सुरक्षा में चूक: राष्ट्रपति भवन में घुसने की कोशिश करने वाले नशे में धुत युवक-युवती गिरफ्तार, 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे
दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रपति भवन में घुस रहे एक जोड़े को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि भवन के एक प्रवेश द्वार से दोनों घुसने की कोशिश कर रहे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
राष्ट्रपति भवन की सुरक्षा में बड़ी चूक का मामला सामने आया है। एक युवक अपनी आई-20 कार से राष्ट्रपति भवन के गेट पर लगे बैरीकेड को तोड़ते हुए अंदर दाखिल हो गया। कार के अंदर दाखिल होते ही सुरक्षाकर्मियों में हड़कंप मच गया। सुरक्षा पर तैनात कमांडो ने बिना देरी किए कार का पीछा कर उसे घेर लिया। कार में एक युवक और युवती मौजूद थे। युवक शराब के नशे में धुत था। सुरक्षा एजेंसियों ने युवक और युवती से गहन पूछताछ की। उसके बाद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनकी कार को जब्त कर लिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संगम विहार निवासी 25 वर्षीय शिवम शर्मा और उसकी गर्लफ्रेंड उत्तराखंड के ऋषिकेश निवासी 23 वर्षीय कुसुम के रूप में हुई है। शिवम निजी कंपनी में काम करता है। पुलिस के अधिकारिक सूत्रों का कहना है कि घटना 15 नवंबर की रात राष्ट्रपति भवन के गेट संख्या 35 की है। रात में इस गेट पर एक आई-20 कार आकर रुकी और अचानक बैरीकेड को टक्कर मारते हुए अंदर चली गई। हरकत में आए सुरक्षाकर्मियों ने कार का पीछा किया और गेट संख्या-17 के पास कार को रुकवा लिया।
कार में सवार युवक-युवती को हिरासत में लेकर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस समेत स्पेशल सेल, खुफिया विभाग, राष्ट्रपति भवन सुरक्षा के अधिकारियों ने युवक-युवती से पूछताछ की। पूछताछ में कोई संदिग्ध बात सामने नहीं आई। आरोपी ने बताया कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के साथ घूमने के लिए गाड़ी से निकला था। पुलिस ने इनके खिलाफ किसी परिसर में जबरदस्ती घुसने का मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।