धारक हैं। दो प्रत्याशी सिर्फ शिक्षित हैं और दो अशिक्षित हैं।