{"_id":"612e709b8ebc3eb62314dd18","slug":"weather-update-delhi-ncr-will-remain-cloudy-tomorrow-chances-of-rain-yellow-alert-issued-for-two-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"मौसम: दिल्ली-एनसीआर में कल भी छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना, दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मौसम: दिल्ली-एनसीआर में कल भी छाए रहेंगे बादल, बारिश की संभावना, दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी
Tue, 31 Aug 2021 11:40 PM IST
सुशील कुमार कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: सुशील कुमार कुमार
Updated Tue, 31 Aug 2021 11:40 PM IST
सार
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर का मौसम साफ नहीं होगा। ऑरेंज अलर्ट की संभावना को देखते हुए मध्यम स्तर तक की बारिश की संभावना बनी हुई है।
विज्ञापन
दिल्ली एनसीआर में बारिश
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली-एनसीआर के लिए मंगलवार का दिन बारिश के साथ आफत बनकर आया। सुबह से शुरू हुआ बारिश का दौर रिमझिम बारिश के साथ शाम तक नहीं थमा। इस वजह से दिल्ली की सड़कें सुबह से ही जलमग्न रहीं।
विज्ञापन
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटों में भी दिल्ली-एनसीआर का मौसम साफ नहीं होगा। ऑरेंज अलर्ट की संभावना को देखते हुए मध्यम स्तर तक की बारिश की संभावना बनी हुई है। इससे गर्मी से मिली राहत जारी रहेगी और अधिकतम तापमान 29 व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। इसके अगले दो दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी है। हालांकि, तेज बारिश के आसार नहीं हैं।
विज्ञापन
मंगलवार को हुए भारी बारिश के चलते दिल्ली के प्रमुख मार्गों पर कई-कई फीट तक जलजमाव देखने को मिला। सुबह कार्यालयों के लिए लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा। आलम यह रहा कि शाम तक पंप के माध्यम से सड़कों से पानी की निकासी की गई।
विज्ञापन
दिल्ली की तमाम सड़कें हो गई लबालब
राजधानी में अलसुबह से ही बादल छा गए थे और सुबह आठ बजे से दिल्ली-एनसीआर में बादलों ने बरसना शुरू किया। तेज बौछारों के साथ बरसने के कारण सुबह 10 बजे तक दिल्ली की तमाम सड़कें लबालब होनी शुरू हो गई थीं। पूर्वी व उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आने वाले प्रमुख मार्गों के साथ-साथ मध्य दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और पश्चिमी दिल्ली व रिंग रोड पर अधिक जलजमाव देखने को मिला। भजनपुरा, खजूरी, नंद नगरी, कश्मीरी गेट, तीस हजारी, पटेल नगर, शादीपुर, द्वारका, कृष्णा नगर, लक्ष्मी नगर, पांडव नगर, विकास मार्ग, तिलक ब्रिज, किशनगंज अंडरपास, करोलबाग, जखीरा व पुल प्रहलादपुर में अधिक जलभराव रहा।
जाम में फंस गए वाहन, गतंव्य तक पैदल पहुंचे लोग
जलजमाव अधिक होने के कारण दिल्ली की सड़कों पर भंयकर जाम देखने को मिला। दिल्ली से गुरुग्राम जाने वाले मार्ग पर सुबह से ही वाहनों की लंबी कतारें देखने को मिली। वहीं, विकास मार्ग पर शाम तक वाहन जाम से जूझते रहे। दक्षिणी दिल्ली के कुछ इलाकों में भी लंबे जाम की वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वहीं, सार्वजनिक वाहनों से कार्यालयों के लिए निकले लोगों को मजबूरी में जलभराव के बीच पैदल चलकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ा। बारिश की वजह से ईस्टर्न अपोर्च रोड, रानी झांसी रोड, विकास मार्ग, मिंटो रोड, कनॉट प्लेस, कश्मीरी गेट, राजघाट से इंद्रप्रस्थ, भोगल, पंखा रोड, जनकपुरी, आजादपुर, रिंग रोड, बारापुला, चाण्क्यपुरी, चिराग दिल्ली, बसंत विहार, नेहरू प्लेस, सरदार पटेल मार्ग, एम्स फ्लाईओवर, महारानी बाग, आश्रम, 11 मूर्ति, शाहजहां मार्ग, मूलचंद, जीटी करनाल रोड व जंगपुरा में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।