दिल्ली हिंसाः लोग लगाते रहे 100 नंबर पर मदद की गुहार, लेकिन घंटों बाद भी नहीं पहुंची PCR
- सोमवार और मंगलवार को आई तकरीबन 11 हजार पीसीआर कॉल्स
- कंट्रोल रूम में 60 से ज्यादा कर्मी करीब 55 चैनल पर काम कर रहे थे
- लोगों को नहीं थी 112 नंबर की ज्यादा जानकारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस दावा करती है कि उनकी पीसीआर वैन कॉल मिलने के बाद कहीं भी अधिकतम पांच मिनट में पहुंच जाती है। इसे लेकर लंदन, स्पेन और हांगकांग की पुलिस का हवाला देकर कहा जाता है कि दिल्ली पुलिस की पीसीआर वैन ने इन सभी शहरों के पुलिसिंग सिस्टम को पीछे छोड़ दिया है।
दिल्ली दंगों में खासतौर पर सोमवार और मंगलवार को करीब 11 हजार पीसीआर कॉल्स आई थीं, लेकिन दंगा प्रभावित इलाकों में कई घंटे तक लोगों को पुलिस मदद नहीं मिल सकी। एक फोन से कई कॉल्स रिकॉर्ड की गई हैं। प्रति मिनट चार-पांच कॉल्स आती रहीं। कई बार कॉल अटैंड हुई और पता भी पूछा गया, मगर पीड़ितों को पीसीआर सेवा नहीं मिल पाई।
बता दें कि साल दर साल दिल्ली पुलिस कहती रही है कि हम अपनी पीसीआर वैन सर्विस में काफी सुधार कर रहे हैं। 2014 में करीब 25 हजार कॉल्स रोजाना मिलती थीं। इनमें 65 सौ कॉल्स ऐसी होती थीं, जहां पीसीआर मौके पर पहुंचती थी। बाकी कॉल्स ट्रैफिक जाम, परिवार की छोटी-मोटी कहासुनी, सड़क हादसा और संदिग्ध वस्तु आदि की होती थीं।
करीब सात हजार जवान 900 पीसीआर वैन पर तैनात रहते हैं। रोजाना पीसीआर को औसतन 60 हजार कॉल्स मिलती हैं। इनमें से 78 फीसदी कॉल का रिस्पॉन्स टाइम पांच मिनट से भी कम रहता है। इसका मतलब है कि पीसीआर पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाती है।
गत वर्ष दिल्ली पुलिस के एक स्पेशल सीपी ने फिक्की के कार्यक्रम में कहा था कि दिल्ली पुलिस पांच मिनट के भीतर मौके पर पहुंच जाती है। यूरोपीय देशों में पीसीआर को मौके पर पहुंचने में औसतन 10-15 मिनट लगते हैं।
स्पेशल सीपी ने कई दूसरे देशों का उदाहरण भी दिया। जैसे लंदन में पीसीआर के पहुंचने का समस 15 मिनट, हांगकांग में 9 मिनट, टोक्यो में 11 मिनट और स्पेन की पीसीआर को करीब 8 मिनट का समय लगता है।
दिल्ली दंगों में क्यों फेल हो गई पीसीआर
इस बाबत दिल्ली पुलिस की संचार एवं ऑपरेशन शाखा से जुड़े एक अधिकारी से बातचीत की गई है। उनका कहना है कि दिल्ली में दंगों के दौरान दर्जनभर इलाकों से ही हजारों कॉल्स आईं। जाफराबाद, मौजपुर, गोकुलपुरी, बाबरपुर, चांदबाग, बृजपुरी और दूसरे क्षेत्रों से सोमवार को करीब 34 सौ कॉल्स मिलीं।
इसके अगले दिन 76 सौ कॉल्स आईं। इसमें कई अन्य इलाके भी शामिल रहे। हालत यह रही कि एक मिनट में पांच-छह कॉल्स आ रही थीं। दिल्ली पुलिस के कंट्रोल रूम में 60 से ज्यादा कर्मी करीब 55 चैनल पर काम कर रहे थे। ज्यादातर कॉल ऐसी थी, जिसमें सही पते की जानकारी नहीं मिल रही थी।
हमारे पास जैसे ही कॉल आती, जानकारी पूछ कर संबंधित इलाके के पुलिस अफसरों को उसकी सूचना दे दी जाती। लोगों को 112 नंबर की ज्यादा जानकारी नहीं थी। हर कोई 100 नंबर पर ही फोन कर रहा था।
नाम न छापने की शर्त पर उन्होंने बताया कि न तो हमारे पास किसी का सही एड्रेस था। सब लोग जोर-जोर से चिल्ला कर बोल रहे थे। एक इलाके में पीसीआर गई, लेकिन जब देखा कि स्थिति ज्यादा बिगड़ चुकी है तो हमने तय किया कि रास्ते में जो भी घायल दिखे, उसे अस्पताल पहुंचा दें।
यही दूसरी पीसीआर का हाल था। पहली कॉल का ही निपटारा नहीं हो पा रहा था और दूसरी ओर कॉल की लंबी कतार लगती गई। इससे सिस्टम बिगड़ता चला गया। मंगलवार तो हालत ऐसी थी कि बहुत कम कॉल्स तक पहुंचा जा सका।
सारी पुलिस फोर्स उन इलाकों में लग चुकी थी, जहां बड़े पैमाने पर दंगे भड़के हुए थे। यही वजह रही कि हर काल पर लोगों को मदद नहीं मिल सकी।