{"_id":"617faf4aed9249650672948b","slug":"delhi-aqi-expected-to-be-in-poor-category-till-nov-4-says-imd-scientist","type":"story","status":"publish","title_hn":"दिल्ली: दिवाली पर रेड जोन में पहुंच सकता है वायु का स्तर, एनसीआर में सबसे खराब रही गाजियाबाद की हवा ","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
दिल्ली: दिवाली पर रेड जोन में पहुंच सकता है वायु का स्तर, एनसीआर में सबसे खराब रही गाजियाबाद की हवा
Mon, 01 Nov 2021 02:41 PM IST
प्राची प्रियम
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
अमर उजाला ब्यूरो, नई दिल्ली
Published by: प्राची प्रियम
Updated Mon, 01 Nov 2021 02:41 PM IST
सार
चार नवंबर तक दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 'खराब' श्रेणी में ही रहेगा। पटाखों और उत्तर पश्चिमी हवाओं के कारण पांच और छह नवंबर को यह 'बहुत खराब' श्रेणी में जा सकता है।
विज्ञापन
दिल्ली
- फोटो : ANI
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिवाली से पहले हवा की गुणवत्ता लगातार बिगड़ रही है। बीते 24 घंटे में गुरुग्राम को छोड़कर एनसीआर के सभी शहरों की हवा का स्तर बहुत खराब श्रेणी में दर्ज हुआ है। सबसे खराब हवा गाजियाबाद की 363 औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक के साथ दर्ज की गई है। अगले 24 घंटे में हवा की गुणवत्ता में अधिक बदलाव की संभावना नहीं है।
विज्ञापन
सफर इंडिया के मुताबिक, बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में 3971 पराली जलने की घटनाएं दर्ज की गई हैं, लेकिन इसकी प्रदूषण में सिर्फ सात फीसदी हिस्सेदारी रही है। इसकी प्रमुख वजह हवा की दिशा को माना जा रहा है। हवाओं की दिशा जब उत्तर व उत्तर-पश्चिम की ओर होती है तो पराली का अधिक धुआं दिल्ली पहुंचता है, जबकि इस समय हवाओं की दिशा पश्चिम व दक्षिण-पश्चिम की ओर बनी हुई है। हवा में पीएम 10 का स्तर 256 व पीएम 2.5 का स्तर 128 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
विज्ञापन
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 281 रहा। इससे एक दिन पहले यह 289 रहा था। वहीं, फरीदाबाद का एक्यूआई 327, गाजियाबाद का 363, ग्रेटर नोएडा का 306, गुरुग्राम का 241 व नोएडा का 301 एक्यूआई रहा।
विज्ञापन
दिवाली पर रेड जोन में पहुंच सकता है हवा का स्तर
लगातार खराब होती हवा को देखते हुए पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय की वायु गुणवत्ता प्रारंभिक चेतावनी प्रणाली का पूर्वानुमान है कि दिवाली पर हवा का स्तर रोड जोन में पहुंच सकता है। दिवाली की रात को राजधानी में पीएम 2.5 और पीएम 10 का स्तर क्रमश: 250 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर और 398 माइक्रोग्राम प्रति क्यूबिक मीटर तक बढ़ने की संभावना है। जबकि, पीएम 10 का स्तर 100 से कम व पीएम 2.5 का स्तर 60 से कम होने पर सुरक्षित श्रेणी में माना जाता है। विभाग के मुताबिक, दिवाली के बाद पांच और छह नवंबर को हवा की गुणवत्ता काफी खराब हो सकती है।
दिवाली से करवट लेने लगेगा मौसम
हल्की धूप व ठंडी सुबह-शाम वाला बना हुआ मौसम दिवाली से करवट लेना शुरू कर देगा। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि चार नवंबर से दिल्ली के अधिकतम व न्यूनतम तापमान में एक-एक डिग्री सेल्सियस की कमी आना शुरू होगी। इससे सर्दी का हल्का अहसास बढ़ने लगेगा। मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से एक अधिक 31.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान सामान्य से दो कम 13.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 37 से 93 फीसदी रहा। विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे में अधिकतम पारा 30 व न्यूनतम पारा 15 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। चार नवंबर से तापमान में कमी आना शुरू होगी और सुबह-शाम हल्की सर्दी का अहसास बढ़ने लगेगा। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पहाड़ों पर बर्फबारी का दौर शुरू हो रहा है। इससे आने वाले दिनों में सर्द हवाओं के साथ ठंडक बढ़ेगी।
तापमान
अधिकतम तापमान-30 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान-15 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 5:36 बजे
सूर्योदय का समय: 6:34 बजे
दिनभर मौसम साफ रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रह सकता है। हवा की रफ्तार मध्यम रहेगी। साथ ही प्रदूषण से भी हल्की राहत मिल सकती है।