दिल्ली निगम उपचुनावः आप ने छीनी भाजपा की दो सीटें, कांग्रेस में जागी उम्मीद की लौ, भाजपा करेगी मंथन
- पांच सीटों में से चार पर आप का कब्जा, आप ने दो सीटें भाजपा से छीनी और एक गवाई, कांग्रेस रही आगे
- निगम के आम चुनाव से पहले हुए उपचुनाव में आप ने हासिल किया 46.10 फीसदी वोट
- चौहान बांगर वार्ड को कांग्रेस ने सबसे अधिक अंतर से दर्ज की जीत
विस्तार
नगर निगम उपचुनाव की चार सीटें जीतकर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में अपना दबादबा कायम रखा है। आप ने इसमें से दो सीटें भाजपा से छीनी हैं। वहीं, एक सीट जीतकर कांग्रेस ने भी उम्मीद की लौ जलाई है। अपनी दो सीटें गंवाकर भाजपा सबसे घाटे में रही है। दोनों सीटें भाजपा का गढ़ मानी जाती रही हैं।
निगम उपचुनाव में मिली कामयाबी को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने काम की राजनीति की जीत बताया है। जबकि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अनिल चौधरी का कहना है कि अभी दिल जीता है, एमसीडी के आम चुनाव में दिल्ली भी जीतेंगे। दूसरी तरफ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने अपनी शिकस्त स्वीकार करते हुए बेहतर रणनीति से 2022 के एमसीडी आम चुनाव में उतरने की बात कही है।
इससे दिल्ली में 28 फरवरी का दिल्ली के रोहिणी सी, त्रिलोकपुरी, कल्याणपुरी, शालीमार बाग व चौहान बांगड़ में उपचुनाव हुए थे। निगम के 2017 आम चुनाव में इसमें से तीन सीटें आप व दो सीटें भाजपा के पास थीं। उपचुनाव में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया है। जबकि पहले आप के पास रही चौहान बांगड़ सीट पर कांग्रेस ने कब्जा किया है।
दूसरी तरफ आम चुनाव में भाजपा के खाते में रहीं शालीमार बाग और रोहिणी सी सीट के साथ त्रिलोकपुरी और कल्याणपुरी सीट आप के खाते में गई है। नतीजों के बाद से आप मुख्यालय में खुशी का माहौल रहा। दफ्तर में पहुंचकर केजरीवाल ने दिल्लीवालों को बधाई दी। वहीं, भाजपा कार्यालय पर सन्नाटा पसरा नजर आया।
मतगणना के लिए बनाए गए पांच केंद्रों पर सुबह आठ बजे से गिनती शुरू हुई। शुरुआत से ही चार सीटों पर आप के प्रत्याशी आगे चल रहे थे। दूसरी ओर, पूर्वी दिल्ली के चौहान बांगर वार्ड में कांग्रेस ने भारी मतों के अंतर बनाना शुरू कर दिया था।
पूर्वी दिल्ली के तीन सीटें कल्याणपुरी और चौहान बांगड़ वार्ड में नौ-नौ राउंड और त्रिलोकपुरी वार्ड में 10 राउंड की मतगणना हुई। उत्तरी निगम की दो वार्ड रोहिणी सी में 12 व शालीमार बाग में 10 राउंड की मतगणना की गई।
सुबह 10 बजे तक सबसे पहले कल्याणपुरी वार्ड की तस्वीर साफ हुई और आप की ओर से धीरेंद्र कुमार ने खाता खोला। इसके बाद सुबह 11 बजे तक त्रिलोकपुरी से आप प्रत्याशी विजय कुमार, रोहिणी सी से आप प्रत्याशी राम चंद्र और शालीमार बाग से आप प्रत्याशी सुनीता मिश्रा ने जीत दर्ज की।
इसके बाद चौहान बांगर से कांग्रेस की ओर से चौधरी जुबैर अहमद जीत हासिल कर निगम चुनाव में पार्टी की सियासत को जारी रखने में सफल रहे। मुसलिम बहुल इलाके में शामिल और दिल्ली दंगे का दंश झेल चुके इस वार्ड में कांग्रेस ने पांचों वार्डों में सबसे अधिक मतों के अंतर 10,642 से विपक्षी पार्टियों को पछाड़ा। इतस चुनाव में आप के खेमें में वोट प्रतिशत 46.10 फीसदी रहा है। वहीं, भाजपा 27.29 और कांग्रेस 21.84 फीसदी पर वोट समेटने में कामयाब रही है।
आंकड़ों की तालिका:
आप त्रिलोकपुरी विजय कुमार 12845 4986
आप रोहिणी-सी राम चंद्र 14328 2985
आप शालीमार बाग सुनीता मिश्रा 9764 2705
आप कल्याणपुरी धीरेंद्र कुमार 14302 7043
कांग्रेस चौहान बांगर चौ. जुबैर अहमद 16203 10642
वोट फीसदी-2021
पार्टी कुल वोट प्रतिशत
आप 56,800 46.10
कांग्रेस 26,907 21.84
भाजपा 33,625 27.29