{"_id":"61b4a91a5fef4c3b0a1c8ecf","slug":"knife-between-students-outside-school-in-mayur-vihar-four-injured","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: स्कूल के बाहर छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प, चार को लगा चाकू, एक की हालत नाजुक","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: स्कूल के बाहर छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प, चार को लगा चाकू, एक की हालत नाजुक
Sat, 11 Dec 2021 07:05 PM IST
सुशील कुमार
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: सुशील कुमार
Updated Sat, 11 Dec 2021 07:05 PM IST
सार
दिल्ली के मयूर विहार इलाके में छात्रों के बीच चाकूबाजी का मामला सामने आया है। मयूर विहार फेस दो में शनिवार को सर्वोदय बाल विद्यालय के बाहर छात्रों ने चाकूबाजी की।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : social media
विस्तार
पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-2 स्थित एक सर्वोदय विद्यालय के बाहर छात्रों के दो गुटों में खूनी झड़प हो गई। एक गुट ने पेपर देकर निकले छात्रों पर लाठी-डंडों के अलावा चाकू से हमला कर दिया। हमले में चार छात्र बुरी तरह जख्मी हो गए। आरोपियों ने दौड़ा-दौड़ाकर छात्रों को चाकू मारे।
विज्ञापन
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। राहगीरों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायलों को एलबीएस अस्पताल ले जाया गया, जहां एक छात्र की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। उसके शरीर पर कई चाकू लगे हैं। शुरुआती जांच के बाद पुलिस को पता चला है कि पुराने झगड़े में आरोपी लड़कों ने वारदात को अंजाम दिया। हमलावरों में स्कूली छात्रों के अलावा कुछ बाहरी लड़के भी शामिल थे। हमलावर भी नाबालिग ही बताए जा रहे हैं। पांडव नगर थाना पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर आरोपी लड़कों की तलाश शुरू कर दी है।
विज्ञापन
पूर्वी जिला के वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि घायलों की पहचान को उजागर नहीं किया जा सकता है। सभी की उम्र 15 से 16 साल के बीच है और यह सभी त्रिलोकपुरी और कल्याणपुरी के रहने वाले हैं। शनिवार को 10वीं कक्षा का अंग्रेजी का पेपर था। दोपहर करीब 1.30 बजे जैसे ही यह छात्र पेपर देकर बाहर निकले, स्कूल के बाहर पहले से खड़े छात्रों ने इन पर हमला कर दिया। पीड़ित छात्र बचने के लिए इधर-उधर भागने लगे। छात्र पास के एक पार्क में घुस गए। वहां पहुंचकर आरोपी लड़कों ने इनकी बुरी तरह से पिटाई करने के बाद चाकू मार दिया। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए। झगड़े की सूचना मिलते ही स्कूल प्रशासन व राहगीर वहां पहुंच गए।
विज्ञापन
मामले की सूचना पुलिस को दी। बाद में घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती जांच के बाद पता चला है कि घायल लड़कों और आरोपियों का पुराना झगड़ा है। इस वजह से ही हमला किया गया। वहीं स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि यहां आए दिन छात्र आपस में झगड़ा करते रहते हैं। लेकिन स्कूल के बाहर पुलिस की गश्त नहीं होती है। पुलिस कम से कम स्कूल लगने और छुट्टी के समय वहां गश्त कर सकती है। पांडव नगर थाना पुलिस मामला दर्ज कर हमला करने वाले लड़कों की तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कुछ लड़कों की पहचान भी कर ली गई है। उनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।