Delhi News: तेलंगाना के सीएम केसीआर ने दिल्ली शिक्षा मॉडल की प्रशंसा की, कहा- सरकारी स्कूलों में बहुत ही प्रशंसनीय कार्य
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मोतीबाग स्थित सर्वोदय विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल और मोहम्मदपुर स्थित आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक को देखने पहुंचे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने दिल्ली सरकार के शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए काम की सराहना की है। शनिवार को तेलंगना के एक प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली सरकार के दोनों क्षेत्र में किए गए काम को करीब से देखा और केजरीवाल सरकार की शिक्षा मॉडल के मुरीद हुए। ऐलान किया कि तेलंगाना के शिक्षक ट्रेनिंग लेने दिल्ली आएंगे। इस तरह के मॉडल पूरे देश में लागू होने चाहिए।
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव शनिवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ मोतीबाग स्थित सर्वोदय विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल और मोहम्मदपुर स्थित आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक को देखने पहुंचे थे। इस दौरान राव ने कहा कि दिल्ली सरकार ने वाकई में स्कूलों में बहुत ही प्रशंसनीय और अदभुत कार्य किया है। आगे चलकर इसका परिणाम बेहतर होगा।
उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार का प्रयास आमतौर पर देश में नहीं हो रहा है। दिल्ली के नागरिक खुशकिस्मत हैं कि उनको इतनी अच्छी सेवाएं मिल रही हैं। ऐसे प्रयास हर जगह होने चाहिए। कम खर्चे में दिल्ली से ही ज्ञान प्राप्त कर सकेंगे। वहीं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि चंद्रशेखर राव का दिल्ली आना हर्ष और गर्व की बात है। एक मुख्यमंत्री होते हुए भी उनका इंटरेस्ट शिक्षा के मुद्दों पर दिखाई दिया, वो बहुत अच्छा लगा। उन्होंने बहुत समय दिया और एक-एक चीज को विस्तार से पूछा।
शिक्षा निदेशालय ने शिक्षा के क्षेत्र में बदलाव की कहानी बयां की
चंद्रशेखर राव शाम करीब 5 बजे दिल्ली के मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री के साथ मोतीबाग स्थित सर्वोदय विद्यालय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे, जहां उनका स्वागत किया गया। इस मौके पर तेलंगाना के सांसद नामा नागेश्वर राव, मंत्री प्रशांत रेड्डी, सांसद वेंकटेश, सांसद रंजीत रेड्डी, राज्यसभा सदस्य संतोष कुमार और विधायक एमआर आनंद भी मौजूद थे।
इस दौरान दिल्ली के शिक्षा निदेशक ने राव और उनकी पूरी टीम को प्रजेंटेशन के जरिए स्कूलों में हुए बदलाव की कहानी को बताया। उन्होंने बताया कि सरकार बनते ही सबसे पहले दिल्ली सरकार के सभी स्कूलों के प्रिंसिपल के साथ बैठक की गई और उनसे कहा गया कि सरकार बच्चों को विश्वस्तरीय शिक्षा देना चाहती हैं। विजन तैयार करके को कहा गया।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के 54 स्कूलों के प्रिंसिपल ने अपना एक विजन तैयार किया। दिल्ली सरकार अपने बजट का 25 फीसद शिक्षा पर खर्च करती है। सरकारी स्कूलों के प्रिंसिपल और शिक्षकों को सिंगापुर, फिनलैंड और कैंब्रिज भेजा गया। इस दौरान राव को सरकारी स्कूलों में चल रहे हैप्पीनेस क्लास और देशभक्ति क्लास के बारे में बताया गया कि कैसे शिक्षक हैप्पीनेस क्लास के जरिए बच्चों में सकारात्मकता भरते हैं और नकारात्मकता को दूर करते हैं और देशभक्ति क्लास के जरिए किस से बच्चों को कट्टर देशभक्त और अपने देश पर गर्व करना सीखाया जा रहा है।
इस दौरान मीडिया से बातचीत में चंद्रशेखर राव ने कहा कि शिक्षा के मामले में दिल्ली सरकार का प्रयास बहुत ही प्रशंसनीय है। उसके नतीजे भी देखने को मिल रहे हैं। सबसे बड़ी बात यह है कि अन्य राज्यों में छात्रों के मॉर्क्स पर अधिक ध्यान दिया जाता है, लेकिन दिल्ली सरकार ने मार्क्स से हटकर बच्चों को बिजनेस करनेए उनको इंटरप्रिन्योर बनाने प्रयास किया है और बच्चों को नौकरी तलाशने की बजाय नौकरी देने का रास्ता बताने का काम किया है। बच्चों का सोच और विचार ही बदल गया है। अगर ऐसा हर जगह हो जाए तो हिन्दुस्तान का कल्याण हो जाए।
चार स्तरीय हेल्थ केयर डिलीवरी सिस्टम को समझा
स्कूल का दौरा करने के बाद राव आरके पुरम के मोहम्मदपुर स्थित मोहल्ला क्लीनिक पहुंचे। यहां स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन समेत वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। यहां अधिकारियों ने राव को बताया कि जनता को उनके घर के पास गुणवत्ता युक्त प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं मोहल्ला क्लिनिक में दे रही है। तबीयत खराब होने पर 10 से 15 मिनट में प्राथमिक इलाज प्राप्त हो जाता है।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं के गैप को भरने के लिए दिल्ली सरकार ने चार स्तरीय स्वास्थ्य देखभाल वितरण प्रणाली बनाई गई है। पहला आम आदमी मोहल्ला क्लीनिक, दूसरा मल्टी स्पेशलिटी पॉली क्लिनिक हैं, जहां डायग्नोस्टिक्स सहित विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा ओपीडी परामर्श दिया जाता है। तीसरा मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल हैं, जिसे पहले माध्यमिक स्तर का अस्पताल कहा जाता था और चौथा सुपर स्पेशलिटी अस्पताल हैं। राव को बताया गया कि मोहल्ला क्लीनिकों में सारे टेस्ट फ्री होते हैं।
राव के पहले भी कई राजनेता शिक्षा व स्वास्थ्य मॉडल देखने आ चुके है
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के आने के पहले भी कई राज्यों के नेता दिल्ली सरकार की नीतियों से अवगत होने आ चुके है। पिछले दिनों ही पंजाब सरकार ने केजरीवाल सरकार के साथ नॉलेज शेयरिंग एग्रीमेंट किया। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान अपने कैबिनेट के साथ शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए बदलावों को देखने के लिए दो दिवसीय दौरे पर दिल्ली आए थे। इसी तरह तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन भी केजरीवाल सरकार के शिक्षा, स्वास्थ्य मॉडल के मुरीद हो गए थे।
दिल्ली सरकार के स्कूलों का दौरा करने वाली प्रमुख विदेशी हस्तियों में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की पत्नी मेलानिया ट्रम्प, नीदरलैंड के किंग विलियम अलेक्जेंडर और रानी मैक्सिमा, अफगानिस्तान के शिक्षा मंत्री असदुल्ला हनीफ बल्खी, यूएई के शिक्षा मंत्री मोहम्मद हुसैन इब्राहिम अल हम्मादी, बांग्लादेश के प्राथमिक और जन शिक्षा राज्य मंत्री मोहम्मद जाकिर हुसैन शामिल हैं।