CUET UG 2022: 98% छात्रों को पसंदीदा शहर में मिलेगा परीक्षा केंद्र, जानें बदलाव पर क्या बोले यूजीसी प्रमुख
CUET UG 2022: राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि स्नातक कार्यक्रमों के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट यानी CUET-UG, 15 जुलाई से 10 अगस्त, 2022 तक आयोजित किया जाएगा। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के प्रमुख का यह बयान परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड देरी से जारी किए जाने के बारे में उम्मीदवारों द्वारा उठाई गई शिकायतों के बाद आया है।
विस्तार
CUET UG 2022: यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने मंगलवार को कहा कि CUET के लिए उपस्थित होने वाले कम से कम 98 प्रतिशत उम्मीदवारों को उनकी पसंद के शहर में परीक्षा केंद्र आवंटित किए जाएंगे। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के प्रमुख का यह बयान परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड देरी से जारी किए जाने के बारे में उम्मीदवारों द्वारा उठाई गई शिकायतों के बाद आया है। यूजीसी प्रमुख ने बताया कि सीयूईटी दो चरण में आयोजित की जाएगी। ये 15 जुलाइ से 04 अगस्त के बीच आयोजित होंगे।
परीक्षा से चार दिन पहले जारी किए प्रवेश-पत्र
प्रोफेसर कुमार ने कहा कि सुरक्षा कारणों से और परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी से बचने के लिए प्रवेश-पत्र परीक्षा से चार दिन पहले जारी किए गए हैं। छात्रों को चिंता नहीं करनी चाहिए। कम से कम 98 फीसदी उम्मीदवारों को उनकी पसंद के शहर में केंद्र मिलेगा।
यह भी पढ़ें : CUET Admit Card: सीयूईटी यूजी के लिए प्रवेश पत्र जारी, यहां पढ़ें डाउनलोड करने की पूरी प्रक्रिया
परीक्षा केंद्र पसंद नहीं आया तो यहां करें संपर्क
हालांकि, जिन छात्रों को आवंटित परीक्षा केंद्र पसंद नहीं आया है, वे एनटीए से संपर्क कर सकते हैं। एनटीए उनके अनुरोधों पर विचार करेगा। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने पिछले सप्ताह घोषणा की थी कि स्नातक कार्यक्रमों के लिए कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट यानी CUET-UG, 15 जुलाई से 10 अगस्त, 2022 तक आयोजित किया जाएगा।
14.90 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया
सीयूईटी के पहले संस्करण के लिए 14.90 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने पंजीकरण कराया है। एनटीए ने सोमवार को सीयूईटी अंडर ग्रेजुएट के लिए एडमिट कार्ड जारी किए हैं। यूजीसी चेयरमैन कुमार ने कहा कि सीयूईटी परीक्षा 500 शहरों में आयोजित होने वाली है। यह एक बड़ा काम है। इसके आयोजन की जिम्मेदारी संभाल नेशनल टेस्टिंग एजेंसी है, जो कि प्रोफेशननल तरीके से काम करती है। इसलिए छात्रों को चिंता नहीं करनी चाहिए।
45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में सीयूईटी अनिवार्य
यूजीसी के अध्यक्ष प्रोफेसर एम जगदीश कुमार ने मार्च में घोषणा की थी कि 45 केंद्रीय विश्वविद्यालयों में दाखिलों के लिए कक्षा 12वीं के अंकों के बजाय सीयूईटी स्कोर अनिवार्य किया गया है। हालांकि, केंद्रीय विश्वविद्यालय अपनी न्यूनतम पात्रता मानदंड तय कर सकते हैं। वहीं, इसमें अन्य विश्वविद्यालय भी शामिल हो सकते हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि नई प्रणाली से राज्य बोर्डों के छात्रों को कोई नुकसान नहीं होगा और परीक्षा कोचिंग संस्कृति को बढ़ावा नहीं देगी।
कमेंट
कमेंट X