Sarkari Naukri: सेना भर्ती के लिए आ पहुंचे थे हजारों युवा, पुलिस ने करा दी घर वापसी! जानिए मामला
सोशल मीडिया पर सेना भर्ती से जुड़ी अफवाह के कारण बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का जमावड़ा लग गया। नासिक रेलवे स्टेशन पर उम्मीदवारों की भीड़ लग गई। मराठी भाषा में वायरल हुए झूठे संदेश में लिखा था कि 16 से लेकर 18 दिसंबर 2021 को नासिक जिले में टीए बटालियन में भर्ती की जाएगी।
विस्तार
सरकारी या अन्य नौकरी की तलाश में लगे युवाओं की परेशानी केवल नौकरी खोजना नहीं बल्कि फेक न्यूज यानी झूठी जानकारियों से निपटना भी होता है। देश के करोड़ों युवा हर रोज कहीं न कहीं नौकरी के लिए आवेदन कर रहे होते हैं। वह कई बार गलत विज्ञापन और वेबसाइट के चक्करों में पड़ कर अपना समय और पैसे दोनों गवां देते हैं।
ऐसी ही एक घटना महाराष्ट्र के नासिक जिले से सामने आई है। यहां सोशल मीडिया पर सेना भर्ती से जुड़ी अफवाह के कारण बड़ी संख्या में उम्मीदवारों का जमावड़ा लग गया। नासिक रेलवे स्टेशन पर उम्मीदवारों की भीड़ लग गई। मराठी भाषा में वायरल हुए झूठे संदेश में लिखा था कि 16 से लेकर 18 दिसंबर 2021 को नासिक जिले में टीए बटालियन में भर्ती की जाएगी।
बड़ी संख्या में छात्र जुटे
सेना भर्ती की अफवाह तब और तेज हो गई जब शहर के चौक पर इस भर्ती से जुड़ा एक पोस्टर भी लगा दिया गया। नासिक के देवलाली में बड़ी संख्या में छात्र आ गए। वायरल संदेश में जिक्र किए गए स्थान पर आने के बाद उम्मीदवारों को इस बात की जानकारी मिली कि भर्ती की बात केवल एक अफवाह थी। सेना की ओर से ऐसा कोई भी आयोजन नहीं किया जा रहा है। जिसके बाद दूर-दूर से आए छात्रों के चेहरे पर उदासी छा गई।
पुलिस ने उम्मीदवारों को घर भेजा
पूरे मामले पर नासिक रोड पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया, "बाहर से आ रहे लोगों से पता चला कि 16-18 दिसंबर के बीच सेना की टीए बटालियन में भर्ती है। सोशल मीडिया पर किसी ने अफवाह फैलाई है।" पुलिस ने युवाओं से झूठे और भ्रामक खबरों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने सभी युवाओं को सही जानकारी देकर उनके घरों को भेज दिया है।
महाराष्ट्र: सोशल मीडिया पर सेना में भर्ती की अफवाह फैलने के बाद बड़ी संख्या में युवक नासिक पहुंचे।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 16, 2021
नासिक रोड पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर ने बताया, "बाहर से आ रहे लोगों से पता चला कि 16-18 दिसंबर के बीच सेना की टीए बटालियन में भर्ती है। सोशल मीडिया पर किसी ने अफवाह फैलाई है।" pic.twitter.com/jNMVmMtxMX
कैसे करें झूठी खबरों के विश्वसनीयता की पहचान?
सरकारी नौकरी के लिए भर्ती में जाने से पहले उम्मीदवारों को संदर्भ के लिए हमेशा ही संस्था की आधिकारिक वेबसाइट को देखना चाहिए। सरकारी संगठन या संस्था अपनी वेबसाइट के माध्यम से, रोजगार समाचार के साप्ताहिक संस्करणों के माध्यम से और अपने सत्यापित सोशल मीडिया हैंडल, आधिकारिक ट्विटर हैंडल के माध्यम से नौकरियों और उनके नियमों में बदलाव की घोषणा करते हैं। ये विज्ञापन राष्ट्रीय और क्षेत्रीय समाचार पत्रों में भी प्रकाशित किए जाते हैं। धोखाधड़ी करने वाली वेबसाइट और रिक्रूटर्स अक्सर उम्मीदवारों को समान दिखने वाली जॉब नोटिफिकेशन और एप्लीकेशन फॉर्मेट के साथ नौकरी उपलब्ध कराने का झांसा देते हैं। इस कारण कई उम्मीदवार ठगी का भी शिकार हो जाते हैं।
कमेंट
कमेंट X