{"_id":"6ad6b57151e47d54c1025895","slug":"home-minister-shah-to-inaugurate-and-lay-foundation-stones-for-43-projects-on-october-22-a-major-boost-for-yam-2026-10-20","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: गृहमंत्री शाह 43 परियोजनाओं का 22 अक्तूबर को करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, यमुना सफाई को बड़ा बूस्ट","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: गृहमंत्री शाह 43 परियोजनाओं का 22 अक्तूबर को करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास, यमुना सफाई को बड़ा बूस्ट
Tue, 20 Oct 2026 06:34 AM IST
Digvijay Singh
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: Digvijay Singh
Updated Tue, 20 Oct 2026 06:34 AM IST
सार
यमुना की सफाई और दिल्ली में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड की 8,941.22 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 परियोजनाओं का 22 अक्तूबर को लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा।
विज्ञापन
अमित शाह
- फोटो : फाइल फोटो
विस्तार
यमुना की सफाई और दिल्ली में सीवेज प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड की 8,941.22 करोड़ रुपये की लागत वाली 43 परियोजनाओं का 22 अक्तूबर को लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह इन परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे। इनमें 2,827.11 करोड़ रुपये की 10 परियोजनाओं का लोकार्पण और 6,114.11 करोड़ रुपये की 33 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
विज्ञापन
जल मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने सोमवार को दिल्ली सचिवालय में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार यमुना की सफाई के लिए सीवेज प्रबंधन के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर जोर दे रही है। इसके तहत ओखला में 124 एमजीडी क्षमता का नया सीवेज शोधन संयंत्र (एसटीपी), आठ एसटीपी का आधुनिकीकरण और बाहरी दिल्ली में 29 विकेंद्रीकृत सीवेज शोधन संयंत्र (डीएसटीपी) स्थापित किए जाएंगे।
विज्ञापन
आठ एसटीपी के आधुनिकीकरण से उनकी कुल शोधन क्षमता 78.2 एमजीडी से बढ़कर 140.8 एमजीडी हो जाएगी। इससे करीब 78.5 लाख लोगों को लाभ मिलने का अनुमान है। वहीं, प्रस्तावित 29 डीएसटीपी और सीवेज पंपिंग स्टेशन 358 अनधिकृत कॉलोनियों तथा 113 गांवों के 36.29 लाख निवासियों को सुविधा देंगे। इसके अलावा, 1,691 करोड़ रुपये की लागत से 1,034 किलोमीटर लंबा सीवर नेटवर्क बिछाया जाएगा। इससे करीब 25.82 लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
विज्ञापन
70 घाटों पर चला सफाई अभियान
‘चलो यमुना अभियान’ के तहत रविवार को 35 हजार से अधिक लोगों ने 70 घाटों पर सफाई की। इस दौरान 76,755 किलोग्राम ठोस कचरा हटाया गया।
चंद्रावल में बनेगा नया जल शोधन संयंत्र
परियोजनाओं में चंद्रावल में 298.3 करोड़ रुपये की लागत से 477 एमएलडी क्षमता का नया जल शोधन संयंत्र भी शामिल है। यह 1935 और 1955 में बने पुराने संयंत्रों की जगह लेगा और करीब 22 लाख लोगों को सेवा देगा। मुंडका में 225.02 करोड़ रुपये की लागत से 4.5 किलोमीटर लंबा ट्रंक ड्रेन भी बनाया जाएगा। मंत्री ने कहा कि यमुना की स्थायी सफाई के लिए सीवेज को नदी में जाने से रोकना जरूरी है। सरकार का लक्ष्य सीवेज की हर बूंद को एकत्र कर शोधित करना और उसका दोबारा उपयोग करना है।