Dengue In Delhi: डेंगू पर वार के लिए MCD का प्लान, सभी अस्पतालों में बनाए जाएंगे स्पेशल वार्ड
दिल्ली में बरसात के सीजन में बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए सभी अस्पतालों में विशेष फीवर क्लीनिक खोले जा रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
डेंगू से पीड़ित मरीजों के लिए निगम के सभी अस्पतालों में स्पेशल वार्ड बनाए जाएंगे। जरूरत पड़ने पर अन्य विभागों के खाली बेड को भी परिवर्तित कर डेंगू बुखार पीड़ित के लिए उपलब्ध कराया जाएगा। इन दिनों तेजी से डेंगू के केस बढ़ रहे हैं, जिसके कारण निगम के अस्पताल प्रशासन और जन स्वास्थ्य विभाग ने इससे निपटने की तैयारियों को तेज कर दिया है।
सभी अस्पतालों में विशेष फीवर क्लीनिक खोलेंगे
बरसात के सीजन में बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए सभी अस्पतालों में विशेष फीवर क्लीनिक खोले जा रहे हैं। एमसीडी ने बुखार से पीड़ित मरीजों के लिए अपने सभी अस्पतालों में आईवी फ्लुइड, पैरासिटामोल और एंटी बायोटिक दवाओं की पर्याप्त खेप मंगाई है। अस्पताल प्रशासन विभाग के मुताबिक, मच्छर जनित रोगों की रोकथाम, नियंत्रण और बचाव के लिए जन स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर उनकी पूरी तैयारी है। जन स्वास्थ्य विभाग लोगों को इससे बचाव के लिए जागरूक करने का काम कर रहा है और अस्पताल प्रशासन उचित उपचार का इंतजाम कर रहा है।
अस्पतालों में मरीजों के लिए 2971 बेड उपलब्ध
एमसीडी के सभी आठ अस्पतालों जिनमें हिंदूराव, राजन बाबू, कस्तूरबा, स्वामी दयानंद, गिरधारी लाल, माता गूजरी, बालकराम और पूर्णिमा सेठी अस्पताल में अभी कुल 2971 बेड उपलब्ध हैं। निगम प्रशासन के मुताबिक, इनमें से दो अस्पतालों को छोड़ कर बाकी सभी अस्पतालों में डेंगू पीड़ितों के लिए विशेष वार्ड बनाए जाएंगे। निगम के दो अस्पताल विशेष रोगियों के लिए हैं।
छह साल बाद जून में डेंगू से सबसे ज्यादा केस
इस साल जून के महीने में छह साल के बाद सबसे ज्यादा डेंगू के 40 केस सामने आए हैं। 2018 में 8, 2019 में 11, 2020 में 1, 2021 में 7 और 2022 में 32 केस जून के महीने में आए थे। इसमें सबसे महत्वपूर्ण ये है कि पिछले साल भी जून से डेंगू के केस बढ़ने शुरू हो गए थे और देखते ही देखते स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई थी। वहीं पूरे साल 4469 केस आए और 9 लोगों की डेंगू से मौत भी हुई थी। इस साल अब तक 122 केस आए हैं, जिनमें 17 केस पिछले एक हफ्ते में आए हैं।
बारिश के बाद मच्छरों का खतरा बढ़ गया है। तेजी से लोग मच्छरों की चपेट में आ रहे हैं। जन स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक इस हफ्ते डेंगू के मामले और बढ़ सकते हैं। इसलिए लोगों को मच्छरों से बचने की सलाह दी है और घर के आस पास पानी जमा नहीं होने देने की अपील की है। अभी तक डेंगू से बचाव का यही सबसे सही उपाय है।