Rajasthan 12th Board Practical: राजस्थान में 12वीं की प्रैक्टिकल परीक्षा इस तारीख से, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
राजस्थान में 17 जनवरी, 2022 से 12वीं कक्षा की बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने बोर्ड परीक्षा को लेकर उच्च स्तरीय समिति की बैठक में फैसला लिया है। 3 मार्च, 2022 से 12वीं कक्षा की परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा के बोर्ड प्रैक्टिकल 17 जनवरी, 2022 से आयोजित किए जाएंगे। इस संबंध में राज्य के शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने उच्च स्तरीय समिति की बैठक में बोर्ड परीक्षा को लेकर अहम निर्णय लिए। इस बैठक में फैसला लिया गया है कि 12वीं कक्षा के बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा निर्धारित समय पर ही आयोजित किए जाएंगे। साथ ही, 3 मार्च, 2022 से राज्य में 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा। शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने कहा है कि कोविड-19 के दिशा-निर्देशों के तहत 3 मार्च से छात्रों की परीक्षा होंगी। छात्रों को इन दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा। छात्र शारीरिक दूरी बनाएंगे और मुंह पर मास्क पहनकर परीक्षा देने के लिए पहुंचेंगे। राज्य में कुल 20 लाख से ज्यादा छात्र बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। यह सभी छात्र राजस्थान के 6 हजार से ज्यादा परीक्षा केंद्रों में परीक्षा देंगे। राज्य में कोरोना के लगातार बढ़ते मामलों के बीच बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षाओं का संचालन करने पर फैसला किया गया है। शिक्षा मंत्री ने जानकारी दी है कि परीक्षा केंद्रों में सैनिटाइजर की बी व्यवस्था होगी। साथ ही राज्य की परीक्षाएं समय पर ही आयोजित की जाएंगी।
शिक्षक लेंगे प्रैक्टिकल परीक्षाएं
शिक्षा मंत्री डॉ बीडी कल्ला ने कहा कि 17 जनवरी, 2022 से 12वीं कक्षा के प्रैक्टिकल शुरू हो जाएंगे। यह प्रैक्टिकल स्थानीय शिक्षक ही लेंगे। उन्हें ही इन परीक्षाओं के लिए नियुक्त किया जाएगा। पूर्व में बोर्ड परीक्षा के प्रैक्टिकल के लिए बाहर से शिक्षकों को नियुक्त किया जाता था। वहीं, छात्र भी बोर्ड प्रैक्टिकल परीक्षा को लेकर तैयारी करने में जुट गए हैं। फिजिक्स, केमिस्ट्री जैसे विषयों के छात्र इसके लिए अभ्यास भी कर रहे हैं।
सीसीटीवी कैमरों से होगी परीक्षा केंद्रों की निगरानी
राज्य सरकार की तरफ से बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विभिन्न व्यवस्थाओं की तैयारी की गई है। इसमें कई पुलिस टीमों व गार्डों की तैनाती भी की जाएगी। जिसमें कुल 2874 होमगार्ड के साथ 830 पुलिस टीमों को तैनात किया जाएगा। साथ ही 300 परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी। उत्तर कुंजी के कलेक्शन सेंटर, विवरण केंद्र व परीक्षा केंद्रों पर यह सीसीटीवी लगेंगे।
30 जनवरी तक बंद रहेंगे स्कूल
राज्य सरकार ने कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण राजस्थान में 30 जनवरी, 2022 तक स्कूलों को बंद करने का फैसला लिया है। राजस्थान में पिछले 24 घंटे में 5,660 नए कोरोना संक्रमण के मामले दर्ज हुए हैं। अब तक राज्य में 19,467 कोरोना के मामले सक्रिय हैं। राज्य सरकार 17 जनवरी, 2022 को होने वाले प्रैक्टिकल के लिए कोविड-19 दिशा-निर्देशों का सख्त तरीके से पालन करेगी। छात्रों को भी दिशा-निर्देश जारी करते हुए उसका अच्छी तरह से पालन करने के लिए बोला गया है।
कमेंट
कमेंट X