{"_id":"6097f5ed8ebc3ed2b2438173","slug":"in-delhi-corona-infection-rate-decreased-by-15-percent-in-17-days","type":"story","status":"publish","title_hn":"सुधर रहे हालात: दिल्ली में 17 दिन में 15 फीसदी घटी कोरोना से संक्रमण दर, लॉकडाउन का दिख रहा है प्रभाव","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सुधर रहे हालात: दिल्ली में 17 दिन में 15 फीसदी घटी कोरोना से संक्रमण दर, लॉकडाउन का दिख रहा है प्रभाव
Sun, 09 May 2021 08:17 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली
Published by: Vikas Kumar
Updated Sun, 09 May 2021 08:17 PM IST
सार
राजधानी में कोरोना की चौथी लहर में हालात अब कुछ सुधरने लगे हैं। दैनिक संक्रमितों के साथ मौत के मामलों में कमी आ रही है। साथ ही संक्रमण दर भी कम हो रही है। पिछले 17 दिनों में संक्रमण दर में 15 फीसदी की कमी आई है।
विज्ञापन
कोरोना मरीज
- फोटो : amar ujala
विस्तार
राजधानी में कोरोना की चौथी लहर में हालात अब कुछ सुधरने लगे हैं। दैनिक संक्रमितों के साथ मौत के मामलों में कमी आ रही है। साथ ही संक्रमण दर भी कम हो रही है। पिछले 17 दिनों में संक्रमण दर में 15 फीसदी की कमी आई है। विशेषज्ञों का कहना है कि 20 अप्रैल से लगे लॉकडाउन का प्रभाव अब दिखने लगा है। हालांकि, अभी स्थिति सामान्य नहीं हुई है। ऐसे में लगातार एहतियात बरतने की जरूरत है।
विज्ञापन
दिल्ली में बीते एक सप्ताह से कोरोना के मामलों में कमी आने लगी है। इसके साथ ही संक्रमण दर भी कम हो रही है। अब प्रति 100 लोगों की जांच में 22 संक्रमित मिल रहे हैं। 22 अप्रैल तक यह संख्या 36 थी। पिछले दो सप्ताह से संक्रमण दर लगातार कम हो रही है। आंकड़ों पर गौर करें तो 22अप्रैल को कोरोना संक्रमण दर 36 फीसदी थी। उस दौरान रोजाना औसतन 25 हजार मामले आ रहे थे और 336 लोगों की मौत हो रही थी। उसके बाद अगले सप्ताह 26 अप्रैल से संक्रमण दर 29 फीसदी हो गई। दैनिक संक्रमितों की संख्या भी घटकर 21 हजार रह गई। तीसरे सप्ताह में मामलों में और कमी आई है। अब रोजाना औसतन 16 हजार संक्रमित मिल रहे हैं और 275 मौत हो रही है।
विज्ञापन
राजधानी में संक्रमण की वतर्मान स्थिति पर एम्स के डॉक्टर विक्रम का कहना है कि दिल्ली में लगे लॉकडाउन का असर अब दिखने लगा है। लोग बेवजह बाहर नहीं निकल रहे हैं और बाजार और सार्वजनिक स्थानों पर भी लोग नहीं है। इससे संक्रमण की चेन को टूट रही हैं। हालांकि अभी भी स्थिति सामान्य नहीं है। ऐसे में जरूरत है कि सभी एहतियातों का पूरी तरह पालन किया जाए। दिल्ली में लॉकडाउन बढ़ाए जाने पर डॉक्टर ने कहा कि यह काफी जरूरी था। सरकार ने सही समय पर सही निर्णय लिया है।
विज्ञापन
पिछले तीन सप्ताह से ऐसे सुधरे हालात
| तारीख | दैनिक संक्रमित | मौत | संक्रमण दर |
| 19 से 25 अप्रैल | 1,74,255 | 2,347 | 36 |
| 26 अप्रैल से 2 मई | 1,47,030 | 2,338 | 29 |
| 3 मई से 9 मई | 110,583 | 1,930 | 22 |
नोट - आंकड़े स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक हैं संक्रमण दर फीसदी में है।