दिल्ली में बदमाशों का आतंक: प्रॉपर्टी डीलर से मांगी रंगदारी, जान से मारने की दी धमकी; बेटे-कर्मचारी को भी पीटा
दिल्ली में एक प्रॉपर्टी डीलर से बदमाशों ने 50 लाख की रंगदारी मांगी है। पैसे नहीं देने पर कार्यालय और घर पर हमला किया। इतना ही नहीं जान से मारने की धमकी भी दी।
विस्तार
अलीपुर इलाके में एक प्रॉपर्टी डीलर से 50 लाख की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। पैसे नहीं देने पर बदमाश पीड़ित के घर और कार्यालय पर हमला कर चुके हैं। यहां तक की उसके बेटे और कर्मचारी की पिटाई कर उन्हें को जान से मारने की धमकी दे चुके हैं। पीड़ित का यहां तक आरोप है कि बदमाश उसे कई बार फोन पर और मैसेज भेजकर जान से मारने की धमकी दे चुके हैं।
धमकी और हमले के बाद से डरा सहमा प्रॉपर्टी डीलर घर से बाहर नहीं निकल रहा है। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पीड़ित प्रॉपर्टी डीलर सपरिवार बुधपुर गांव में रहता है। गांव में ही उसका कार्यालय है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि 27 मई को उसका 20 साल का बेटा कार्यालय में मौजूद था। इसी दौरान तीन बदमाश वहां आए। बदमाशों ने कार्यालय में तोड़ फोड़ की और उसके बेटे के पिटाई करने के बाद कनपटी पर पिस्टल लगा दिया और कहा कि अपने पिता को 50 लाख रुपये का इंतजाम करने के लिए कहना। पीड़ित ने इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की।
पीड़ित के मुताबिक, बदमाशों ने 29 मई को उसे फोन कर 50 लाख रुपये की मांग की। फिर एक जून को उसी मोबाइल नंबर से फोन किया। लेकिन फोन नहीं उठाने पर मैसेज कर जान से मारने की धमकी दी। 19 जून को एक बार फिर बदमाश फोन कर पैसे की मांग की और नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। 26 जून को एक बार फिर बदमाश उसके कार्यालय में आ धमके।
बदमाशों ने सभी सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और कर्मचारी की पिटाई करने के बाद कार्यालय खोलने को लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी। उसके बाद तीनों बदमाश प्रॉपर्टी डीलर के घर पहुंचे। लेकिन कर्मचारी ने प्रॉपर्टी डीलर को पहले ही फोन कर सर्तक कर दिया। प्रॉपर्टी डीलर ने घर का दरवाजा नहीं खोला। उसने बताया कि पहले दिन हुई घटना के बाद से वह घर से बाहर नहीं निकल रहा है। बदमाश वहां गाली गलौज और जान से मारने की धमकी देकर चले गए। 28 जुलाई को पीड़ित ने घटना की शिकायत पुलिस से की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।