फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Delhi ›   Delhi: Before monsoon, storm and rain showed trailer, trees fell and jammed

दिल्ली : मानसून से पहले आंधी-बारिश ने दिखाया ट्रेलर, पेड़ गिरे और लगा जाम

Tue, 24 May 2022 01:31 AM IST
Noida Bureau नोएडा ब्यूरो
Updated Tue, 24 May 2022 01:31 AM IST
विज्ञापन
Delhi: Before monsoon, storm and rain showed trailer, trees fell and jammed
दिल्ली में बारिश के बाद हुए जलभराव के कारण ई-रिक्शा से गिरी महिला को उठाता युवक। - फोटो : Ashram
नई दिल्ली। मानसून से पहले पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से सोमवार सुबह तेज हवाओं के साथ बारिश ने सामान्य जनजीवन को प्रभावित कर दिया। बारिश के कारण जगह-जगह जलभराव होने और पेड़ गिरने से सप्ताह के पहले कार्य दिवस पर लोगों को जाम का सामना करना पड़ा। पानी निकलने व पेड़ हटाने के बाद ही हालात सामान्य हो सके। वहीं बारिश ने निगम प्रशासन की मानसूनी बारिश से निपटने की तैयारियों की पोल खोल दी। उधर, आंधी और बारिश का असर 100 से अधिक विमान सेवाओं पर भी पड़ा।
विज्ञापन

दिल्ली में रविवार शाम 5.30 बजे सोमवार शाम तक 12.6 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। जबकि आयानगर में सुबह 8.30 बजे तक सर्वाधिक 52.2 एमएम, नजफगढ़ में 29 एमएम, पालम में 27.6 एमएम और लोदी रोड इलाके में 13.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। बारिश की वजह से यातायात प्रभावित हुआ। 60-90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं से अलग-अलग जगह करीब 80 पेड़ गिर गए। इसके अलावा छत और दीवार गिरने की अलग-अलग घटनाओं में करीब दस लोग घायल हो गए।
विज्ञापन

नगर निगम समेत दूसरी संबंधित एजेसियों का कहना है कि बारिश की वजह से करीब सौ इलाकों में जलभराव हुआ। वहीं, करीब 100 जगह से पेड़ गिरने की रिपोर्ट मिली है। इनमें नई दिल्ली समेत राजधानी के ज्यादातर इलाके शामिल है। न्यू मोती बाग में एक कार पर पेड़ गिर गया। हादसे में कार में सवार लोग बाल-बाल बच गए। पुल प्रहलादपुर अंडरपास में जलभराव होने से एक ट्रक फंस गया, जबकि दिल्ली कैंट और धौला कुआं के पास सड़क पर पेड़ गिर गए। राजधानी के तीनों स्थानीय निकायों के अनुसार उनके इलाकों में सौ से अधिक स्थानों पर जलभराव एवं पेड़ गिरने की शिकायत दर्ज कराई गई। तेज आंधी के कारण पेड़ उखड़ गए और पेड़ों की टहनियां टूट गईं।
विज्ञापन
विज्ञापन

नई दिल्ली क्षेत्र में करीब 35 पेड़ टूट गए। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। उधर, नई दिल्ली पालिका परिषद (एनडीएमसी) की टीम सुबह से ही टूटे पेड़ों को हटाती दिखीं। दोपहर बाद तक अधिकतर जगहों से पेड़ हटा लिए गए थे, लेकिन कुछ पेड़ काफी बड़े थे, इसलिए उन्हें हटाने का कार्य जारी है। एनडीएमसी के मुताबिक बारिश के दौरान कहीं भी जलभराव नहीं हुआ और ही बिजली की आपूर्ति प्रभावित हुई। टूटे पेड़ों में कुछ पुराने पेड़ भी हैं, जिन्हें हटाने का काम चल रहा है।
वाहन चालक हुए परेशान
तेज हवाएं और बारिश के कारण लोगों को सड़कों पर जाम से जूझना पड़ा। दिल्ली यातायात पुलिस के मुताबिक बारिश के बाद पुल प्रहलादपुर रेलवे अंडर पास को बंद कर दिया गया। जबकि अन्य कई जगहों पर जल जमाव के दौरान यातायात को परिवर्तित करना पड़ा। राजेंद्र नगर, लालकिला, गोल डाकखाना के पास पेड़ गिरने से यातायात बाधित रहा। वहीं दिलशाद गार्डन जीटी रोड, कश्मीरी गेट के पास जल जमाव होने से जाम लग गया।
---------------
नगर निगम के इलाके में 60 से अधिक जगह गिरे पेड़
नगर निगम के इलाके में बारिश एवं आंधी के दौरान 60 से अधिक जगह पेड़ गिरने की शिकायत दर्ज कराई गई। पुल प्रहलादपुर, डिफेंस कॉलोनी,सनलाइट कालोनी, लाजपत नगर, न्यू फ्रेंड्स कालोनी, कोटला मुबारक पुर, ओखला फेज-एक, सरिता विहार, दयानंद कालोनी, एंड्रयूज गंज, अमृतपुर गढ़ी, सफदरजंग एन्क्लेव, मुनिरका, असोला हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, मालवीय नगर, सीआर पार्क, वसंत विहार, खेल गांव, महरौली, चिराग दिल्ली, अम्बेडकर कॉलोनी छतरपुर, राजौरी गार्डन, बेरी वाला बाग, जनकपुरी, चाणक्य प्लेस, मायापुरी, उत्तम नगर, समसपुर खालसा, द्वारका सेक्टर-16, सागरपुर, ककरौला, पंडवाला कलां, ढांसा गांव, छावला, पोचनपुर, पालम आदि जगह पेड़ गिर गए।
आंधी में कई जगह तिरंगा झंडा फटा
आंधी एवं बारिश के कारण कई जगह लगा तिरंगा झंडा फट गया। इन स्थानों में राजघाट, धौला कुंआ, दिलशाद गार्डन, लाजवंती चौक आदि शामिल है। दिल्ली सरकार देश की आजादी के अमृत महोत्सव के सिलसिले में 500 स्थानों पर बड़े-बड़े तिरंगे झंडे लगा रही है और सौ से अधिक स्थानों पर झंडे लगा दिए गए हैं।
---------------
कई इलाकों में दीवार गिरी, एक दर्जन लोग घायल
नई दिल्ली। बारिश व आंधी की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में दीवार और निर्माणाधीन इमारत गिरने से एक दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। नरेला की गौतम कॅालोनी में तीन मंजिला निर्माणाधीन इमारत की दीवार पास के घर की छत पर गिर गई। इससे दूसरे मकान की छत टूट गई। हादसे में आठ महीने के मासूम समेत पांच लोग घायल हो गए।
इसी तरह ज्वालापुरी में दीवार गिरने से तीन लोग मामूली रूप से घायल हो गए।शंकर रोड पर एक दीवार गिरने से दो लोग मामूली रूप से घायल हो गए। दोनों को राममनोहर लोहिया अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। मोती नगर में भी तीन लोग घायल हो गए। तीनों को आचार्य भिक्षु अस्पताल में ले जाया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नरेला में घायलों की पहचान अमित कुमार, उसकी पत्नी कामनी देवी बेटे आर्यन और अंश के रूप में हुई है। बेटी को मामूली चोट लगी थी। पुलिस ने लापरवाही का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।
----------
100 से अधिक उड़ानें प्रभावित, 19 विमानों को डाइवर्ट किया
- खराब मौसम की वजह से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर यात्रियों को परेशान होना पड़ा
- एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने सुबह 6:30 बजे से करीब 9 बजे तक विमानों को एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं दी
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। तेज रफ्तार हवा और आंधी की वजह से सोमवार सुबह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर 100 से अधिक उड़ानें प्रभावित हुईं। खराब मौसम के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोलर ने 19 विमानों को दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने की इजाजत नहीं दी। ऐसे में इन्हें जयपुर, लखनऊ, इंदौर, अमृतसर और मुंबई के लिए डाइवर्ट कर दिया।

सुबह करीब साढ़े छह बजे से 10 बजे तक एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही प्रभावित हुई। हालांकि बाद में परिचालन सामान्य हो गया। 13 विमानों को जयपुर, 2 को लखनऊ और एक विमान को अमृतसर व शेष को अन्य शहरों की तरफ मोड़ा गया। दिल्ली एयरपोर्ट के आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर 6:28 बजे ट्वीट किया गया कि यात्री अपनी फ्लाइट की स्थिति पता करके ही एयरपोर्ट पहुंचे। खराब मौसम के कारण विमान सेवा का संचालन प्रभावित हो रहा है। विमान सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को घंटों एयरपोर्ट पर इंतजार करना पड़ा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed