दिल्ली में तीन जगह लगी आग : रेलवे भवन, हर्ष विहार और दयाबस्ती में आगजनी, 9 झुलसे, 30 गाड़ियों ने पाया काबू
-रेलवे भवन के दफ्तर में लगी आग, कंप्यूटर व फर्नीचर जला, कोई हताहत नहीं
-हर्ष विहार में कबाड़ के गोदाम में आग, कोई हताहत नहीं
-दयाबस्ती में पेंट मशीन का कंप्रेशर फटा, 9 झुलसे, पुलिस ने किया मामला दर्ज, जांच जारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राजधानी के अलग-अलग इलाकों में शनिवार आग लग गई। सबसे पहले सराय रोहिल्ला स्थित दयाबस्ती की एक फैक्टरी में कंप्रेशर फटने से नौ लोग झुलस गए। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। वहीं हर्ष विहार इलाके में कबाड़े के गोदाम में आग लगी। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। दमकल की 30 गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। एक अन्य मामले में रेल भवन की चौथी मंजिल स्थित कमरे में आग लग गई। हादसे में वहां रखा कंप्यूटर, कागजात व फर्नीचर जल गया। तीनों ही मामलों में पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हादसा नंबर-1
सराय रोहिल्ला इलाके की दयाबस्ती में शनिवार दोपहर 12.41 बजे एलपीजी सिलेंडर फटने की सूचना मिली। पुलिस और दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंची तो पता चला कि मकान नंबर-328/8, शाहजदा बाग स्थित मकान की पहली मंजिल पर इलेक्ट्रॉनिक पेंट कोटिंग हाई प्रेशर मशीन के कंप्रेशर में धमाका हुआ था। हादसे में वहां आग लग गई। वहां काम कर रहे नौ मजदूर झुलस गए। घायल शैलेश और रामकुमार को नजदीकी बाड़ा हिन्दूराव अस्पताल ले जाया गया जबकि प्रदीप, घनश्याम, सुनील, सुरेंद्र, राहुल, शिवम और अंकित को आरएमएल अस्पताल ले जाया गया। सभी का वहां पर इलाज जारी है। पुलिस मामला दर्ज कर हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
हादसा नंबर-2
हर्ष विहार इलाके में सेवाधाम रोड पर ओम धर्म कांटे के पास शनिवार दोपहर करीब 3.00 बजे आग की खबर मिली। आग परफ्यूम, साबुन और गत्ते के गोदाम में लगी थी। गोदाम के ठीक बराबर में एलपीजी गैस सिलेंडर का बड़ा गोदाम था। खबर मिलते ही दमकल विभाग और पुलिस के हाथ पांव फूल गए। पहले गैस सिलेंडर गोदाम से करीब 1250 सिलेंडर को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद दमकल की 30 गाड़ियां आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। देर शाम तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं थी। दमकल की गाड़ियों ने देर शाम किसी तरह आग पर काबू पाया। शुरूआती जांच के बाद आशंका व्यक्त की जा रही है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी। पुलिस मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
हादसा नंबर-3
रेल भवन की चौथी मंजिल पर शनिवार शाम करीब 6.00 बजे आग लग गई। खबर मिलते ही पुलिस के अलावा दमकल की छह गाड़ियों को मौके पर भेजा गया। आग चौथी मंजिल स्थित कमरा नंबर-451 में लगी थी। करीब 20 मिनट बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग कमरे में रखे फर्नीचर, कंप्यूटर और कुछ कागजात में लगी थी। हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। पुलिस आग के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है। शुरूआती जांच के बाद पुलिस आशंका जता रही है कि आग शार्ट सर्किट के कारण लगी।