Nipun Samman: मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के लिए हर महीने होगा निपुण सम्मान समारोह, यूपी सीएम ने दिए आदेश
Nipun Samman: मूल्यांकन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य के अधीन किया जाएगा। सरकार ने कहा कि माता-पिता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को समारोह में आमंत्रित किया जाएगा और छात्र को बैज प्रदान किया जाएगा।
विस्तार
Uttar Pradesh Government Nipun Samman: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेधावी छात्रों को सम्मानित करने के लिए हर महीने निपुण सम्मान समारोह आयोजित करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने स्किल इंडिया मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न गतिविधियों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। स्कूल शिक्षा महानिदेशक विजय किरण आनंद ने कहा कि कक्षा एक से तीन तक के छात्र पुरस्कार के लिए पात्र होंगे, यदि वे अपनी कक्षा के लिए हिंदी और गणित में प्रवीणता के लक्ष्यों को पूरा करते हैं। निपुण लक्ष्य एप के जरिए बच्चों की कौशल दक्षता का आकलन किया जाएगा।
वहीं, मूल्यांकन जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य के अधीन किया जाएगा। सरकार ने कहा कि माता-पिता और अन्य गणमान्य व्यक्तियों को समारोह में आमंत्रित किया जाएगा और छात्र को बैज प्रदान किया जाएगा। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य चालू सत्र (जनवरी से मार्च) के लिए रोस्टर तैयार करेंगे, जिसमें डिप्लोमा इन एलीमेंट्री एजुकेशन (DElEd) प्रशिक्षणार्थियों को स्कूल आवंटित किए जाएंगे।
शिक्षक और डीएलएड प्रशिक्षु यह सुनिश्चित करेंगे कि मूल्यांकन के दौरान बच्चों को उत्तर निर्धारित करने में सहायता नहीं दी जाए। प्रतिक्रिया यानी उत्तर दर्ज करने के बाद, परिणाम स्वचालित रूप से एप पर दिखाई देने लगेंगे। सरकार ने कहा कि मूल्यांकन के परिणाम स्कूल के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों के साथ साझा किए जाएंगे और संकलित मासिक प्रगति की जानकारी जिला शिक्षा और प्रशिक्षण संस्थान के प्राचार्य और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भेजी जाएगी। सभी जिला विद्यालयों में मार्च माह तक एप पर मूल्यांकन कार्य पूर्ण हो, इसके लिए रोस्टर बनाने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कमेंट
कमेंट X