पहलवान सागर हत्याकांड : ओलंपियन सुशील कुमार और पीए पर इनाम घोषित करेगी पुलिस
- 50 हजार से एक लाख तक का हो सकता है इनाम
- सुशील की गैंगस्टर से सांठगांठ भी सामने आई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली पुलिस पहलवान सागर धनखड़ हत्याकांड मामले में अभी ओलंपियन सुशील कुमार व उसके पीए अजय पर ही इनाम घोषित करेगी। दिल्ली पुलिस सोमवार तक दोनों पर 50 हजार से एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर सकती है। दूसरी तरफ सुशील पहलवान की कई गैंगस्टरों से सांठगांठ सामने आई है। दिल्ली पुलिस की जांच में पता चला है कि गैंगस्टरों के गुर्गे छत्रसाल स्टेडियम में आते थे। उधर, दिल्ली पुलिस की कई टीमों ने रविवार को भी सोनीपत, पानीपत, झज्जर व गुरुग्राम समेत कई जगहों पर दबिश दी, मगर सुशील के बारे में कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।
उत्तर-पश्चिमी जिले के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पहलवान सुशील कुमार व उसके पीए व ड्राइवर अजय पर ही इनाम घोषित किया जाएगा। हालांकि दिल्ली पुलिस ने सुशील पहलवान समेत नौ लोगों के खिलाफ शनिवार को गैर-जमानती वारंट किया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अजय सुशील की गाड़ी चलाने के अलावा छत्रसाल स्टेडियम में एडहॉक पीटीआई भी है।
जांच में सामने आया है कि पहलवान सागर धनखड़ की हत्या में सुशील के अलावा अजय ने प्रमुख भूमिका निभाई थी। पीड़ितों के बयानों में इन दोनों का नाम स्पष्ट तौर पर सामने आ चुका है। उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस ने इन दोनों पर इनाम घोषित करने के लिए फाइल पुलिस मुख्यालय भेज दी है। जिला पुलिस अधिकारी ने बताया कि सुशील कुमार की गैंगस्टर काला जठेड़ी व लारेंस विश्नोई से सांठगांठ सामने आई है। वह इन गैंगस्टर व उसके गुर्गों को शह देता था।
गुरुग्राम में छिपे होने की आशंका
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को साथी पहलवान की दिल्ली में हत्या के बाद तलाश कर रही पुलिस का सफलता हाथ नहीं लगी है। इधर दिल्ली पुलिस ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी कर दिया है। हालांकि हत्या के पहले वह गुरुग्राम में फ्लैट देखने आया था। फरार होने के बाद से ही उसके गुरुग्राम में छिपे होने की आशंका है। इसे देखते हुए क्राइम ब्रांच अलर्ट मोड पर है, विकसित हो रहे सेक्टरों की सोसाइटियों में दबिश भी दी जा रही हैं।
दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम में मारपीट के दौरान पहलवान की हत्या मामले में फरार चल रहे ओलंपिक पदक विजेता सुशील पहलवान को लेकर गुरुग्राम पुलिस भी अलर्ट मोड पर है। जिला एनसीआर का ऐसा स्पॉट है, जहां आस-पास के राज्यों के गैंगस्टर आकर छिपते हैं। पहले भी ऐसे कई मामले सामने आए हैं। ऐसे में उन्हें शक है कि सुशील यहां आकर छिप सकता है। खास तौर पर नए गुरुगांव के विकसित हो रहे सेक्टरों की सोसाइटियों में नजर रखी जा रही है। गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद सुशील की गुरुग्राम में तलाश और तेज हो गई है।
पहलवान सुशील के मामले में भी लगातार नजर बनाए हुए हैं। दिल्ली पुलिस को हर संभव मदद देने के लिए भी तैयार हैं।
- प्रीतपाल, एसीपी क्राइम