{"_id":"6495ffef71d955f27f0df75d","slug":"delhi-audit-report-reveals-delhi-s-coaching-institutes-are-not-safe-2023-06-24","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Delhi: ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा- सुरक्षित नहीं हैं दिल्ली के कोचिंग संस्थान, 130 इमारतों की जांच, हरेक में खामी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Delhi: ऑडिट रिपोर्ट में खुलासा- सुरक्षित नहीं हैं दिल्ली के कोचिंग संस्थान, 130 इमारतों की जांच, हरेक में खामी
Sat, 24 Jun 2023 03:47 AM IST
दुष्यंत शर्मा
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
अमर उजाला नेटवर्क, नई दिल्ली
Published by: दुष्यंत शर्मा
Updated Sat, 24 Jun 2023 03:47 AM IST
सार
दिल्ली अग्निशमन विभाग के फायर ऑडिट रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। मुखर्जी नगर में कोचिंग संस्थान में आग लगने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर अग्निशमन विभाग ऑडिट कर रही है। 21 जून से शुरू हुई ऑडिट में विभाग ने अब तक 130 इमारतों की जांच की है।
विज्ञापन
demo pic...
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
दिल्ली में चल रहे कोचिंग संस्थान सुरक्षित नहीं हैं। दिल्ली अग्निशमन विभाग के फायर ऑडिट रिपोर्ट में इस बात का खुलासा हुआ है। मुखर्जी नगर में कोचिंग संस्थान में आग लगने के बाद दिल्ली हाईकोर्ट के आदेश पर अग्निशमन विभाग ऑडिट कर रही है। 21 जून से शुरू हुई ऑडिट में विभाग ने अब तक 130 इमारतों की जांच की है। इनमें यूपीएससी, सीए, एसएससी सहित अन्य प्रतियोगिता परीक्षा के लिए कोचिंग सेंटर चलाए जा रहे हैं। शुरुआती रिपोर्ट में कहा गया है कि किसी भी इमारत में आग पर काबू पाए जाने के समुचित इंतजाम नहीं हैं और इन इमारतों में कोई न कोई खामी है।
विज्ञापन
अग्निशमन विभाग के अधिकारी का कहना है कि फायर ऑडिट के दौरान शुक्रवार को भी इमारतों की जांच की गई। तीन दिन में विभाग ने कुल 130 इमारतों की जांच की है। जिसमें कोचिंग सेंटर चल रही है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने इन इमारतों में आग से बचाव के इंतजामों की जांच की। जिसमें एक भी इमारत ऐसी नहीं मिली जिसमें आग से बचाव के उपाय किए गए हों।
विज्ञापन
सूत्रों का कहना है कि कुछ इमारतों में आग बुझाने वाले उपकरण मिले हैं लेकिन यह काफी पुराने हैं। जहां उपकरण लगे भी मिले वहां काम करने वालों को उपकरण चलाने का प्रशिक्षण नहीं दिया गया है। किसी किसी इमारत में सीढि़यां काफी संकरी है। आग लगने की स्थिति में यहां से छात्र छात्रों का निकलना काफी मुश्किल होगा। ज्यादातर इमारतों में भीतर जाने और आने के एक ही रास्ता है।
विज्ञापन
अधिकारी ने बताया कि विभाग दिल्ली के मुखर्जी नगर, लक्ष्मी नगर, जनकपुरी, कराेलबाग और कालू सराय में स्थित इमारतों में ऑडिट कर रही है। जहां ज्यादातर इमारतों में कोचिंग सेंटर चल रहा है। अधिकारी का यहां तक कहना है कि जिसको जहां जगह मिला वहीं नियम को ताक पर रखकर वह कोचिंग सेंंटर चला रहा है। उन्होंने कहा कि सिविक एजेंसी से उन इमारतों की जानकारी मांगी गई है, जहां कोचिंग सेंटर चलते हैं।
फिलहाल अग्निशमन विभाग इन इलाकों मेें लगे कोचिंग सेंटरों के बोर्ड के आधार पर इमारतों की जांच कर रही है। अधिकारी का कहना है कि सिविक सेंटर से इमारतों की जानकारी मिलने के बाद ऑडिट प्रक्रिया में तेजी आएगी। फिलहाल अग्निशमन विभाग की कई टीम शनिवार और रविवार को भी कई इलाकों में इमारतों की ऑडिट करेगी।