एक्शन में दिल्ली पुलिस: वारदात की साजिश रच रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, तीन पिस्टल और छह कारतूस बरामद; ऐसे पकड़ा
दिल्ली पुलिस ने वारदात की साजिश रच रहे तीन घोषित बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। बदमाश मंगोलपुरी के फुल वाले पार्क में मौजूद थे। इनके पास से पुलिस ने तीन पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाहरी जिला पुलिस ने हथियार लेकर वारदात को अंजाम देने की साजिश रच रहे तीन घोषित बदमाशों को गिरफ्तार किया है। तीनों बदमाश सुल्तानपुरी और मंगोलपुरी थाने के घोषित बदमाश हैं। इन सभी पर पहले से एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनके कब्जे से पुलिस ने तीन पिस्टल और छह कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस को मिली थी गुप्त सूचना
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 21 जुलाई को बाहरी जिला के स्पेशल स्टाफ को दो लूटेरों और एक झपटमार के मंगोलपुरी के फुल वाले पार्क में मौजूद होने की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही निरीक्षक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। पुलिस टीम सूचना के मुताबिक, पार्क के पास आकर घेराबंदी कर दी। पुलिस ने पार्क में मौजूद सुल्तानपुरी निवासी सुनील, मंगोलपुरी निवासी रवि और सुल्तानपुरी निवासी अनिल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार बदमाशों पर पहले से दर्ज हैं कई मामले
जांच में पता चला कि सुनील सुल्तानपुरी थाने का घोषित बदमाश है। उसपर झपटमारी और शस्त्र अधिनियम के तहत 10 मामले दर्ज हैं। रवि मंगोलपुरी थाने का घोषित बदमाश है और उसपर लूट, शस्त्र अधिनियम और झपटमारी के 15 मामले दर्ज हैं। वहीं अनिल सुल्तानपुरी थाने का घोषित बदमाश है। उसपर लूट,झपटमारी और आबकारी अधिनियम के तहत 20 मामले दर्ज हैं। पूछताछ में पता चला कि तीनों वारदात को अंजाम देने के इरादे से यहां मौजूद थे। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से लूटपाट और झपटमारी के 18 मामले सुलझाने का दावा किया है।