Delhi Nursery Admission: ऑफलाइन-ऑनलाइन के फेर में फंसे अभिभावक, पहले दिन कहीं 20 तो किसी स्कूल में 137 आवेदन
Delhi Nursery Admission: दिल्ली के निजी स्कूलों में नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। पहले दिन ही वह ऑफलाइन व ऑनलाइन फॉर्म के फेर में फंस गए। पहले दिन किसी स्कूल में 20 तो किसी स्कूल में 137 तक आवेदन हुए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Delhi Nursery Admission: दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2025-26 में नर्सरी, केजी व पहली कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन की रेस बृहस्पतिवार को शुरू हो गई। आवेदन प्रक्रिया के पहले दिन ही अभिभावक कई स्कूलों में फॉर्म लेने के लिए समय से पहले ही पहुंच गए। हालांकि, पहले दिन ही वह ऑफलाइन व ऑनलाइन फॉर्म के फेर में फंस गए। वहीं, तीन सौ से अधिक स्कूलों के मानक पता नहीं होने के कारण अभिभावकों को परेशानी हुई। पहले दिन किसी स्कूल में 20 तो किसी स्कूल में 137 तक आवेदन हुए।
ऑफलाइन व ऑनलाइन आवेदन के फेर में फंसे अभिभावक
अधिकतर नामी स्कूलों ने अभिभावकों की सहूलियत के लिए अपनी दाखिला प्रक्रिया को ऑनलाइन ही बनाया है। इस कारण से कई अभिभावकों ने ऑनलाइन ही आवेदन किया। वहीं कई अभिभावकों को यह पता नहीं चल सका कि किस स्कूल में ऑफलाइन या ऑनलाइन प्रक्रिया है।
दक्षिणी दिल्ली में रहने वाली रूबी ने बताया कि उन्हें अपनी बेटी का दाखिला कराना है। वह कहती हैं कि जानकारी से पता चला है कि अच्छे स्कूल में दाखिले की चाह में ज्यादा से ज्यादा आवेदन करना होगा, इसलिए कम से कम 25 स्कूलों में फॉर्म भरने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने जिन स्कूलों में दाखिला लेना है उनकी सूची तो बना ली लेकिन उन्हें यह नहीं पता कि कहां ऑफलाइन है और कहां ऑनलाइन है। वह कहती हैं कि शिक्षा निदेशालय को इसकी जानकारी भी अभिभावकों को देनी चाहिए।
कामकाजी महिला होने के कारण यह संभव नहीं हो पाता कि 30 से अधिक स्कूलों की वेबसाइट को देखा जाए। वहीं रमा भारद्वाज ने 8-10 स्कूलों में फॉर्म भरने का लक्ष्य रखा है। लेकिन उन्होंने पहले दिन सोच-विचार कर एक से दो स्कूलों में ही आवेदन किया।
1369 स्कूलों ने दाखिला संबंधित मानक किए अपलोड
स्कूलों को अपने दाखिला मानक अंकों के साथ शिक्षा निदेशालय की वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा गया है। कुल 1741 निजी स्कूलों में से अब तक 1369 स्कूलों ने अपने मानक अपलोड कर दिए हैं। जबकि 372 स्कूल ऐसे हैं जिन्होंने मानक अपलोड नहीं किए हैं। इस कारण से अभिभावकों को दाखिला मानकों का पता नहीं चल पा रहा है। निदेशालय पहले ही स्पष्ट कर चुका है कि उन मान्यता प्राप्त निजी स्कूल दाखिला प्रक्रिया शुरु नहीं कर सकेंगे जो कि 29 नवंबर तक अपने मानदंड अपलोड नहीं करेंगे।
क्या कहते हैं स्कूल प्रिंसिपल?
एएसएन स्कूल की प्रिंसिपल ने बताया कि उनके यहां आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह से ऑनलाइन है। पहले दिन उनके यहां करीब 137 ऑनलाइन आवेदन हो गए। मौसम विहार स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल की प्रिंसिपल वंदना कपूर ने बताया कि उनके यहां 25 रुपये आवेदन शुल्क का भुगतान कर ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है।
मयूर विहार स्थित विद्या बाल भवन स्कूल के प्रिंसिपल डॉ सतबीर शर्मा ने बताया कि उनके यहां ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों माध्यम (हाईब्रिड) मोड से आवेदन किया जा सकता है। पहले दिन 32 फॉर्म भरे गए, जबकि 21 ऑनलाइन फॉर्म भरे गए। रोहिणी स्थित माउंट आबू स्कूल की प्रिंसिपल ज्योति अरोड़ा ने बताया कि हमारे यहां ऑफलाइन व ऑनलाइन दोनों मोड में फॉर्म भरा जा सकता है। पहले दिन करीब 100 फॉर्म भरे गए।
कमेंट
कमेंट X